×

Golden Globe Awards: 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स' क्या है? जानें इससे जुड़ा रोचक इतिहास..इस भारतीय को मिला था पहली बार

Golden Globe Awards: 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स' को 'ऑस्कर अवार्ड्स' के बाद फिल्म और मनोरंजन जगत का सबसे बड़ा अवॉर्ड माना जाता है। जानें 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स' के बारे में सब कुछ।

aman
Written By aman
Published on: 11 Jan 2023 9:57 AM GMT
Golden Globe Awards
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Golden Globe Awards: सिनेमा और मनोरंजन जगत के चाहने वालों की रुचि सिर्फ फिल्म देखने भर ही नहीं होती है। बल्कि, वो इससे जुड़े पुरस्कारों में भी इंटरेस्ट रखते हैं। फिल्म के दीवानों की नजर नए साल के शुरू होते ही देश-विदेश में आयोजित होने वाले सभी पुरस्कार समारोहों पर होती है। सिने प्रेमी ये जानने की चाहत रखते हैं कि किस कलाकार को सबसे बड़े सम्मान से नवाजा गया है? ऐसा ही एक पुरस्कार है 'गोल्डन ग्लोब अवार्ड' (Golden Globe Awards)। इस वर्ष भारतीयों के बीच इस अवार्ड की खूब चर्चा है।

दरअसल, पिछले साल यानी 2022 में रिलीज साउथ की फिल्म 'RRR' को ये सम्मान मिला है। आरआरआर ने देश के साथ-साथ विदेशों में भी अपना डंका बजाया है। एक्टर राम चरण (Ram Charan) और जूनियर एनटीआर (Jr. NTR) की फिल्म 'RRR' के गाने 'नाटू-नाटू' को 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स' में बेस्ट ओरिजिनल गाने (Golden Globe Awards: RRR Wins Best Original Song) के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।

क्या है 'Golden Globe Awards'?

इस अवार्ड पर फिल्मों के हर दीवाने की नजर रहती है। 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड' मिलना किसी भी फिल्म के लिए बड़े सम्मान की बात है। यह पुरस्कार हर साल पहले महीने में प्रदान किया जाता है। हालांकि, इसकी घोषणा इससे पहले ही हो जाती है। चर्चित अवार्ड होने के कारण इन अवार्ड समारोह को दुनिया भर में बड़े पैमाने पर देखा जाता है। अब सवाल उठता है 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड' इतना पॉपुलर क्यों है? बता दें, ऑस्कर पुरस्कार (Oscar Award) के बाद 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड' को फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े सबसे बड़े पुरस्कारों में गिना जाता है। यह अवार्ड 'हार्वर्ड फॉरेन प्रेस एसोसिएशन' (Harvard Foreign Press Association) यानी एचएफपीए की ओर से दिया जाता है। इसका उद्देश्य मनोरंजन जगत में उत्कृष्ट काम करने वालों को सम्मानित करना है। इसमें एक्टर, एक्ट्रेस, निर्देशक (Director), कामेडी कलाकार (Comedia) आदि तमाम फिल्म और टीवी से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया जाता है। इस अवार्ड के तहत एक ट्रॉफी दी जाती है। इस समारोह में फिल्मों सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी बड़ी हस्तियां भी शुमार होती हैं। पुरस्कार समारोह का आयोजन चकाचौंध के बीच होता है, जो 'टाक ऑफ द टाउन' (Talk of the Town) बनता है।

'ऑस्कर अवार्ड' के बाद सबसे बड़ा सम्मान

आपको बता दें, 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स' को ऑस्कर अवार्ड (Oscar Award) के बाद फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़ा सबसे बड़ा पुरस्कार माना जाता है। गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स का मकसद मनोरंजन जगत में बेमिसाल काम करने वालों का सम्मान करना है। इस अवार्ड में अभिनेता, अभिनेत्री, निर्देशक, फिल्म तथा टीवी की दुनिया से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया जाता है।

'गोल्डन ग्लोब' के लिए कैसे होता है चुनाव?

हर वर्ष नए साल के पहले महीने में 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड' समारोह आयोजित किया जाता है। इसके लिए विजेताओं के चयन की प्रक्रिया वोटिंग के आधार पर होती है। अमेरिकी और विदेशी पत्रकारों (Foreign Journalists) के इससे संबद्ध 93 सदस्यों का एक समूह इन पुरस्कारों के लिए मतदान करता है।

पहली बार कब हुआ था आयोजन?

हॉलीवुड फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (Hollywood Foreign Correspondents Association) अर्थात आज के हॉलीवुड फॉरेन प्रेस एसोसिएशन ने साल 1944 में पहली बार गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स समारोह का आयोजन किया था। इसकी शुरुआत 20th सेंचुरी फॉक्स (20th Century Fox) में अनौपचारिक समारोह के साथ हुई थी। तब, जेनिफर जोन्स (jennifer jones) को 'द सॉन्ग ऑफ बर्नाडेट' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसी को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का भी पुरस्कार दिया गया था। पॉल लुकास (Paul Lucas) को 'वॉच ऑन द राइन' के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिला था। पहली बार विजेताओं को सिर्फ स्क्रॉल दिए गए थे। मगर, 1945 में 'स्टैच्यू' डिजाइन किया गया। तब से सभी विजेताओं को 'स्टैच्यू' दिया जाने लगा।

'स्लमडॉग मिलेनियर' को मिला था गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड

भारतीय सिनेमा के सुप्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान (AR Rahman) को वर्ष 2009 की फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' (Slumdog Millionaire) के लिए सर्वश्रेष्ठ स्कोर श्रेणी में 'गोल्डन ग्लोब अवार्ड' दिया गया था। रहमान ये पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय थे। ये अवॉर्ड उन्हें स्लमडॉग मिलेनियर के लिए बेस्ट ओरिजिनल म्यूजिक स्कोर (Best Original Music Score) तैयार करने के लिए दिया गया था। इस फिल्म का एक गाना 'जय हो' भारत में जितना पसंद किया गया था, उतना ही विदेशों में भी हिट रहा था।

इस फिल्म ने जीते 7 'गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स'

हॉलीवुड फिल्म 'ला ला लैंड' (Hollywood movie 'La La Land') 2016 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने 7 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स जीते थे। दिलचस्प ये रहा कि ये फिल्म सात कैटेगरी में नॉमिनेट हुई थी। सातों श्रेणी में इस फिल्म ने बाजी मारी थी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story