×

मुंबई में आज विपक्ष की मेगा रैली, राहुल की न्याय यात्रा के समापन पर जुटेंगे इंडिया गठबंधन के दिग्गज नेता

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन के मौके पर आज मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में मेगा रैली का आयोजन होगा। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के सभी बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 17 March 2024 4:51 AM GMT (Updated on: 17 March 2024 5:19 AM GMT)
Bharat Jodo Nyay Yatra
X

Bharat Jodo Nyay Yatra (Pic: Social Media)

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन होने वाला है। मणिपुर से मुंबई तक करीब 6700 किलोमीटर से ज्यादा की इस न्याय यात्रा का समापन डॉक्टर बीआर अंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज मुंबई में अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ न्याय संकल्प पदयात्रा की शुरुआत की। इस यात्रा में शामिल होने के लिए मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर, किसान नेता योगेंद्र सिंह यादव, कांग्रेस नेता वर्षा गायकवाड़ और अमीन पटेल समेत कई चर्चित चेहरे पहुंचे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन के मौके पर आज मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में मेगा रैली का आयोजन होगा। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के सभी बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद इस रैली को विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। इस रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

राहुल गांधी ने किया 15 राज्यों का दौरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहुचर्चित भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत गत 14 जनवरी को मणिपुर से की थी। अपनी इस न्याय यात्रा के जरिए राहुल गांधी ने देश के 15 राज्यों, 110 जिलों,100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा क्षेत्र को कवर किया है। राहुल गांधी करीब 6700 किलोमीटर का सफर तय करते हुए मुंबई पहुंच चुके हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने बस और पैदल दोनों तरीके से सफर तय किया है।

चुनाव आयोग की ओर से शनिवार को देश में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया और आज मुंबई में राहुल गांधी की इसी यात्रा का समापन हो रहा है। मुंबई में राहुल गांधी ने अपनी पदयात्रा की शुरुआत कर दी है जो मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक जाएगी। कांग्रेस की ओर से इसे न्याय संकल्प पदयात्रा का नाम दिया गया है। इस पदयात्रा में राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़ी तमाम हस्तियां शामिल होंगी।

मेगा रैली में शामिल होंगे विपक्ष के बड़े नेता

राहुल गांधी की न्याय यात्रा के समापन के मौके पर मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में आज विपक्ष की ओर से मेगा रैली का आयोजन किया गया है। सियासी जानकारों का मानना है कि इस रैली के जरिए विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया अपनी ताकत दिखाएगा। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दलों के बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

इस रैली में शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे। इस मेगा रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी हिस्सा लेंगे। आप के नेता सौरभ भारद्वाज, भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के भी रैली में शामिल होने की संभावना है।

विपक्ष में सीट शेयरिंग का मुद्दा उलझा

मुंबई में आज विपक्षी गठबंधन की ओर से शक्ति प्रदर्शन जरूर किया जा रहा है मगर महाराष्ट्र में अभी तक विपक्षी दलों के बीच सीट बंटवारे का पेंच नहीं सुलझाया जा सका है। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल दलों के बीच अभी तक सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बन सकी है। वंचित बहुजन अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आज खाने पर आमंत्रित किया है।

प्रकाश अंबेडकर ने यह भोज राहुल गांधी की शिवाजी पार्क में होने वाली रैली के बाद रखा है। जानकार सूत्रों का कहना है कि इस भोज के दौरान सीट शेयरिंग के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। प्रकाश अंबेडकर डिमांड के मुताबिक सीटें न मिलने के कारण नाराज बताए जा रहे हैं। ऐसे में इस भोज पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि आज महाविकास अघाड़ी गठबंधन में सीट शेयरिंग को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story