×

BJP CM Meeting: भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की आज अहम बैठक, पीएम मोदी और नड्डा भी लेंगे हिस्सा

BJP CM Meeting: भाजपा सूत्रों के मुताबिक कुछ राज्यों में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 की बड़ी सियासी जंग की रणनीति पर भी बैठक में चर्चा की जा सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 24 July 2022 2:59 AM GMT
PM Modi and JP Nadda
X

पीएम मोदी और  जे पी नड्डा (photo: social media ) 

Click the Play button to listen to article

BJP CM Meeting: राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) की बड़ी जीत के बाद आज भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की दिल्ली में बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में गुड गवर्नेंस और विभिन्न राज्यों में पार्टी की सरकारों के कामकाज पर चर्चा किए जाने की संभावना है। बैठक में बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक कुछ राज्यों में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 की बड़ी सियासी जंग (Political War) की रणनीति पर भी बैठक में चर्चा की जा सकती है। इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (JP Nadda) और बीएल संतोष भी हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान पीएम मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बेहतर तरीके से कामकाज का गुरु मंत्र भी दे सकते हैं।

बैठक में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से जनता को लाभ पहुंचाने वाली कई योजनाओं पर काम हुआ है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान मोदी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को जनता के सामने पेश करने की रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है। इसके साथ ही राज्य सरकारों को आम जनता से जुड़ी हुई योजनाओं पर तेजी से काम करने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के निचले तबके के लोगों तक पहुंचाने की नसीहत भी दी जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी को जल्द ही कई राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ना है। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में इस साल ही विधानसभा चुनाव होने हैं जबकि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी पार्टी को जल्द ही विधानसभा चुनाव लड़ना है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अब दो साल से कम समय बचा है। माना जा रहा है कि इसे देखते हुए बैठक के दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति पर भी गहन चर्चा हो सकती है।

मुर्मू की जीत को भुनाने में जुटी पार्टी

हाल में हुए राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा की रणनीति ने काफी असर दिखाया है। भाजपा की ओर से आदिवासी महिला उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी क्षेत्रीय दलों का समर्थन हासिल करने में कामयाब रही है। कई क्षेत्रीय दलों के समर्थन और 17 सांसदों व सौ से अधिक विधायकों की क्रॉस वोटिंग के कारण मुर्मू को बड़ी जीत हासिल हुई है। पार्टी अब इस जीत को भुनाने की कोशिश में जुट गई है और इसके तहत आदिवासी बहुल इलाकों में बड़ा अभियान छेड़ने की तैयारी है।

मुर्मू की जीत के बाद पार्टी को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में बड़ा सियासी फायदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारों का कहना है कि पार्टी इस मुहिम में राज्य सरकारों और राज्य स्तरीय पार्टी नेताओं की मदद लेना चाहती है। इस बाबत भी बैठक में चर्चा की जा सकती है।

पीएम मोदी ने काशी में की थी बैठक

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल 14 दिसंबर को अपने संसदीय क्षेत्र काशी में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी। काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद यह बैठक आयोजित की गई थी। प्रधानमंत्री की इस बैठक में 14 मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया था। करीब पांच घंटे तक चली इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने राज्य के संबंध में प्रेजेंटेशन भी दिया था। इस बैठक में भी सुशासन को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई थी और प्रधानमंत्री ने योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story