×

Hottest Month July: क्या जल जाएगी धरती! 1 लाख 20 हजार साल में पहली बार भयंकर गर्मी, जुलाई ने तोड़े सारे रिकॉर्ड

Hottest Month July: पूरी दुनिया में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। UN और EU के मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि जुलाई महीना कई लाख सालों में सबसे गर्म महीना साबित हुआ है।

Archana Pandey
Published on: 28 July 2023 9:13 AM GMT
Hottest Month July: क्या जल जाएगी धरती! 1 लाख 20 हजार साल में पहली बार भयंकर गर्मी, जुलाई ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
X
Hottest Month July (Image- Social Media)

Hottest Month July: इस वक्त चीन से लेकर यूरोप, अमेरिका समेत दुनिया के कई हिस्‍सों में भयंकर गर्मी पड़ी रही है। इस गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। इसकी वजह से कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। अब जुलाई के तापमान को लेकर चौकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। जिसके अनुसार जुलाई में इतनी गर्मी 1,20,000 साल बाद पड़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक धरती के इतने सालों बाद जुलाई का महीना सबसे गर्म साबित हुआ है। यह रिपोर्ट संयुक्‍त राष्‍ट्रसंघ (यूएन) और यूरोपियन यूनियन (ईयू) के मौसम विभाग ने गुरुवार (27 जुलाई) को जारी की थी। इसे लेकर संयुक्‍त राष्‍ट्रसंघ (यूएन) के मुखिया एंटोनियो गुटेरेस ने भी चिंता जताई हैय़

कभी नहीं पड़ी इतनी गर्मी

यूएन मौसम विभाग (WMO) और यूरोपियन यूनियन की जलवायु परिवर्तन सेवा के वैज्ञानिकों ने कहा है कि इतनी भयानक गर्मी धरती पर कभी नहीं देखी गई है। जुलाई के अंत में इतनी ज्‍यादा गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड दिए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि जुलाई के पहले 23 दिनों के लिए औसत हवा का तापमान 16.95 डिग्री सेल्सियस या 62.51 फारेनहाइट है। जो साल 2019 में 16.63 डिग्री था। 2019 और 2023 दोनों में बेहद ज्यादा अंतर है। यह तापमान पृथ्वी पर लगभग 1,20,000 सालों का सबसे ज्‍यादा तापमान है।

वैज्ञानिकों ने कहा है कि जुलाई 2023 असाधारण तौर पर गर्मी के पुराने सारे तोड़कर एक नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। वैज्ञानिकों पेड़, मूंगा की चट्टानों और कई और स्रोतों से इकट्ठा किए गए आंकड़ों के आधार पर यह बात कह रहे है।

वैज्ञानिकों पहले से थी जानकारी

जलवायु वैज्ञानिकों का कहना है कि उन्हें पता था कि जुलाई एक रिकॉर्ड गर्म महीना होने वाला है। ये गर्मी तब तक पड़ेगी, जब तक जीवाश्म से बनने वाले फ्यूल जलते रहेंगे। आमतौर पर जुलाई के महीने में ग्लोबल टेम्परेचर 16C (61F) के आसपास होता है, जो बढ़कर 17C (63F) के करीब पहुंच गया है। इस महीने जुलाई का एवरेज ग्लोबल टेम्परेचर 1.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो सकता है।

चीन, अमेरिका और यूरोप परेशान

जुलाई की इस गर्मी का असर दुनिया भर में देखने को मिला है। हजारों पर्यटक ग्रीस के रोड्स पर लगी जंगल की आग में फंसे हुए हैं। अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम में लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। वहीं, उत्तर पश्चिमी चीन की एक बस्ती में तापमान 52.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इस तापमान ने चीन में गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

एंटोनियो गुटेरेस ने जताई चिंता

इसे लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का बयान सामने आया है। उन्होंने दुनिया को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग का युग खत्म हो गया है। अब हम ग्लोबल बॉइलिंग युग में आ चुके हैं। एंटोनियो गुटेरेस ने चिंता जताते हुए इस बढ़ते संकट से निपटने के लिए तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

Archana Pandey

Archana Pandey

Next Story