×

Flood In Amarnath: अमरनाथ गुफा के पास फिर आई बाढ़, 4000 श्रद्धालुओं को किया गया रेस्क्यू

Amarnath Flood: अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को फिर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। गुफा के आसपास भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई। 4 हजार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

aman
Written By aman
Published on: 26 July 2022 1:09 PM GMT
flood near amarnath cave after heavy rains in mountains more than 4000 pilgrims rescued
X

Flood In Amarnath

Flood In Amarnath : अमरनाथ गुफा (Amarnath Cave) के पास मंगलवार (26 जुलाई 2022) को भारी बारिश की वजह से एक बार फिर बाढ़ की स्थिति देखने को मिली। अमरनाथ गुफा के आसपास की पहाड़ी पर भारी बारिश के कारण आज दोपहर तक़रीबन 3 बजे जलाशयों के आसपास के झरनों में बाढ़ आ गई। जिसके बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया। ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 4,000 से भी अधिक तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

गौरतलब है कि, इससे पहले भी अमरनाथ यात्रा के दौरान इसी महीने ऐसे हालात बने थे। बीते 8 जुलाई 2022 को भी अमरनाथ गुफा के पास बादल फटा था। तब अचानक आई बाढ़ में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वहीं, 40 से अधिक लोग लापता हो गए थे। दरअसल, 8 जुलाई की शाम बादल फटने की खबर मिली थी। बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में गुफा के पास बने कई तंबू तबाह हो गए थे। सैलाब के साथ कई लोग बह गए थे।

अमरनाथ गुफा के आज की तस्वीरें भी सामने आई हैं। नीरज राजपूत नाम के एक शख्स ने आज के बाढ़ और पहाड़ों से उतरते पानी की तस्वीर ट्वीट की। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पवित्र गुफा के पास पहाड़ों से पानी का तेज बहाव नीचे की ओर आ रहा। है

गौरतलब है कि, अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) हर वर्ष 43 दिनों के लिए खुलती है। यात्रा दो बेस कैंप से किया जाता है। इसमें पारंपरिक 48 किलोमीटर नुनवान-पहलगाम (अनंतनाग) वाला रास्ता तथा इससे 14 किलोमीटर छोटा बालटाल वाला रास्ता शामिल है। पवित्र अमरनाथ यात्रा इस साल 30 जून को शुरू हुई थी, जो 11 अगस्त को रक्षा बंधन (Raksha Bandhan) वाले दिन खत्म होगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story