×

जानिए अपना राशिफल, कैसा रहेगा आपका आने वाला समय

Manoj Dwivedi
Published on: 11 Jun 2018 2:16 PM GMT
जानिए अपना राशिफल, कैसा रहेगा आपका आने वाला समय
X

मेष

यह सप्ताह मेष राशि वाले जातकों के लिए व्यस्तताओं से भरा रहेगा। आपको अपने पारिवारिक जीवन तथा कार्यक्षेत्र में तालमेल बैठा कर चलना होगा। एक ओर जहां आप अपने कार्य क्षेत्र में व्यस्त रह सकते हैं। वहीं दूसरी ओर परिजन भी आपसे समय की मांग कर सकते हैं। पारिवारिक जीवन सामान्य रूप से चलेगा लेकिन घर में किसी के प्रति भी दुर्भावना ना रखें। यदि कोई गलतफहमी उत्पन्न भी हो तो उसे तुरंत दूर कर लें। दूसरी ओर कार्य क्षेत्र में कंट्रोवर्सी से दूर रहें और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति लापरवाही ना बरतें। छोटे भाई-बहन प्रसन्नचित रहेंगे और आपकी संवाद शैली में सुधार आएगाफ। जिसका प्रभाव आपके जीवन पर सकारात्मक रूप से पड़ेगा। सोशल मीडिया पर आप छाए रहेंगे। संतान ठीक रहेगी और विद्यार्थियों के लिए भी समय अच्छा होगा। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह मिला-जुला असर लेकर आया है। पारिवारिक तनाव के कारण आपके रिश्ते में भी कुछ परेशानियां आ सकती हैं। इसलिए ध्यान रखें कि अपने साथी को पर्याप्त समय दें और उन्हें समझें। यदि आप विवाहित हैं तो जीवन साथी के प्रति आप प्रेम का प्रदर्शन करेंगे और जीवन साथी भी आपको पर्याप्त सहयोग प्रदान करेगा। आपका रिश्ता मधुर बनेगा।

वृष

इस सप्ताह आप के ख़र्चों में वृद्धि होने की संभावना है, हालांकि जैसे-जैसे दिन गुजरेंगे खर्च स्वतः ही कम हो जाएंगे। इस अवधि में कुछ अप्रत्याशित हानि होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर आप कुछ धन जमा कर पाने में भी सक्षम होंगे। अपनी मीठी वाणी से आप सब का मन मोह लेंगे और अपनी बात से ही अपने काम बना लेंगे। इस सप्ताह आप के अंदर अहम की अधिकता हो सकती है इसे नियंत्रण में रखना आवश्यक होगा। कार्यक्षेत्र में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी और आपको अधिक परिश्रम करना होगा। किसी बात को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से संघर्ष हो सकता है। संतान आनंद महसूस करेगी और विद्यार्थी भी अपने ज्ञान में वृद्धि के लिए प्रयासरत रहेंगे। कुछ एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटीज में भी भाग लेंगे। पारिवारिक जीवन आनंदमय रहेगा। प्रेम संबंधी मामलों के लिए यह सप्ताह अनुकूलता लिए हुए है। आपका समय और पराक्रम प्रेम संबंधों में लगेगा और परिणामस्वरुप आपके रिश्ते में प्रेम की वृद्धि होगी। आप दोनों साथ में कहीं घूमने-फिरने अथवा मित्रों के साथ मिलने जा सकते हैं। किसी भी टकराव को ना होने दें, उसे टाल दे। यदि आप विवाहित हैं तो जीवनसाथी से कुछ मनमुटाव हो सकता है हालांकि जीवनसाथी के माध्यम से आपको कोई शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है।

मिथुन

इस सप्ताह आर्थिक मामलों की प्रति संवेदनशील रहने की जरुत होगी। जहां एक ओर धन तथा आमदनी में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर कुछ अचानक से होने वाले खर्चे आपका वित्तीय बजट बिगाड़ सकते हैं। पारिवारिक जीवन शांतिपूर्ण रहेगा और कार्य क्षेत्र में भी आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे। जो लोग नौकरी बदलने के लिए प्रयास कर रहे हैं उन्हें सफलता प्राप्त हो सकती है। गर्म तथा अधिक मसालेदार भोजन से बचें अन्यथा शारीरिक कष्ट संभव है। संतान के लिए अच्छा समय है लेकिन उन्हें भी कोई शारीरिक परेशानी हो सकती है। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में थोड़ा कम लगेगा। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहने के संकेत दे रहा है। आप दोनों एक दूसरे के प्रति स्नेह का भाव रखेंगे और रिश्ते में आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत रहेंगे। यदि आप प्रेम विवाह की दिशा में अग्रसर हैं तो इसमें आपको सफलता प्राप्त हो सकती हैं। यदि आप विवाहित हैं तो जीवन साथी को कोई तरक्की प्राप्त हो सकती है हालांकि उनका स्वास्थ्य खराब रह सकता है। इसके अतिरिक्त ससुराल पक्ष से कुछ परेशानी हो सकती है।

