×

Maharashtra: महाराष्ट्र में शिंदे सरकार का बड़ा कदम, अब फोन पर हैलो नहीं वंदे मातरम बोलना होगा, अध्यादेश जारी

Maharashtra News: महाराष्ट्र सरकार के प्रशासन विभाग की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि यह आदेश गांधी जयंती यानी आज से लागू होगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 Oct 2022 3:28 AM GMT
Maharashtra Shinde government
X

शिंदे सरकार का बड़ा कदम  (photo: social media)

Maharashtra News: आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने गांधी जयंती पर बड़ा कदम उठाया है। सरकार की ओर से जारी किए गए नए अध्यादेश के मुताबिक अब सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन पर हैलो नहीं बल्कि वंदेमातरम बोलना होगा। महाराष्ट्र सरकार के प्रशासन विभाग की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि यह आदेश गांधी जयंती यानी आज से लागू होगा।

महाराष्ट्र सरकार में संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने अगस्त महीने के दौरान ही इस बाबत सरकारी आदेश जारी किया था। उनके आदेश के बाद इसे लेकर विरोध के स्वर भी सुनाई पड़े थे। संस्कृति मंत्री ने उसी समय कहा था कि इस आदेश को जल्द ही अध्यादेश का रूप दिया जाएगा। अब महाराष्ट्र सरकार ने उसी दिशा में कदम उठाते हुए अध्यादेश जारी कर दिया है।

सभी सरकारी विभागों पर लागू होगा अध्यादेश

सरकार की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि हैलो पूरी तरह अर्थहीन शब्द है। इसके साथ ही इसमें अंग्रेजी की छाप दिखाई पड़ती है। अगर फोन पर वंदे मातरम के साथ बातचीत शुरू होगी तो इससे अनुकूल माहौल बनेगा और सकारात्मक ऊर्जा पैदा होगी। सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अध्यादेश सहायता प्राप्त सरकारी स्कूल-कॉलेजों और संस्थानों पर भी लागू किया जाएगा।

अन्य सभी सरकारी विभागों में भी इसे सख्ती से लागू करने की बात कही गई है। इस सिलसिले में आज एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वर्धा में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे।

अंग्रेजों ने दिया था हैलो शब्द

शिंदे सरकार की ओर से गांधी जयंती पर उठाए गए इस कदम को बड़ी पहल माना जा रहा है। महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार अगस्त महीने के दौरान इस बाबत आदेश देने के साथ कहा था कि यह योजना इतनी बेहतरीन है कि से जल्द ही पूरे देश में लागू किया जा सकता है। उनका कहना है कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में हमें हैलो शब्द का त्याग करके वंदे मातरम को अपनाना होगा क्योंकि हैलो शब्द अंग्रेजों की ओर से दिया गया है।

महाराष्ट्र के वन विभाग में इस आदेश को पहले ही लागू किया जा चुका है। वन विभाग में जारी किए गए आदेश में अफसरों और कर्मचारियों से अपेक्षा की गई थी कि वे हैलो की जगह वंदे मातरम से फोन पर बातचीत की शुरुआत करेंगे। अब बकायदा अध्यादेश जारी करके इसे प्रदेश के सभी सरकारी विभागों में लागू कर दिया गया है।

पूरे देश में फैसला अपनाने की उम्मीद

महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री ने मुनगंटीवार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले यह मुद्दा उठाया था। उनका कहना था कि अंग्रेज तो 1947 में ही देश छोड़कर चले गए मगर आज भी अंग्रेजों की ओर से दिए गए शब्दों की छाप देश में दिखाई पड़ रही है। उनका कहना था कि हमारे देश के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों ने वंदे मातरम का उद्घोष करते हुए अंग्रेजों को इस देश से खदेड़ा था। इसलिए बेहतर होगा कि हम हैलो शब्द की जगह वंदे मातरम शब्द का उपयोग करें और इसके जरिए अपने स्वतंत्रता सेनानियों की ओर से दिए गए बलिदान को याद करें। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि महाराष्ट्र में उठाए गए इस बड़े कदम को पूरे देश में अपनाया जा सकता है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story