×

Bharat Jodo Yatra: दिग्विजय सिंह ने फिर उठाया Surgical Strike पर सवाल, जयराम रमेश बोले- यह उनके निजी विचार

Bharat Jodo Yatra: दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा हमले को लेकर बयान दिया है। उन्होंने पीएम मोदी और सरकार से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं।

aman
Written By aman
Published on: 23 Jan 2023 4:31 PM GMT (Updated on: 23 Jan 2023 4:31 PM GMT)
Digvijay Singh on Pulwama attack
X

Digvijay Singh (Social Media)

Bharat Jodo Yatra: सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बयान से उनकी ही पार्टी ने पल्ला झाड़ लिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश (JaiRam Ramesh) ने कहा कि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार उनके अपने हैं। इससे कांग्रेस पार्टी का कोई संबंध नहीं है। न ही हम ऐसा सोचते हैं। साल 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। कांग्रेस ने राष्ट्रीय हित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का हमेशा समर्थन किया है। आगे भी समर्थन करना जारी रखेगी।

इससे पहले, कांग्रेस के सीनियर लीडर दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh on Pulwama attack) ने एक बार फिर पुलवामा हमले पर बयान दिया। दिग्विजय ने भारतीय सेना द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, 'हमारे सीआरपीएफ के 40 जवान पुलवामा में शहीद हुए थे। CRPF के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध किया था कि सभी जवानों को एयरलिफ्ट किया जाए। मगर, पीएम मोदी नहीं माने। कांग्रेस नेता ने पूछा, आखिर ऐसी चूक हो कैसे गई?

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आगे ये भी कहा कि, 'आज तक पुलवामा पर पार्लियामेंट में कोई रिपोर्ट नहीं पेश की गई। उन्होंने ये भी दावा किया कि सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, लेकिन सबूत नहीं दिखाया। ये अर्थात बीजेपी सिर्फ और सिर्फ झूठ फैलाते हैं।'

..ताकि 'कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्म बनाई जा सके

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के आरोप यहीं समाप्त नहीं हुए। उन्होंने कहा, 'ये सरकार कश्मीर समस्या को जिंदा रखना चाहती है। ताकि वोट के लिए और देश में नफरत फैलाने के लिए 'कश्मीर फाइल्स' (The Kashmir Files) जैसी फिल्में बनाई जा सके। उन्होंने पूछा, क्या आपने कभी किसी प्रधानमंत्री को किसी फिल्म का प्रचार करते देखा है। मगर, प्रधानमंत्री मोदी ने 'कश्मीर फाइल्स' का प्रचार करने गए थे।'

इशारे-इशारे में स्मृति ईरानी पर निशाना

दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने परोक्ष रूप से मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'एक बीजेपी नेता हैं जिन्होंने राहुल गांधी के बारे में झूठ बोला। उन्होंने कहा, राहुल गांधी कन्याकुमारी गए। लेकिन स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि नहीं दी। हमने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए राहुल गांधी की तस्वीरें और वीडियो जारी कर उनके झूठ का पर्दाफाश किया। हमने बीजेपी को बेनकाब किया। भाजपा झूठ फैलाने में माहिर है। वो इसी तरह झूठे आरोप लगाती है।'

कहां खतरे में है हिन्दू?

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह इतने पर भी नहीं रुके। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला जारी रखा। दिग्विजय सिंह ने आगे कहा, 'अब ये (बीजेपी) कह रहे हैं कि देश का हिंदू खतरे में है। ब्रिटिश शासन और इस्लामिक शासन के दौरान हिंदू कभी खतरे में नहीं थे, तो अब हिन्दू कैसे खतरे में है? वो (भाजपा) वोट के लिए धर्म बेचना जानते हैं।'

Article-370 हटने के बावजूद घाटी में आतंकवाद

कांग्रेस नेता ने कहा, 'सर्जिकल स्ट्राइक (surgical strike) की बात करते हैं कि हमने इतने लोग मार गिराए। मगर, सबूत कुछ नहीं देते। केवल झूठ के पुलिंदे पर यह सरकार राज कर रही है। ये देश सबका है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 (Article-370) हटाए जाने के बावजूद आतंकवाद खत्म नहीं होने के बात कही। बीजेपी पर जमकर हमला करते हुए दिग्विजय सिंह ने पुलवामा हमले को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने ये भी कहा, वो कहते थे अनुच्छेद-370 हटते ही आतंकवाद समाप्त हो जाएगा। हिंदुओं का बोलबाला हो जाएगा। लेकिन जब से अनुच्छेद- 370 हटी है, घाटी में आतंकवाद बढ़ा है। उन्होंने कहा, हुकूमत यहां का फैसला नहीं कराना चाहती। यहां की समस्या का निदान नहीं करना चाहती।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story