×

Presidential Election 2022: राष्ट्रपति प्रत्याशी यशवंत सिन्हा पहुंचे पटना, CM नीतीश से अपील-...बिहारी का साथ दें

राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने पटना स्थित होटल मौर्या में विपक्ष के सभी नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान यशवंत सिन्हा ने अपने पक्ष में वोट मांगा।

Network
Newstrack Network
Published on: 15 July 2022 2:30 PM GMT (Updated on: 15 July 2022 2:30 PM GMT)
presidential candidate yashwant sinha reached patna today meet tejashwi yadav and shatrughan sinha
X

राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पटना में 

Presidential Election 2022 : राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा (Presidential Candidate Yashwant Sinha) शुक्रवार को पटना पहुंचे। यशवंत सिन्हा ने राजधानी स्थित होटल मौर्या में विपक्ष के सभी नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान यशवंत सिन्हा ने अपने पक्ष में वोट मांगा। इस मौके पर बिहार विधानसभा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा (TMC MP Shatrughan Sinha) सहित कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी आज यशवंत सिन्हा पटना पहुंचे। मौर्या होटल में महागठबंधन के नेताओं के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में जीत की रणनीति बनाई जाएगी। सिन्हा आज सभी विपक्षी पार्टियों से वोट मांगे।

विपक्षी नेताओं संग मंथन

राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा शुक्रवार दोपहर पटना पहुंचे। शाम को होटल मौर्या में विपक्ष के नेताओं के साथ उन्होंने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने पक्ष में वोट मांगा। सिन्हा ने महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा समेत वामदल के सभी नेता मौजूद थे। यशवंत सिन्हा ने यहां विपक्षी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया।

'एक बार फिर बिहारी राष्ट्रपति बन सकता है'

मीडिया से बातचीत में राष्ट्रपति पद के विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि, 'मेरा जन्म पटना के लोहानीपुर में हुआ है। इसलिए मैं भी बिहारी ही हूं। इस धरती पर मेरा भी अधिकार बनता है। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद (Dr Rajendra Prasad) के बाद अगर कोई बिहारी एक बार फिर से राष्ट्रपति बन सकता है।'

नीतीश बिहारी का साथ दें

यशवंत सिन्हा ने कहा, कि 'मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) से अपील करता हूं कि उन्हें एक बिहारी का साथ देना चाहिए। यशवंत सिन्हा ने आगे कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में गोपनीय तरीके से मतदान होता है। इसमें पार्टियां व्हिप जारी नहीं किया करती। इसलिए बिहार के तमाम विधायक सांसद को एक बिहारी का साथ देते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज सुननी चाहिए और दलगत भावनाओं से उठते हुए बिहारी को ही वोट करना चाहिए।'

राष्ट्रपति 'रबड़ स्टाम्प' न हो

उन्होंने आगे कहा कि, 'शिवसेना (Shiv Sena) और झामुमो (JMM) दोनों ही पार्टियां विपक्ष की उस बैठक में थीं। जिसमें मुझे विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति का प्रत्याशी बनाना तय हुआ था। लेकिन इसके बाद मुझे नहीं मालूम कि उनकी क्या मजबूरियां हैं। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रपति का पद बड़ा है। राष्ट्रपति रबड़ स्टाम्प नहीं हो। रबड़ स्टाम्प राष्ट्रपति बना तो इस सरकार को गलती और ज्यादती करने से कोई रोक नहीं सकता।'

क्या अग्निवीर, 'सड़कवीर' बनेंगे?

इस दौरान यशवंत सिन्हा ने मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, कि अग्निपथ स्कीम (Agneepath Scheme) को लेकर बिहार में सबसे ज्यादा बवाल हुआ। चार साल के बाद भर्ती होने वाले जवान कहां जाएंगे? अग्निवीर, 'सड़कवीर' बनेंगे।

'असंसदीय शब्द' पर निकाली भड़ास

मोदी सरकार पर हमलावर रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि, 'अब पार्लियामेंट में खड़े होकर 'तानाशाह' शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकते। 'जुमलेबाजी' और 'भ्रष्ट' शब्द नहीं बोल सकते। अब सदन में सदस्य खड़ा होगा और हर वाक्य पर सत्तारुढ और चेयर पर बैठे लोग कहेंगे असंसदीय बोल रहे हैं। कोई अपनी बात ही नहीं रख पाएगा। अब पार्लियामेंट में गांधी और अंबेडकर की मूर्ति के पास कोई विरोध का प्रदर्शन नहीं कर सकते हैं। यह गलत है। अब देश में प्रजातंत्र समाप्त हो चुका है। देश की जनता नहीं जागी तो इससे भी खतरनाक रूप देखने को मिल सकता है।'

पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत

पटना एयरपोर्ट पर यशवंत सिन्हा का महागठबंधन के नेताओं ने भव्य स्वागत किया। राजद नेता आलोक मेहता, श्याम रजक, भाकपा माले (CPI ML) के महबूब आलम, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा (Madan Mohan Jha) के साथ कई नेता पटना एयरपोर्ट पर मौजूद थे। बता दें कि, बीते हफ्ते राजग (NDA) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) भी पटना पहुंची थी। उनके लिए सम्मान समारोह का आयोजन होटल मौर्या में भी हुआ था। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया था और समर्थन का वादा किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story