कर्क

कार्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों का लाभ मिलेगा और आप को पदोन्नति प्राप्त होने की संभावना है। इस सप्ताह आप के खर्चों में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हो सकती है इसलिए संयम के साथ धन का निवेश एवं वित्तीय नियंत्रण करें। पारिवारिक जीवन अच्छा व्यतीत होगा। आप अपने शत्रुओं पर हावी रहेंगे तथा कोर्ट-कचहरी आदि में आपको विजय प्राप्त होने की संभावना है। किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो उसमें भी सफलता मिलने की संभावना है। विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन समय है खूब मेहनत करेंगे। आपकी संतान ऊर्जावान रहेगी। भाई-बहनों के सहयोग से महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति होगी और धन लाभ होगा। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह सामान्य रहने की संभावना है। सूर्य की स्थिति प्रेम संबंधों में टकराव का कारण बन सकती है इसलिए धैर्य से काम लें और अपने मन पर छाए हुए प्यार के प्रभाव को अपने साथी के समक्ष अवश्य प्रकट करें तथा मर्यादित आचरण करें। यदि आप विवाहित हैं तो आपको संभल कर चलना होगा। मंगल और केतु की स्थिति के कारण दांपत्य जीवन में टकराव अथवा अलगाव की स्थिति आ सकती है।

सिंह

इस सप्ताह यात्रा के योग हैं। कार्यक्षेत्र में आप की स्थिति बेहतर होगी और आप मुख्यधारा में आएँगे। आमदनी में अच्छी वृद्धि होगी और आपकी अपने वरिष्ठ अधिकारियों और बड़े भाई-बहनों से खूब जमेगी। मित्रों के साथ घूमने-फिरने अथवा किसी पार्टी में जाने का योग बनेगा। कुल मिलाकर यह सप्ताह आनंददायक रहेगा। संतान कुछ अप्रसन्न रह सकती है। विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करनी होगी। आप विरोधियों पर भारी पड़ेंगे और पारिवारिक जीवन ठीक-ठाक चलता रहेगा। कोर्ट कचहरी में विजय मिलने की संभावना है। प्रेम संबंधों के लिहाज से यह सप्ताह सामान्य है। यदि आप अपने रिश्ते में वफादार हैं तो सब कुछ ठीक रहेगा अन्यथा किसी बात को लेकर आप दोनों के बीच तालमेल का अभाव देखा जा सकता है। अपनी बातों से आप अपने साथी को मना पाने में सक्षम होंगे। यदि आप विवाहित हैं तो आपके लिए अच्छा समय है। जीवनसाथी से संबंध सुधरेंगे और उनकी तरक्की से आपको भी लाभ होगा।

कन्या

सप्ताह की शुरुआत में कुछ मानसिक तनाव रह सकता है लेकिन धीरे-धीरे स्थिति में सुधार होगा।आपका मन धार्मिक आचरण में लगेगा और परिणामस्वरुप आप कुछ धार्मिक क्रियाकलापों में सक्रिय रुप से भाग लेंगे जिससे आप के मान-सम्मान में भी वृद्धि होगी। पिताजी से किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है इसलिए ध्यान पूर्वक कार्य करें। कार्य क्षेत्र के लिए अच्छा समय है आप अपनी हाजिर जवाबी से सबको प्रभावित करेंगे। यदि आप व्यवसाय करते हैं तो उसमें भी अच्छी सफलता मिलने के योग हैं। परंतु आपकी व्यस्तता परिवार से कुछ दूरी बना सकती है जिस कारण परिवार में कुछ अशांति का माहौल रह सकता है। आपकी संतान को कुछ शारीरिक कष्ट संभव है। विद्यार्थियों को मिश्रित परिणाम मिलेंगे। इस सप्ताह आपकी आमदनी में वृद्धि होगी। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह उतार-चढ़ाव से भरा रह सकता है। एक ओर जहां आपके रिश्ते में प्यार और रोमांस की वृद्धि होगी। वहीं दूसरी ओर इसी प्यार में तकरार भी संभव है और ऐसा किसी मित्र अथवा किसी गलतफहमी के कारण हो सकता है। यदि आप विवाहित हैं तो समय आपके लिए अच्छा है जीवन साथी का सहयोग, समर्पण और प्रेम आपको प्राप्त होगा।

