×

Himachal by-election: कांग्रेस ने तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम किए जारी, अर्की पर अभी भी संशय

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव को लेकर कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में मंडी संसदीय क्षेत्र, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस ने टिकट के लिए एक-एक नाम तय हो गया है। सिर्फ अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए अभी संशय बना हुआ है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Deepak Kumar
Published on: 3 Oct 2021 10:23 AM GMT
Himachal By-Election
X

हिमाचल उपचुनाव। (Social Media)

Himachal by-election: हिमाचल प्रदेश में मंडी संसदीय क्षेत्र और 3 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव 30 अक्टूबर को होंगे और मतगणना 2 नवंबर को होगी। दरअसल, भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद मंडी के लिए उपचुनाव व 3 विधानसभा सीटों-जुब्बल कोटखाई (शिमला जिला), फतेहपुर (कांगड़ा जिला) और अर्की (सोलन जिला) क्रमश: भाजपा के नरिंदर ब्रगटा, कांग्रेस के सुजान सिंह पठानिया और छह बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेसी दिग्गज वीरभद्र सिंह के निधन के बाद खाली हो गए थे।

अर्की विधानसभा में फंसा पेच

राज्य में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, कांग्रेस ने मंडी संसदीय क्षेत्र, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने के लिए नाम लगभग तय कर दिए हैं, जबकि अर्की विधानसभा में अभी पेच फंसा है। इस बार उपचुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से पार्टी ने आवेदन आमंत्रित नहीं किए। इससे कई नेता मायूस हुए। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में मंडी संसदीय सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक रोहित ठाकुर और फतेहपुर से पूर्व मंत्री दिवंगत सुजान सिंह के बेटे भवानी सिंह का नाम तय कर हाईकमान को भेज दिया है।

वहीं, अर्की के उपचुनाव के लिए अभी तक किसी भी प्रत्याशी के नाम पर मोहर नहीं लगी है। यहां से राजेंद्र ठाकुर और संजय अवस्थी के नाम भेजे हैं, जिनमें से किसी एक को टिकट मिलेगा। बैठक के बाद पार्टी सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हाईकमान से मिलने दिल्ली रवाना हो गए हैं।

अर्की विधानसभा सीट पर ब्राह्मण और राजपूत के आधार पर टिकट दिया जाता है तो संजय अवस्थी बाजी मार सकते हैं। अगर ऐसा न हुुआ तो राजेंद्र ठाकुर के नाम पर हाईकमान विचार कर सकता है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों प्रतिभा सिंह केंद्रीय नेताओं खासकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से मिलकर पहले ही कह चुकी हैं कि उपचुनाव लड़ने को लेकर हाईकमान जो फैसला लेगा, वह मंजूर होगा।

उपचुनाव कांग्रेस के लिए सेमीफाइनल

सह प्रभारी संजय दत्त ने नेताओं से एकजुटता से चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा है। वहीं, पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि यह उपचुनाव कांग्रेस के लिए सेमीफाइनल है, जबकि अग्निहोत्री ने कहा कि उपचुनाव कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है।

धर्मशाला में आज तय हो जाएंगे भाजपा प्रत्याशियों के पैनल

धर्मशाला में रविवार को होने जा रही भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के पैनल तय हो जाएंगे। संभावित प्रत्याशियों का पैनल बनाकर इसे नई दिल्ली में संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story