×

Air India Flight: विमान के बाथरूम में सिगरेट पीते पकड़ा गया अमेरिकी यात्री, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Air India Flight: क्रू मेंबर्स द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एक यात्री अपनी सीट से उठकर वॉशरूम में गया। फ्लाइट में स्मोकिंग की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद उसने टॉयलेट मे सिगरेट जलाई। जिसके बाद अलार्म बजने लगा।

Krishna Chaudhary
Published on: 12 March 2023 7:11 AM GMT
Air India Flight
X

Air India Flight (photo: social media )

Air India Flight: एयर इंडिया के अंतरराष्ट्रीय विमान पिछले कुछ समय से किन्हीं न किन्हीं वजहों से विवाद में रहे हैं। इसी कड़ी में एक और ताजा मामला सामने आया है। एयर इंडिया की एक फ्लाइट में क्रू मेंबर्स ने बाथरूम में एक यात्री को सिगरेट पीते हुए पकड़ा। यात्री अमेरिकी नागरिक बताया जा रहा है। जिस विमान में यह घटना घटी वह लंदन से मुंबई आ रही थी। घटना शनिवार 11 मार्च की बताई जा रही है।

आरोपी यात्री के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब आरोपी को विमान के बाथरूम में सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया, तब वह क्रू मेंबर्स पर चिल्लाने लगा। क्रू मेंबर्स उसे समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन वह नहीं माना और फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगा। अंत में उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया गया।

सिगरेट जलाते ही बजने लगा था अलार्म

क्रू मेंबर्स द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एक यात्री अपनी सीट से उठकर वॉशरूम में गया। फ्लाइट में स्मोकिंग की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद उसने टॉयलेट मे सिगरेट जलाई। जिसके बाद अलार्म बजने लगा। अलार्म के बजते ही हम फौरन टॉयलेट के पास गए और उन्हें सिगरेट पीते हुए पाया। हमारे मना करने पर वह चिल्लाने लगे और विमान में सवार अन्य यात्रियों से भी बहस करने लगे।

क्रू मेंबर के अनुसार, हमने उनसे अपनी सीट पर जाने के लिए कहा। लेकिन वह नहीं माने और विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश करने लगे। जिसके बाद हमने उनका हाथ-पैर बांधकर सीट पर बैठा दिया। इसके बाद वह अपना सिर पीटने लगा। विमान में मौजूद एक यात्री जो कि पेशे से डॉक्टर थे, उन्होंने उसका मेडिकल चेकअप किया। आरोपी यात्री का बैग खंगाला गया तो उसमें ई सिगरेट मिला।

आरोपी यात्री भारतीय-अमेरिकी है

मुंबई में फ्लाइट के लैंड होते ही क्रू ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम रामाकांत है और उसके बाद अमेरिका की नागरिकता है। 37 रामाकांत के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसके मेंटल हेल्थ की जांच भी करवा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि फ्लाइट में स्मोकिंग करने का मामला नया नहीं है। इसी महीने की पांच तारीख को अनिल मीना नामक पैसेंजर को एयर इंडिया की कोलकाता – दिल्ली फ्लाइट में स्मोक करते हुए पकड़ा गया था। इससे एक दिन पहले यानी 4 मार्च को इंडिगो की कोलकाता-बेंगलुरू फ्लाइट के टॉयलेट में एक युवती को स्मोक करते हुए पकड़ा गया था।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story