तुला

मानसिक स्थिति अच्छी होने से आप बेहतर निर्णय ले पाने में सक्षम होंगे और इन फैसलों के कारण आप को उचित सम्मान प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र में थोड़ा संभल कर चलें और किसी भी प्रकार की कंट्रोवर्सी में ना पड़ें, साथ ही गॉसिपिंग से भी दूर रहें, अन्यथा आपको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक जीवन में कुछ अशांति रह सकती है अथवा आपकी माता जी को शारीरिक कष्ट संभव है। इस समय में आप कोई प्रॉपर्टी खरीदने का विचार भी बना सकते हैं। संतान पक्ष के लिए बेहतर समय है। विद्यार्थी वर्ग भी खूब मन लगाकर मेहनत करेंगे साथ-साथ छुट्टियों का भी आनंद उठाएंगे। इस सप्ताह आपकी आमदनी सामान्य रहेगी। कुछ अचानक खर्च आपके सामने आ सकते हैं। अपने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुकूल संबंध बनाकर रखें। आप किसी यात्रा पर भी जा सकते हैं। प्रेम संबंधों के लिहाज से यह सप्ताह मिश्रित परिणाम देने वाला होगा। ऐसी संभावना है कि सप्ताहांत में आपके जीवन में किसी का आगमन हो अथवा कोई अच्छा लगने लगे। यदि आप पहले से ही रिलेशनशिप में हैं तो समय अच्छा रहेगा और एक-दूसरे के साथ अपनी बातों को मन से साझा करें। यदि आप विवाहित हैं तो जीवनसाथी को उनके कार्य क्षेत्र में तरक्की प्राप्त हो सकती है। वहीं दूसरी ओर कुछ खटपट भी संभव है।

वृश्चिक

इस सप्ताह पारिवारिक जीवन के शांतिपूर्ण रहने की संभावना है। आप प्रॉपर्टी संबंधित किसी लाभ की अपेक्षा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में आपको उचित स्थान मिलेगा और यदि आप प्रयासरत हैं तो पदोन्नति भी संभव है। भाई-बहनों को किसी प्रकार की शारीरिक समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी तथा आप धार्मिक क्रियाकलापों पर धन खर्च कर सकते हैं। संतान के लिए समय मिश्रित परिणाम देने वाला है। विद्यार्थियों को गहन अध्ययन करने में आसानी होगी। अचानक से कुछ धन हानि के योग बन सकते हैं हालांकि आमदनी ठीक-ठाक रहने की संभावना है। विदेश जाने के इच्छुक लोगों की कामना पूरी हो सकती है। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह मिश्रित परिणाम देने वाला है। आप दोनों साथ में कहीं लॉन्ग ड्राइव पर घूमने और खाने पीने के लिए जा सकते हैं जिससे आपका रिश्ता और भी अच्छा होगा। हालांकि किसी मित्र को साथ में ना ले जाएं अन्यथा आप के रंग में भंग पड़ सकता है। यदि आप विवाहित हैं तो यह सप्ताह थोड़ा सा परेशानी वाला हो सकता है। क्योंकि संभव है कि आप और आपके जीवनसाथी के मध्य किसी बात को लेकर टकराव की स्थिति उत्पन्न हो इसलिए धैर्य से काम लें।

धनु

सप्ताह की शुरुआत में आप काफी प्रफुल्लित महसूस करेंगे और कुछ नया ज्ञान वर्धक सीखने हेतु प्रयासरत भी हो सकते हैं। आप अपनी किसी हॉबी को इंप्रूव करने के बारे में भी विचार करेंगे। पारिवारिक जीवन अच्छा रहेगा, वहीं यह सप्ताह कार्य क्षेत्र में भी आपको सफलता दिलाने वाला सिद्ध होगा। आपके विचारों को सराहा जाएगा। संतान के लिए समय अच्छा है वह जो कार्य करेंगे उसमें सफलता प्राप्त होगी। विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन समय है। प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता की संभावना बन रही है। आप स्वयं पर भी किसी प्रकार का खर्च कर सकते हैं तथा विदेशी संपर्कों से धन लाभ होने की संभावना है। वाणी में कड़वाहट बिल्कुल ना आने दे और सोच समझकर बोलें। प्रेम संबंधों की बात कि जाए तो इस सप्ताह समय आपके लिए अनुकूल है। इस अवधि में ना सिर्फ आपका रिश्ता मजबूत होगा बल्कि आपके रिश्ते में अपनेपन का भाव और बढ़ेगा। यदि आप विवाहित हैं तो जीवन साथी अपने मन की सभी बातें आपके समक्ष रखेगा, अतः आप को चाहिए कि उनकी बात को सुनें और पर्याप्त समर्थन भी दें।

