×

Shakti Row: 'मेरी बातें तोड़-मरोड़कर पेश करते हैं PM मोदी', 'शक्ति' विवाद पर राहुल गांधी की सफाई

Rahul Gandhi on Shakti Row: राहुल गांधी ने पोस्ट में मीडिया पर भी निशाना साधा। लिखा, 'उसी शक्ति को दिन-रात सलामी ठोकते हुए देश की मीडिया सच्चाई को दबा देती है'।

aman
Written By aman
Published on: 18 March 2024 2:01 PM GMT (Updated on: 18 March 2024 2:05 PM GMT)
Bharat Jodo Nyay Yatra, rahul gandhi news, rahul gandhi over shakti row
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी (Social Media) 

Rahul Gandhi on Shakti Row: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना और कर्नाटक के शिवमोग्गा रैली में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (PM Modi vs Rahul Gandhi) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मुकाबला 4 जून को हो जाएगा। कौन 'शक्ति का विनाश' कर सकता है और कौन 'शक्ति का आशीर्वाद’ प्राप्त करेगा। प्रधानमंत्री मोदी के हमले के बाद राहुल गांधी ने अपने शक्ति वाले बयान पर सफाई दी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री किसी-न-किसी तरह मेरी बातों को घुमाकर हमेशा उनका मतलब बदलने की कोशिश करते हैं। वायनाड सांसद ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया।

जानें क्या है 'शक्ति विवाद'?

दरअसल, राहुल गांधी ने रविवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) के समापन अवसर पर मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित रैली को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा था, 'हिन्दू धर्म में 'शक्ति' शब्द होता है। हम शक्ति से लड़ रहे हैं। एक शक्ति से लड़ रहे हैं। अब सवाल उठता है कि वह शक्ति क्या है? जैसे किसी ने यहां कहा कि, राजा की आत्मा EVM में है। सही है,...सही है कि राजा की आत्मा ईवीएम में है। हिंदुस्तान की हर संस्था में है। ED में है, सीबीआई में है, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में है।'

पीएम मोदी उस शक्ति का 'मुखौटा'

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'मोदी जी को मेरी बातें अच्छी नहीं लगतीं, किसी न किसी तरह उन्हें घुमाकर वह उनका अर्थ हमेशा बदलने की कोशिश करते हैं। क्योंकि, वह जानते हैं कि मैंने एक गहरी सच्चाई बोली है। जिस शक्ति का मैंने उल्लेख किया, जिस शक्ति से हम लड़ रहे हैं, उस शक्ति का मुखौटा मोदी जी हैं।'

'संवैधानिक ढांचे को चंगुल में दबोच लिया'

उन्होंने लिखा, 'वह एक ऐसी शक्ति है जिसने आज, भारत की आवाज़ को, भारत की संस्थाओं को, CBI, IT, ED को, चुनाव आयोग को, मीडिया को, भारत के उद्योग जगत को, और भारत के समूचे संवैधानिक ढांचे को ही अपने चंगुल में दबोच लिया है। उसी शक्ति के लिए नरेंद्र मोदी जी भारत के बैंकों से हजारों करोड़ के कर्ज माफ़ कराते हैं, जबकि भारत का किसान कुछ हज़ार रुपयों का कर्ज न चुका पाने पर आत्महत्या करता है। उसी शक्ति को भारत के बंदरगाह, भारत के हवाई अड्डे दिये जाते हैं जबकि भारत के युवा को अग्निवीर का तोहफ़ा दिया जाता है जिससे उसकी हिम्मत टूट जाती है।'

राहुल गांधी- उसी शक्ति को दिन रात सलामी ठोकती मीडिया

राहुल आगे लिखते हैं, 'उसी शक्ति को दिन रात सलामी ठोकते हुए देश की मीडिया सच्चाई को दबा देती है। उसी शक्ति के गुलाम नरेंद्र मोदी जी देश के गरीब पर GST थोपते हैं, महंगाई पर लगाम न लगाते हुए, उस शक्ति को बढ़ाने के लिए देश की संपत्ति को नीलाम करते हैं। उस शक्ति को मैं पहचानता हूं, उस शक्ति को नरेंद्र मोदी जी भी पहचानते हैं, वह किसी प्रकार की कोई धार्मिक शक्ति नहीं है, वह अधर्म, भ्रष्टाचार और असत्य की शक्ति है। इसलिए जब जब मैं उसके खिलाफ आवाज उठाता हूं, मोदी जी और उनकी झूठों की मशीन बौखलाती है, भड़क जाती है।'


aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story