×

Indian Political Events in 2022: इस साल भारत की ऐसी प्रमुख राजनीतिक घटनाएँ, जिन्हें आप कभी भूल नहीं पाएँगे

Indian Political Events in Year Ender 2022: साल 2022 में भारत ने विभिन्न मोर्चों पर कई गतिविधियाँ देखीं। भारत में कई राजनीतिक घटनाक्रम हुए जिनमें कई राज्यों के चुनाव शामिल हैं।

Neel Mani Lal
Published on: 15 Dec 2022 4:34 AM GMT
Indian Political Events
X

Indian Political Events (Pic: Social media)

Indian Political Events in Year Ender 2022: वर्ष 2022 जाने को है। इस साल भारत ने विभिन्न मोर्चों पर कई गतिविधियाँ देखीं। इस वर्ष भारत में कई राजनीतिक घटनाक्रम भी हुए जिनमें कई राज्यों के चुनाव शामिल हैं। राजनीतिक घटनाओं में देखें तो 9 अगस्त को जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल से हाथ मिला कर सरकार बना ली। इसके अलावा, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार चली गई। एकनाथ शिंदे और बागी विधायकों ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना ली।

11 अगस्त को पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और राजस्थान के राजनेता जगदीप धनखड़ ने भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। धनखड़ का बंगाल में बतौर गवर्नर कार्यकाल काफी रोचक रहा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनकी लगातार नोकझोंक होती रही।


कांग्रेस के मोर्चे पर कई बड़े डेवलपमेंट हुए। पहले कपिल सिब्बल ने फिर 26 अगस्त को गुलाम नबी आज़ाद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 7 सितंबर को राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से अपनी 3751 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा शुरू की।


इसी बीच कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव का ऐलान कर दिया गया। सोनिया, राहुल और प्रियंका ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया। 19 अक्टूबर को मल्लिकार्जुन खड़गे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए। वह अपने चुनावी प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को हराकर 24 साल बाद पहले गैर-गांधी अध्यक्ष बने।


8 सितंबर को केंद्र सरकार ने दिल्ली स्थित राजपथ का नाम बदला कर कर्तव्य पथ कर दिया। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेंट्रल विस्टा में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के साथ उद्घाटन किया गया।


28 सितंबर को एक बड़ा डेवलपमेंट ये हुआ कि गृह मंत्रालय ने कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया और देश भर में इसके आठ जुड़े संगठनों पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया।


इस साल नूपुर शर्मा का विवाद भी हुआ। भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की ओर से मोहम्मद साहब पर विवादित टिप्पणी करने से देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में बवाल मच गया। इसके बाद भाजपा ने नूपुर शर्मा के विवादित बयान से किनारा करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया।


साल बीतते बीतते भारत को जी-20 ग्रुप की अध्यक्षता मिली। इसके पहले इसी साल यूक्रेन रूस लड़ाई में भारत ने मजबूती से अपना पक्ष बनाये रखा। विदेश मंत्री जयशंकर ने विभिन्न अन्तर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की स्वतंत्र राय और निर्णयों को बखूबी रखा।

इस साल यूपी, उत्तराखंड, पंजाब, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर के चुनाव नतीजों ने देश की राजनीति को एक नई दिशा दी। गुजरात, यूपी और उत्तराखंड में भाजपा ने शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया। वहीं पंजाब में केजरीवाल की झाड़ू में पूरा विपक्ष साफ हो गया। गोवा और मणिपुर में भी बीजेपी की सत्ता में वापसी हुई।

उधर दक्षिण के राज्य तेलंगाना में के. चन्द्रशेखर राव ने नेशनल पॉलिटिक्स में पैर फ़ैलाने के क्रम में 'भारत रक्षा समिति' का गठन कर डाला। राज्यपालों को लेकर केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु और झारखण्ड में भी राजनीतिक तनातनी इस साल खूब हुई और साल बीतते भी जारी है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story