मकर

इस सप्ताह पारिवारिक जीवन आनंददायक सिद्ध होगा। आप कोई प्रॉपर्टी अथवा घर खरीदने का विचार बना सकते हैं। माता जी के स्वास्थ्य में सुधार होगा और आप भी प्रसन्नचित रहेंगे। कार्य क्षेत्र के लिए भी समय अच्छा है। महिला सहकर्मियों से अच्छे संबंध बनाकर रखें किसी के प्रति दुर्भावना न रखें। संतान पक्ष के लिए मिला-जुला समय है उनकी सेहत का ध्यान अवश्य रखें। विद्यार्थियों के लिए यह समय छुट्टियों को एंजॉय करने का है, लेकिन साथ ही साथ थोड़ी पढ़ाई अवश्य करें। आप स्वयं में कुछ बदलाव महसूस कर सकते हैं यह बदलाव आपके व्यवहार में गुस्सा अथवा वृद्धता के कारण हो सकता है। इस सप्ताह वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह ज्यादा अनुकूल दिखाई नहीं दे रहा है। आप दोनों के बीच अहम का टकराव संभव है लेकिन आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि जहां प्यार होता है वहां सबसे पहले आपको अपने साथी को महत्व देना चाहिए। यदि आप विवाहित हैं तो समय मिला-जुला रहेगा। यदि आप स्वयं पर नियंत्रण रखेंगे तो एक-दूसरे के साथ सुखी दांपत्य जीवन का आनंद लेंगे।

कुम्भ

इस सप्ताह आप कम दूरी की यात्रा पर जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त आपके भाई- बहन विदेश भ्रमण की योजना बना सकते हैं। पारिवारिक जीवन में कुछ तनाव रह सकता है इसकी वजह यह होगी कि आप स्वयं को परिवार में सबसे ऊपर रखने का प्रयास करेंगे, इसलिए ऐसा करने से बचें। कार्य क्षेत्र में मेहनत करने का समय है, साथ ही कार्यक्षेत्र से संबंधित यात्रा की योजना भी बन सकती है। संतान पक्ष के लिए अच्छा समय है और वह प्रसन्न रहेगी हालांकि स्वास्थ्य कुछ खराब रह सकता है। विद्यार्थियों के लिए यह सुनहरा समय है। इस समय में आपकी स्मरण क्षमता में वृद्धि होगी। आपकी आमदनी में वृद्धि होगी लेकिन खर्च ज्यादा बढ़ सकते हैं इसलिए वित्तीय मामलों पर अधिक ध्यान दें। प्रेम संबंधों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहने की संभावना है। आपका साथी अपने मन की गांठें खोलेगा और अपनी हर बात आपके सामने रखेगा। अब आपको चाहिए कि आप उनकी बातों को स्वीकार करें और आप भी अपने मन को खोलकर उनसे जी भर कर बातें करें। यदि आप विवाहित हैं तो जीवनसाथी से संबंध सामान्य रहेंगे हालांकि बीच-बीच में आपका साथी क्रोधित हो सकता है।

मीन

इस सप्ताह आप अपने परिवार वालों को अच्छा समय देंगे। जिस कारण उनका मन प्रसन्न रहेगा और आपका पारिवारिक जीवन खिला-खिला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपको जमकर पसीना बहाना होगा। उत्तम आमदनी के योग बनेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों से आपको सहयोग प्राप्त होगा हालांकि वह किसी बात को लेकर आपसे गुस्सा भी हो सकते हैं इसलिए आपको उन्हें मनाना होगा। संतान पक्ष के लिए मिला-जुला समय है हालांकि आपके बच्चे खूब आनंद लेंगे और आपको भी प्रसन्न रखने का प्रयास करेंगे। विद्यार्थियों में एकाग्रता की कमी हो सकती है क्योंकि उनका मन बहुत सारे कार्यों में लगेगा। यह सप्ताह प्रेम संबंधों के लिए अच्छा रहेगा। आपको अपने किसी सहकर्मी से प्रेम हो सकता है। जहां एक ओर शुक्र और राहु की युति से आपके बीच प्यार बढ़ेगा। वहीं दूसरी ओर मंगल व केतु की स्थिति से कोई विवाद हो सकता है, इसलिए धैर्य पूर्वक कार्य करें और मर्यादित आचरण रखें। अपने साथी की इच्छा के विरुद्ध अपना कोई विचार उन पर थोपने का प्रयास ना करें। यदि आप विवाहित हैं तो जीवन साथी के माध्यम से पूर्ण सुख की प्राप्ति होगी और आपके रिश्ते मधुरता बढ़ेगी।

Manoj Dwivedi

Manoj Dwivedi

MJMC, BJMC, B.A in Journalism. Worked with Dainik Jagran, Hindustan. Money Bhaskar (Newsportal), Shukrawar Magazine, Metro Ujala. More Than 12 Years Experience in Journalism.

Next Story