×

Congress MLA News: बाल-बाल बचीं कांग्रेस की महिला विधायक, शख्स ने चाकू से किया जानलेवा हमला

Congress MLA News: छत्तीसगढ़ में रविवार शाम को एक बड़ी घटना होते-होते रह गई। सत्तारूढ़ कांग्रेस की एक महिला विधायक पर सरेआम एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के वक्त विधायक एक कार्यक्रम में मौजूद थीं और वहां कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Krishna Chaudhary
Published on: 21 Aug 2023 7:08 AM GMT
Congress MLA News: बाल-बाल बचीं कांग्रेस की महिला विधायक, शख्स ने चाकू से किया जानलेवा हमला
X
Congress MLA News (Photo - Social Media)

Congress MLA Stabbed: छत्तीसगढ़ में रविवार शाम को एक बड़ी घटना होते-होते रह गई। सत्तारूढ़ कांग्रेस की एक महिला विधायक पर सरेआम एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के वक्त विधायक एक कार्यक्रम में मौजूद थीं और वहां कई अन्य लोग भी उपस्थित थे। इसी बीच आरोपी हमलावर अचानक विधायक के पास पहुंचा और हमला कर दिया। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। जिस महिला विधायक के साथ यह हादसा हुआ उनका नाम छन्नी साहू है।

सत्ताधारी दल के एक महिला विधायक पर सरेआम हुए इस हमले से प्रदेश में सनसनी फैल गई। घटना राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के जोंधरा की है। कांग्रेस नेत्री और विधायक कल यानी रविवार 20 अगस्त की शाम यहां बच्चों के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। वहीं, महिला विधायक भी प्राथमिक उपचार के बाद खतरे से बाहर हैं।

पीछे से आया था हमलावर, नशे में था धुत

घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्चों का डांस कार्यक्रम चल रहा था और विधायक भी बैठी हुई थीं। तभी हमलवार जो कि नशे में धुत था, पीछे से आया और विधायक का बाल पकड़ कर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने फौरन हमलावर को दबोचा और विधायक छन्नी साहू को बताया। इस दौरान साहू को हल्की खरोंच आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला कांग्रेस विधायक अपने घर छुरिया चली गईं। बताया जाता है कि घटना को लेकर वह बेहद गुस्से में थीं।

कौन है हमलावर ?

नशे में धुत हमलावर को लोगों ने वहीं पर दबोच लिया था। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले उसकी पिटाई की उसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपी की पहचान खिलेश्वर सिन्हा के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर डोंगरगांव थाना लाया गया है। आरोपी की पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। उसे साइको भी बताया जा रहा है।

भाजपा ने बोला हमला

विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने सत्तारूढ़ दल की एक महिला विधायक पर सरेआम हुए इस हमले की निंदा की है। साथ ही उन्होंने राज्य मे विधि व्यवस्था को लेकर भूपेश बघेल सरकार को घेरा भी है। भगवा दल का कहना है कि जब राज्य में जनप्रतिनिधि ही नहीं सुरक्षित हैं तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति को समझा जा सकता है।

कौन हैं विधायक छन्नी साहू

छन्नी चंद साहू ने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में राजनांदगांव जिले की खुज्जी सीट से कांग्रेस के टिकट पर बीजेपी उम्मीदवार हिंरेंद्र कुमार साहू को हराया था। दोनों के बीच मतों का अंतर ठीक-ठाक था। इस बार भी वह इस सीट से कांग्रेस की ओर से प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। राज्य में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story