×

Kanhaiya Kumar: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को चुना गया NSUI का इंचार्ज

Kanhaiya Kumar:

Aman Kumar Singh
Published on: 6 July 2023 12:12 PM GMT (Updated on: 6 July 2023 1:24 PM GMT)
Kanhaiya Kumar: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार को चुना गया NSUI का इंचार्ज
X
Kanhaiya Kumar(Image: Social Media)

Kanhaiya Kumar News: जेएनयू के पूर्व छात्र नेता और कांग्रेस चेहरा कन्हैया कुमार को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस ने कन्हैया को अपने छात्र संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) का इंचार्ज बनाया है। लंबे समय से इसके कयास लगाए जा रहे थे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार (06 जुलाई) को एक विज्ञप्ति जारी की। जिसमें बताया गया कि कन्हैया को भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ (NSUI) का इंचार्ज चुना गया है। हालांकि, इससे पहले खबर थी कि कांग्रेस पार्टी कन्हैया कुमार को दिल्ली या बिहार का प्रदेश प्रभारी बना सकती है।

कांग्रेस पार्टी (Congress Party) ने संगठन में फेरबदल करते हुए छात्र राजनीति से मुख्य राजनीति में आए कन्हैया कुमार को अहम जिम्मेदारी दी है। आपको बता दें, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया की स्थापना 9 अप्रैल 1971 को हुई थी। राष्ट्रीय छात्र संगठन बनाने के लिए केरल छात्र संघ (Kerala Students Union) और पश्चिम बंगाल राज्य छात्र परिषद को मिलाकर पीएम इंदिरा गांधी ने इस संगठन की स्थापना की थी।

CPI का दामन छोड़ थामा था कांग्रेस का साथ

कांग्रेस पार्टी के अनुसार, 'कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कन्हैया कुमार को तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय छात्रसंघ (NSUI) का एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किया है।' ज्ञात हो कि, वर्ष 2021 में जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (Communist Party of India) का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे।

बेगूसराय से लड़ा था लोकसभा चुनाव

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) में रहते हुए कन्हैया कुमार 2019 में लोकसभा चुनाव में बेगूसराय से चुनाव लड़ चुके हैं। इस चुनाव में कन्हैया 4 लाख से भी ज्यादा वोटों से हार गए थे। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हराया था। हालांकि साल 2021 में कन्हैया सीपीआई छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।

विवादों में भी घिरे कन्हैया

कन्हैया कुमार साल 2015 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (JNUSU) के अध्यक्ष पद के लिए चुने गए थे। फरवरी 2016 में जेएनयू में कश्मीरी अलगाववादी और 2001 में पार्लियामेंट पर हमले के दोषी, अफजल गुरु को फांसी के खिलाफ एक छात्र रैली में राष्ट्र विरोधी नारे लगाने के आरोप में देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। इस केस में कन्हैया की गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, 2 मार्च 2016 को अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया। दिल्ली पुलिस द्वारा मामले की जांच अभी भी जारी है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story