×

Assam: राहुल गांधी से इस प्रकार बदला ले रहे हैं असम सीएम, चार कांग्रेस विधायक बदल चुके हैं पाला

Assam: भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब तक असम में रही तब तक मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और राहुल गांधी के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली।

Krishna Chaudhary
Published on: 15 Feb 2024 3:59 AM GMT
Assam CM himanta biswa sarma,  Rahul Gandhi
X

Assam CM himanta biswa sarma, Rahul Gandhi  (photo: social media )

Assam: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के बीच की अदावत जगजाहिर है। दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद से कहीं ज्यादा ‘मनभेद’ भी है। असम में कभी कांग्रेस के कद्दावर चेहरा रहे सरमा बीजेपी में शामिल होते ही गांधी परिवार खासकर राहुल गांधी पर अक्सर तीखा प्रहार करते नजर आते हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर 18 जनवरी को असम पहुंचे कांग्रेस सांसद ने सरमा को देश का सबसे ‘भ्रष्ट सीएम’ बताया था।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब तक असम में रही तब तक मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और राहुल गांधी के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। राहुल ने सीएम सरमा के परिवार के सदस्यों तक को नहीं बख्शा और उनपर भी भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता के इन हमलों का जवाब असम सीएम अब कांग्रेस में सेंध लगाकर दे रहे हैं। पार्टी के दो विधायकों ने भाजपा सरकार को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है।

असम सीएम का राहुल गांधी पर तंज

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के दो विधायकों के साथ आने की जानकारी देते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी लेकिन अब यह कांग्रेस तोड़ो यात्रा बन गयी है। असम कांग्रेस के 2 विधायकों - कमलाक्ष डे पुरकायस्थ और बसंत दास - ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों का समर्थन करने का निर्णय लिया है। असम कांग्रेस के 25 विधायकों में से, श्री शशि कांत दास और श्री सिद्दीक अहमद के सहित अब तक 4 विधायक हमारी विकास यात्रा में शामिल हो चुके हैं। बाकी 21 विधायक भी जल्द ही हमारे साथ जुड़ेंगे।

राहुल गांधी पर लगाया बड़ा आरोप

सीएम सरमा ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर असम पहुंचे राहुल गांधी पर एक बड़ा आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि जब राहुल गांधी असम आये थे, उन्होंने कांग्रेस के सारे विधायकों को अपनी आलीशान बस में बुलाकर, धमका कर कहा कि असम विधानसभा को चलने नहीं देना चाहिए। हमने भी उन्हें एक तोहफ़ा दिया। अब कांग्रेस के विधायक सरकार का समर्थन कर सदन को शांतिपूर्ण तरीक़े से चलने दे रहे हैं।

कई और विधायक बदलेंगे पाला ?

असम के संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने दावा किया कि आने वाले दिनों में कई और कांग्रेस विधायक पाला बदलेंगे। उन्होंने एक्स पर दोनों कांग्रेस विधायकों के बीजेपी के साथ आने का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, शशिकांत दास, सिद्दीकी अहमद, कमलाक्ष डे पुरकायस्थ और बसंत दास चार कांग्रेस विधायक हैं, जिन्होंने हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करने का निर्णय लिया है। आने वाले दिनों में कई और लोग भी हमारा समर्थन करेंगे।

बता दें कि कमलाक्ष डे पुरकायस्थ असम के उभरते हुए नेताओं में गिने जाते हैं। जिन्होंने यूथ कांग्रेस से अपना सफर शुरू करते हुए पार्टी में कई अहम पदों पर काम किया था। 2011 से वह लगातार चुनाव जीत रहे हैं। बीजेपी की लहर में भी उन्होंने करीमगंज उत्तर की सीट से अपनी जीत बरकरार रखी। पुरकायस्थ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी काफी एक्टिव थे। उनका भाजपा के साथ जाना असम कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story