×

सीजफायर उल्लंघनः पाक को मिला करारा जवाब, पड़ोसी के 6 सैनिक मारे गए

By
Published on: 19 Nov 2016 7:32 PM GMT
सीजफायर उल्लंघनः पाक को मिला करारा जवाब, पड़ोसी के 6 सैनिक मारे गए
X

जम्मूः एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन का करारा जवाब पाकिस्तान को मिला है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पड़ोसी देश के 6 सैनिक मारे गए हैं। पाकिस्तानी फायरिंग में बीएसएफ के दो जवान घायल हुए हैं। इस बीच, सीमा से सटे इलाकों में पाकिस्तान की लगातार गोलाबारी की वजह से स्कूलों को बंद करना पड़ा है।

पाकिस्तान को मिल रहा करारा जवाब

सेना ने इससे पहले 14 नवंबर को भिंबर सेक्टर में पाकिस्तान के 7 सैनिकों को मार गिराया था। शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से फायरिंग बंद थी। शनिवार को उसने फिर राजौरी के नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर और जम्मू के पल्लांवाला में भारतीय चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था। 120 एमएम के मोर्टार पाकिस्तान की ओर से दागे गए थे। इसका भारतीय जवानों ने तगड़ा जवाब दिया और पाकिस्तानी चौकियों पर सीधा निशाना लगाया गया।

आम नागरिक भी हो रहे घायल

पाकिस्तानी गोलाबारी से मकड़ी गांव की एक महिला घायल हुई। कलसियां और मकड़ी में मोर्टार गिरने से कई घरों को नुकसान पहुंचा। गोलाबारी से दहशत है और इसकी वजह से सीमा और एलओसी के पास के इलाकों में स्कूलों को बंद करना पड़ा। बता दें कि भारत की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तान की ओर से एलओसी और सीमा से सटे इलाकों पर गोले दागे जा रहे हैं।

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सेना से पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देने को कहा था। जिसके बाद भारतीय सेना ने तोपों से भी पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया था।

Next Story