×

BJP Campaign Theme: तभी तो सब मोदी को चुनते हैं…लोकसभा चुनाव 2024 के लिए BJP ने लॉन्च किया कैंपेन थीम

BJP Campaign Theme: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के आधिकारिक अभियान की आज शुरुआत की।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 Jan 2024 8:20 AM GMT (Updated on: 25 Jan 2024 8:39 AM GMT)
X

BJP Campaign Theme  (photo: social media )

BJP Campaign Theme: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मिशन 2024 के लिए भाजपा ने कैंपेन थीम को लॉन्च कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के आधिकारिक अभियान की आज शुरुआत की।

भाजपा के इस अभियान के केंद्र बिंदु प्रधानमंत्री मोदी होंगे। भाजपा के इस आधिकारिक अभियान का शीर्षक है- ‘सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं।’ लोगों की भावनाओं के अनुरूप इस अभियान को बनाया गया है। इस बाबत लोगों से फीडबैक मांगा गया था और उसी के अनुरूप इसे तैयार किया गया है।

पीएम मोदी ने सपनों को हकीकत में बदला

भाजपा ने कहा कि यह थीम 'पीएम मोदी की गारंटी' जनअभियान के अनुरुप है। पीएम मोदी के नवमतदाता सम्मेलन के दौरान इससे जुड़ा वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें करोड़ों लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को दर्शाया गया है।

भाजपा की कैंपेन थीम को लॉन्च करते हुए पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सपनों को हकीकत में बदलते हैं। पीएम मोदी पिछली पीढ़ी वर्तमान पीढ़ी और भाभी पीढ़ी के बड़ों और सपनों को पूरा करने की गारंटी देते हैं।

उन्होंने बरसों,दशकों और यहां तक कि सैकड़ो साल पुराने सपनों को भी पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से करोड़ों भारतीयों के सपने हकीकत में बुने जा रहे हैं। इस कैंपेन को जीत के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा।

सक्षम और आत्मनिर्भर बनेगा भारत

भाजपा अध्यक्ष ने 5,800 स्थानों से जुड़े वोटर्स का आभार जताया। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सबके सामने बहुत ही जरूरी लक्ष्य रखा है-वो है सक्षम भारत, आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत। इस सपने को साकार करने का सामर्थ्य दुनिया ने देखा है और लोहा भी माना है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सक्षम भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत बनकर रहेंगे।

युवा साथियों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि मेरे जीवन में इतनी ढेर सारे मतदाताओं के साथ संवाद करने का यह पहला मौका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 18 से 25 वर्ष का की आयु जीवन में काफी महत्वपूर्ण होती है। इस दौरान किसी भी युवक के जीवन में ढेर सारे बदलाव आते हैं। इन्हीं बदलावों के बीच हमारे युवा साथियों को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभानी है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में भागीदारी की है।

भारत के भविष्य की दिशा तय करेंगे नए मतदाता

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कालचक्र दो वजहों से बहुत अहम है। पहला,आप सभी ऐसे समय में वोटर बने हैं, जब भारत का अमृतकाल शुरू हुआ है। दूसरा, कल 26 जनवरी को देश अपना 75वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। अगले 25 साल आपके लिए और भारत के लिए भी दोनों के लिए ही महत्वपूर्ण है। ऐसे में देश को आगे बढ़ाने में हमारे युवा मतदाताओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।

उन्होंने कहा कि पूरा देश 2047 तक देश को विकसित बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। ऐसे में हमारे नए मतदाताओं का वोट यह तय करेगा कि भविष्य में भारत की दिशा क्या होगी। हमारे युवा साथियों का पहला वोट पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ाएगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story