×

Honey Singh पर लगे आरोप हैं सच? खुद सिंगर ने किया खुलासा, बताया पूरा मामला

Honey Singh: हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों की सफाई दी है। आइए आपको विस्तार से बताते हैं।

Ruchi Jha
Published on: 21 April 2023 7:49 AM GMT
Honey Singh पर लगे आरोप हैं सच? खुद सिंगर ने किया खुलासा, बताया पूरा मामला
X
Honey Singh (Image Credit: Instagram)

Honey Singh Latest Post: फेमस सिंगर-रैपर हनी सिंह अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस समय वह किसी और मामले को लेकर चर्चा में है। जी हां, सिंगर इस समय एक बड़ी परेशानी में फंस गए हैं। हाल ही में एक इवेंट ऑर्गेनाइजर ने हनी सिंह और उनकी टीम के खिलाफ किडनैपिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की शिकायत भी दर्ज करवाई है, जिसके बाद अब इस मामले में हनी सिंह का बयान सामने आया है।

हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर कर दी सफाई

दरअसल, हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे हुए इल्जामों को लेकर सफाई दी है। उन्होंने इस पोस्ट में लिखा, ''मेरे ऊपर की गई शिकायत और लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। मेरा और मेरी कंपनी का इस मामले से कोई भी कनेक्शन नहीं है, जो खबरें सुबह से मीडिया में दिखाई जा रही हैं। मैं मुंबई की एक कंपनी ट्राइब वाइब में परफॉर्म करने के लिए गया हुआ था, जो कि नामी कंपनी बुक माय शो की सिस्टर कंपनी है। मुझे इस इवेंट में परफॉर्म करने के लिए जितना समय दिया गया था मैंने उतना परफॉर्म किया है। इसके अलावा जो भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वो पूरी तरह से मेरी इमेज को खराब करने की मंशा से है। जिस किसी ने भी ऐसा किया है मेरी लीगल टीम पहले से ही उसके खिलाफ मानहानि का केस करने की तैयारी में है।''

फैंस ने हनी सिंह को किया सपोर्ट

हनी सिंह के इस पोस्ट के बाद उनके फैंस भी उनके सपोर्ट में आ गए हैं। सिंगर के फैंस उनका पूरा साथ दे रहे हैं। जहां एक यूजर ने कमेंट किया, 'हम आपके साथ हैं पाजी, हम जानते हैं यह एक फेक न्यूज है।' वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, 'मेरे किंग हम आपके साथ हैं।' एक ने कमेंट किया, 'पाजी हमें आप पर पूरा भरोसा है।'

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि एक इवेंट कंपनी के मालिक विवेक रवि ने हनी सिंह और उनकी टीम पर किडनैपिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। साथ ही उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज करवाई है। हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। इस बीच हनी सिंह के वर्क फ्रंट की बात करें, तो अभी हाल ही में उनका नया गाना रिलीज हुआ है और अब वह सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में गाना गाते हुए भी नजर आएंगे।

Ruchi Jha

Ruchi Jha

Next Story