×

BJP on Rahul Gandhi: लद्दाख पर राहुल के बयान पर नकवी बोले- कांग्रेस वेंटिलेटर पर लेकिन दिमाग एक्सीलेटर पर

BJP on Rahul Gandhi remarks: बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, 'आपराधिक साजिश के तहत ही ऐसा बयान दिया जा सकता है।'

aman
Written By aman
Published on: 21 May 2022 7:58 AM GMT
rahul gandhi compared ukraine with ladakh bjp says congress on ventilator but brain on accelerator
X

Rahul Gandhi And Mukhtar Abbas Naqvi 

Mukhtar Abbas Naqvi On Rahul Gandhi Comments : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लंदन स्थित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आयोजित एक सेमिनार में भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा, कि 'लद्दाख में यूक्रेन जैसे हालात हैं।' उनके इस बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) हमलावर हो गई है। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, 'आपराधिक साजिश के तहत ही ऐसा बयान दिया जा सकता है।'

दरअसल, राहुल गांधी लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में 'आइडियाज फॉर इंडिया' नाम से आयोजित एक सेमिनार में शिरकत करने गए थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने संवाद के दौरान युद्धग्रस्त यूक्रेन की तुलना भारतीय क्षेत्र लद्दाख और डोकलाम से की। कांग्रेस नेता ने कहा, 'दोनों जगह चीन की सेना भारतीय सीमा के अंदर बैठी है। चीन अगर वहां निर्माण कर रहा है, तो किसी तैयारी के तहत ही कर रहा है। मगर, भारत सरकार कभी इस पर बात नहीं करती।'

विदेश में देश की बदहाली की 'बद्दुआ' मांग रहे

राहुल गांधी के इस बयान पर मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया। उन्होंने इस पर बड़ा आरोप लगाया। बोले कि, 'आपराधिक साजिश के तहत ही ऐसा बयान दिया जा सकता है।' उन्होंने कहा, 'हर हिंदुस्तानी, हिंदुस्तान की खुशहाली की दुआ मांगता है। मगर, ये कुछ सामंती लोग हैं, जो विदेश में बैठकर हिंदुस्तान की बदहाली की 'बद्दुआ' करते हैं। मगर, अफसोस है कि इतनी कोशिशों के बाद भी इन्हें निराशा ही हाथ लगती है।'

बिना जमीन के 'जमींदारी' खत्म हो चुकी

नकवी यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा, 'दिक्कत ये है कि जो लोग सामंती सुरूर में हैं उन्हें आज इस बात की समझ नहीं है, कि बिना जमीन के जमींदारी खत्म हो चुकी है। बिना जनाधार के 'जागीरदारी' का युग खत्म हो चुका है।'

कम नहीं रो रही राहुल की बेवकूफियां

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर तंज भरे लहजे में कहा, 'जिस तरह से पार्टी में पलायन चल रहा है। जिस प्रकार कांग्रेस पार्टी पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। उसके बाद भी इनकी बेवकूफियां आसमान पर हैं। ये ताज्जुब की बात है।' मुख्तार अब्बास नकवी ने तंज भरे लहजे में कहा, 'कांग्रेस वेंटिलेटर पर है, लेकिन इनका दिमाग एक्सीलेटर पर है।'

नकवी बोले- 'Get Well Soon'

नकवी ने आपत्ति जाहिर करते हुए कहा, 'लद्दाख और डोकलाम पर इस तरह का बयान कोई व्यक्ति आपराधिक साजिश के तहत ही दे सकता है। उन्होंने कहा, इस तरह आप लेह, कारगिल के लोगों के जुनून और देशभक्ति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इन लोगों के बारे में आप (राहुल) विदेश में बैठकर भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।' केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, 'इनकी दिक्कत क्या है कि कभी हिंदुस्तान को पाकिस्तान बताने लगते हैं। तो कभी यूक्रेन से तुलना करते हैं। आखिर, हिंदुस्तान को 'हिंदुस्तान' समझने को क्यों नहीं तैयार हैं। इन्हें हम इतना ही कहेंगे, 'Get Well Soon'।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story