×

Bharat Jodo Nyay Yatra: असम में कांग्रेस के वाहनों पर हमला, आज अरूणाचल पहुंचेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यात्रा को मिल रहे व्यापक समर्थन से असम सीएम घबरा गए हैं और इसलिए इसमें व्यवधान डालने की कोशिश कर रहे हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Jan 2024 6:03 AM GMT (Updated on: 20 Jan 2024 9:10 AM GMT)
Congress vehicles attacked in assam
X

Congress vehicles attacked in Assam  (PHOTO: SOCIAL MEDIA )

Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज सातवां दिन है। आज यह यात्रा अरूणाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी और रात्रि विश्राम वहीं होगा और फिर अगली सुबह यानी रविवार को यात्रा पुनः असम में दाखिल होगी। जब से यह यात्रा असम पहुंची है, राजनीति गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और राहुल गांधी के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यात्रा को मिल रहे व्यापक समर्थन से असम सीएम घबरा गए हैं और इसलिए इसमें व्यवधान डालने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात को युवा कांग्रेस के वाहनों को लक्ष्य करके निशाना बनाया गया है। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे औक राहुल गांधी की तस्वीरों, कटआउट और बैनर को नुकसान पहुंचाया गया है। कांग्रेस इन सबके पीछे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) को जिम्मेदार बताया है। कांग्रेस के मीडिया इंचार्च जयराम रमेश ने कहा कि असम सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि भारत जोड़ो यात्रा यहां सफल न हो।

हालांकि, हमें विश्वास है कि युवाओं और महिलाओं सहित असम के सभी वर्ग राहुल गांधी की बात सुनेंगे। इस मामले पर कांग्रेस को सपा का साथ मिला है। अखिलेश यादव ने असम में कांग्रेस की यात्रा पर हमला को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, लोकतांत्रिक ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर भाजपा शासित राज्य असम में हुआ हमला बेहद निंदनीय है। हर तरह से हारती भाजपा अब पूरी तरह से निराश हो चुकी है, तभी हिंसा पर उतारू है। ‘हिंसा’ मानसिक हताशा का भौतिक रूप होती है।

बीजेपी और संघ पर राहुल गांधी का हमला

यात्रा के छठे दिन राहुल गांधी ने असम के लखीमपुर जिले के गोगामुख में जनसभा को संबोधित किया था। यहां उन्होंने बीजेपी और आरएसएस के साथ-साथ राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भी निशाने पर लिया था। कांग्रेस सांसद ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिंदुस्तान के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। वे BJP के दूसरे मुख्यमंत्रियों को भी भ्रष्टाचार करना सिखा सकते हैं। वे असम के लिए काम नहीं करते, बल्कि PM मोदी उन्हें जो भी कहते हैं, वे वही करते हैं।

इसके आगे उन्होंने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' नॉर्थ ईस्ट से निकाली गई, क्योंकि यहां की संस्कृति और भाषा की रक्षा करना हिंदुस्तान के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। BJP-RSS चाहती है कि हिंदुस्तान के प्रदेशों को दिल्ली से चलाया जाना चाहिए, देश में एक भाषा हो, एक लीडर हो.. लेकिन हमारा मानना है कि असम को दिल्ली से नहीं बल्कि असम से चलाया जाना चाहिए।

भारत जोड़ो यात्रा पर दर्ज हो चुका है केस

असम में चल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। जोरहाट सदर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ जोरहाट शहर के अंदर दूसरे मार्ग से ले जाई गई, जिससे भगदड़ जैसे हालत बन गए। इस यात्रा के लिए दूसरे मार्ग की अनुमति दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद गलत रूट लिया गया।

बता दें कि 15 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा नागालैंड होते हुए 18 जनवरी को असम पहुंची थी। आज दोपहर बाद यह यात्रा अरूणाचल प्रदेश पहुंचेगी और फिर कल वापस असम आएगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक चलेगी, इसके बाद पश्चिम बंगाल में प्रवेश करेगी। अभी तक यह यात्रा उत्तर-पूर्व के जिन चार राज्यों में गई है या जाने वाली है, सभी में या तो बीजेपी की सरकार है या वह गठबंधन में शामिल है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story