×

Hussain Obamas: ‘देश में कई हुसैन ओबामा’, असम CM हिमंत बिस्वा के बयान पर हुआ विवाद...क्या है पूरा विवाद?

Hussain Obamas: पीएम नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, जाति या धर्म के आधार पर भारत में कोई भेदभाव नहीं है। उनकी सरकार संविधान का पालन करती है, जो लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों पर आधारित है।

Aman Kumar Singh
Published on: 23 Jun 2023 4:29 PM GMT (Updated on: 23 Jun 2023 4:44 PM GMT)
Hussain Obamas: ‘देश में कई हुसैन ओबामा’, असम CM हिमंत बिस्वा के बयान पर हुआ विवाद...क्या है पूरा विवाद?
X
हिमंत बिस्वा सरमा और बराक ओबामा (Social Media)

Hussain Obamas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिकी की राजकीय यात्रा (PM Modi US Visit) के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (Barack Obama) के भारतीय मुस्लिम अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर एक बयान से सियासत गरमा गई है। भारतीय मुसलमानों की सुरक्षा पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी पर शुक्रवार (23 जून) को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Assam CM Himanta Biswa Sarma) ने कुछ ऐसा बोल दिया, जिस पर अब विवाद खड़ा हो गया है।

दरअसल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि, देश में कई 'हुसैन ओबामा' हैं और असम पुलिस (Assam Police) अपनी प्राथमिकताओं के आधार पर काम करेगी। उनके इस बयान को विपक्ष ने हाथों हाथ लिया। कांग्रेस पार्टी ने जोरदार हमला बोला।

आखिर क्या कहा था बराक ओबामा ने?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा (Former US President Barack Obama) ने 22 जून को समाचार चैनल CNN से बातचीत में कहा था कि, प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) को बहुसंख्यक हिंदू वाले भारत में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे पर बात करनी चाहिए। ओबामा ने कहा, अगर वह राष्ट्रपति होते तो प्रधानमंत्री मोदी से कहते कि अगर भारत में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा नहीं होती है, तो इसकी प्रबल संभावना होगी कि भारत अलग-थलग पड़ जाए।' ओबामा के इसी बयान के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगी। जिसमें से एक असम के मुख्यमंत्री का भी था।

महिला पत्रकार के ट्वीट से बढ़ा विवाद

दरअसल, एक महिला पत्रकार ने ट्वीट कर पूछा कि, 'क्या भावना को ठेस पहुंचाने के लिए ओबामा के खिलाफ गुवाहाटी में अभी तक FIR दर्ज की गई है? क्या असम पुलिस ओबामा को किसी फ्लाइट से उतारने और गिरफ्तार करने के लिए वाशिंगटन जा रही है?' माना जा रहा है ये ट्वीट स्पष्ट रूप से असम में विपक्षी नेताओं के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में उनकी टिप्पणियों को लेकर दर्ज की जा रही FIR होने की ओर इशारा कर रहा था।

हिमंत बिस्वा सरमा ने क्या दिया जवाब?

उस ट्विटर यूजर को जवाब देने के क्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने लिखा, 'भारत में ही कई हुसैन ओबामा हैं। वाशिंगटन जाने पर विचार करने से पहले उनकी देखभाल को प्राथमिकता देनी चाहिए। असम पुलिस हमारी अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार कार्य करेगी।'

सुप्रिया श्रीनेत ने कसा तंज

Twitter पर एक महिला जर्नलिस्ट ने बराक ओबामा (Barack Obama Statement) के बयान पर असम पुलिस के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जवाब दिया। जिसके बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत (Congress spokesperson Supriya Shrinate) ने उस पर तंज कसा। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, 'मेरे मित्र बराक अब हुसैन ओबामा हो गए!'

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story