×

Lok Sabha Election: BJP की 150 प्रत्याशियों की पहली सूची जल्द, PM मोदी, शाह जैसे दिग्गजों के नाम होंगे शामिल

Lok Sabha Election: पीएम मोदी के अलावा इस सूची में गुजरात की गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी शामिल हो सकता है।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 Feb 2024 3:10 AM GMT (Updated on: 25 Feb 2024 3:29 AM GMT)
Lok Sabha Election
X
पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह (सोशल मीडिया)

Lok Sabha Election: देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अगले महीने के दूसरे हफ्ते में किया जा सकता है मगर इससे पूर्व भाजपा 150 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने की कोशिश में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि पार्टी की पहली सूची में कमजोर सीटों के साथ ही कई दिग्गज उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जा सकता है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की 29 फरवरी को महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक के बाद पार्टी की ओर से 150 प्रत्याशियों की पहली सूची का ऐलान किया जा सकता है।

पार्टी की पहली सूची में ही उत्तर प्रदेश की वाराणसी संसदीय सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का ऐलान किए जाने की संभावना है। पीएम मोदी के अलावा इस सूची में गुजरात की गांधीनगर सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र की नागपुर सीट से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का नाम भी शामिल हो सकता है। इसके साथ ही पार्टी उन कमजोर सीटों पर भी अपने पत्ते खोल सकती है जिन पर 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।

पहली सूची में होगा कई केंद्रीय मंत्रियों का नाम

भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी के दिग्गज नेताओं के अलावा कई अन्य प्रमुख सीटों पर भी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। राजधानी दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग चुकी है और इनका औपचारिक ऐलान बाकी है। पार्टी की ओर से परवेश वर्मा (पश्चिमी दिल्ली), मनोज तिवारी (उत्तर पश्चिम दिल्ली) और रमेश बिधूड़ी (दक्षिणी दिल्ली) के नाम तय माने जा रहे हैं।

पार्टी की पहली सूची में कई केंद्रीय मंत्रियों के नाम का ऐलान भी किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है की पहली सूची में मनसुख मंडाविया, पीयूष गोयल, पुरुषोत्तम रुपाला,धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और राजीव चंद्रशेखर का नाम भी घोषित किए जाने की संभावना है। पार्टी के शीर्ष से नेतृत्व की ओर से इन सभी प्रत्याशियों की सीटों का आखिरी फैसला लिया जा चुका है।

भाजपा की बैठक में चुनाव को लेकर मंथन

पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पूर्व शनिवार को राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें सात राज्यों के बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा,छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साई और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव भी मौजूद थे।

पश्चिम बंगाल, केरल और तेलंगाना के पार्टी नेताओं ने भी इस महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान उन कमजोर सीटों को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई जहां पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी थी।

यूपी की इन सीटों पर जल्द होगा ऐलान

बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश को लेकर भी विशेष रूप से मंथन किया गया। उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं और पार्टी 2014 और 2019 की तरह इस बार भी प्रदेश में बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से कमजोर सीटों पर पहली लिस्ट में ही उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए जिन सीटों को कमजोर माना जा रहा है उनमें संभल, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, मैनपुरी, रायबरेली, अमेठी, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, जौनपुर और गाजीपुर सीटें शामिल हैं।

इस बार इन सीटों पर भाजपा की ओर से पहले ही काफी मेहनत की गई है। इन सीटों पर पहली सूची में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने की संभावना है ताकि प्रत्याशियों को चुनावी तैयारी के लिए पूरा वक्त मिल सके।

पीएम मोदी समेत इन दिग्गजों के नाम तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी संसदीय सीट से बड़ी जीत हासिल की थी। प्रधानमंत्री मोदी का इस बार भी वाराणसी संसदीय सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। सपा ने पहले इस सीट से पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल को प्रत्याशी घोषित कर दिया था मगर अब यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है। ऐसे में पीएम मोदी को अब वाराणसी में कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से चुनौती दी जाएगी।

पीएम मोदी के अलावा पहली सूची में ही गृह मंत्री अमित शाह को गुजरात की गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ाने का ऐलान किया जा सकता है। शाह ने पिछले चुनाव में इस सीट पर बड़ी जीत हासिल की थी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनावी अखाड़े में सपा को चुनौती देते हुए दिखेंगे। सपा ने इस सीट पर रविदास मल्होत्रा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का नाम भी पहली सूची में ही घोषित होने की संभावना है। गडकरी एक बार फिर महाराष्ट्र की नागपुर लोकसभा सीट से चुनावी अखाड़े में उतरेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी की ओर से पहली सूची जारी होने के बाद ही पार्टी का चुनाव अभियान काफी तेज हो जाएगा। पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों में पहले ही कई तरह का अभियान छेड़ रखा है मगर प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद पार्टी की ओर से चुनावी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story