×

Bharat Jodo Nyay Yatra: आज फिर असम लौटी भारत जोड़ो यात्रा, सीएम सरमा और राहुल गांधी के बीच छिड़ी जुबानी जंग

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असम सीएम को लेकर कहा कि वो डरे हुए हैं और घबराए हुए भी, इसलिए यात्रा में अवरोध पैदा करना चाहते हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 21 Jan 2024 9:19 AM GMT (Updated on: 21 Jan 2024 9:22 AM GMT)
Assam CM Himanta Biswa Sarma Rahul Gandhi
X

Assam CM Himanta Biswa Sarma Rahul Gandhi (photo: social media)

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज यानी रविवार 21 जनवरी को फिर वापस अरूणाचल प्रदेश से असम में लौट आई है। असम में प्रवेश करते ही राज्य का सियासी तापमान चढ़ गया है। कांग्रेस सांसद और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच एकबार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। असम में आते ही राहुल गांधी ने सरमा पर हमला बोलते हुए उन्हें भ्रष्ट मुख्यमंत्री करार दिया।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असम सीएम को लेकर कहा कि वो डरे हुए हैं और घबराए हुए भी, इसलिए यात्रा में अवरोध पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने आज ये बातें असम के बिस्वनाथ जिले में कही। वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी से कल यानी 22 जनवरी प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन नागांव जिला स्थित श्री शंकरदेव के जन्मस्थल बोरदोवा सत्रा न जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे देश में असम की गलत छवि बनेगी।

असम के मुख्यमंत्री ने रविवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी प्राण प्रतिष्ठा के बाद बोरदोवा सत्रा जा सकते हैं लेकिन उसी दौरान गए तो ये असम के लिए दुखद होगा। श्रीमंत शंकरदेव एक महान असमिया संत हैं लेकिन उनकी भगवान राम से तुलना करना गलत है।

अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में न जाएं राहुल – सीएम सरमा

सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से एक और अपील की है। उन्होंने कल यानी 22 जनवरी को उनसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में न जाने की अपील की है। एक दिन पहले हुए उन पर हमले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बना रहता है

दरअसल, राहुल गांधी ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन नागांव जिले में श्री शंकरदेव के जन्मस्थल बोरदोवा सत्रा जाने का निर्णय लिया है। यहां वे श्री शंकरदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा उन्होंने मोरीगांव, जागीरोड और नीली जैसे अल्पसंख्यक बहुल इलाकों का दौरा करने का फैसला भी किया है।

गुवाहटी में प्रवेश नहीं करने देना चाहते मुख्यमंत्री – जयराम रमेश

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में साथ चल रहे कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा यात्रा को गुहावटी में प्रवेश नहीं करने देना चाहते। उन्होंने कहा कि जोरहाट, लखीमपुर सहित और जगहों पर मुख्यमंत्री ने देखा है कि जिस तरीके से लोग सड़कों पर आए और राहुल गांधी का स्वागत किया। वे उससे बौखला गए हैं और परेशानी में हैं और कुछ ना कुछ बहाना ढूंढ कर वे हमें गुवाहाटी में प्रवेश करने से रोकना चाहते हैं। रमेश ने आगे कहा कि अगर हम किसी कारण से गुवाहाटी के प्रेस क्लब नहीं जा पाते हैं तो राहुल गांधी कैंप साइट से राष्ट्रीय मीडिया को संबोधित करेंगे।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story