×

Bihar: न्याय यात्रा में राहुल गांधी के सारथी बने तेजस्वी, महागठबंधन ने दिखाई एकजुटता, कांग्रेस नेता ने फिर अडानी मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा

Bihar: सासाराम के रोहतास में उन्होंने इंडिया गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ लाल रंग की चार पहिया में राहुल गांधी को बिठाकर स्टीयरिंग संभाली। तेजस्वी यादव की मौजूदगी से महागठबंधन एकजुटता दिखाने में कामयाब रहा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 16 Feb 2024 6:12 AM GMT (Updated on: 16 Feb 2024 6:32 AM GMT)
Tejashwi Yadav  Rahul Gandhi
X

Tejashwi Yadav  Rahul Gandhi (photo: social media )

Bihar: उत्तर प्रदेश में दाखिल होने से पूर्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव राहुल गांधी के सारथी बने। सासाराम के रोहतास में उन्होंने इंडिया गठबंधन के हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ लाल रंग की चार पहिया में राहुल गांधी को बिठाकर स्टीयरिंग संभाली। तेजस्वी यादव की मौजूदगी से महागठबंधन एकजुटता दिखाने में कामयाब रहा। सासाराम में कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान पार्टी की वरिष्ठ नेता और लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार भी नजर आईं।

इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सासाराम में किसान पंचायत को संबोधित करते हुए उद्योगपति गौतम अडानी का जिक्र करके मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सब कुछ उद्योगपति गौतम अडानी को सौंपा जा रहा है मगर किसानों और युवाओं की कोई बात नहीं की जा रही है। उन्होंने किसानों को सही रेट न मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

राहुल गांधी के सारथी बने तेजस्वी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के रोहतास पहुंचने से पूर्व औरंगाबाद में जनसभा का आयोजन किया गया था मगर इस जनसभा के दौरान इंडिया गठबंधन में शामिल राजद और वाम दलों के बड़े नेता मौजूद नहीं थे। ऐसे में महागठबंधन की एकजुटता को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे मगर न्याय यात्रा के रोहतास पहुंचने पर राजद के वरिष्ठ नेता और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ न्याय यात्रा में हिस्सा लिया।

तेजस्वी यादव ने रोहतास में राहुल गांधी के सारथी की भूमिका निभाई। वे राहुल गांधी की गाड़ी ड्राइव करते हुए दिखे। नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से बाहर निकलने के बाद रोहतास में राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान महागठबंधन अपनी एकजुटता दिखाने में कामयाब रहा। शुक्रवार को दोपहर में राहुल गांधी तेजस्वी यादव के साथ कैमूर में जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके बाद शाम को करीब पांच बजे राहुल गांधी की न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उत्तर प्रदेश में न्याय यात्रा के जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

तेजस्वी ने साधा भाजपा पर निशाना

राहुल गांधी के साथ रैली से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने किसान आंदोलन और बंगाल हिंसा का जिक्र करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए जिस तरह के बंदोबस्त किए गए हैं और जिस तरह किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं,उससे लगता है कि सरकार किसानों के साथ जंग लड़ रही है।

उन्होंने कहा कि किसान संगठनों की मांग जायज है और सरकार को इन मांगों को पूरी करने के लिए कदम उठाना चाहिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था राज्य सरकार की जिम्मेदारी है और इस मामले की जांच की जानी चाहिए।

अडानी के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को सासाराम में किसान पंचायत को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गौतम अडानी का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार की ओर से सब कुछ अडानी को सौंपा जा रहा है जबकि युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। अपनी मांगों को लेकर किसान संगठनों की ओर से छेड़े गए आंदोलन के बीच राहुल गांधी ने किसानों का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया।

राहुल ने कहा कि एक और किसानों को उनकी उपज का सही रेट नहीं मिल रहा है तो दूसरी ओर किसानों की जमीन खरीदी जा रही है। उन्होंने कहा कि हम देश के विकास के खिलाफ नहीं हैं मगर सवाल यह है कि विकास किस तरह का हो रहा है और किसके लिए हो रहा है। सरकार जिसे विकास बताकर ढिंढोरा पीट रही है, दरअसल वह कदम किसानों और मजदूरों के खिलाफ है। विकास के नाम पर सारी चीज अडानी को सौंपी जा रही हैं। सच्चाई तो यह है कि यह विकास नहीं बल्कि चोरी है।

राहुल ने उठाए किसानों का मुद्दा

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार किसानों,युवाओं, मजदूरों और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दे पर कोई बातचीत करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने और दो करोड़ नौकरियां देने के मुद्दे पर भी मोदी सरकार को घेरा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार का मतलब झूठ और अन्याय की गारंटी है। कांग्रेस देश के सपनों को पूरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तमाम वादे किए गए थे और ऐसे में देशवासियों को सोचना होगा कि उन वादों का क्या हुआ।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story