×

Rajya Sabha Election: यूपी के बाद हिमाचल में भी खेला, कांग्रेस के कई विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

Rajya Sabha Election: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और चर्चित वकील अभिषेक मनु सिंघवी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि भाजपा की ओर से हर्ष महाजन उन्हें चुनौती दे रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 27 Feb 2024 7:51 AM GMT (Updated on: 27 Feb 2024 8:01 AM GMT)
Himachal Rajya Sabha Election
X

Himachal Rajya Sabha Election   (photo: social media )

Rajya Sabha Election 2024: राज्यसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के साथ ही हिमाचल प्रदेश में भी बड़ा खेला हो गया है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए मतदान के दौरान कांग्रेस के 9-10 विधायकों के क्रॉस वोटिंग किए जाने की बात सामने आई है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और चर्चित वकील अभिषेक मनु सिंघवी को चुनाव मैदान में उतारा है जबकि भाजपा की ओर से हर्ष महाजन उन्हें चुनौती दे रहे हैं।

कई कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग किए जाने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की हार का खतरा महसूस होने लगा है। हालांकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी के सभी विधायकों ने पार्टी की विचारधारा पर मतदान किया है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई थी जहां समाजवादी पार्टी के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा को समर्थन दे दिया है।

कांग्रेस के पास 40 विधायकों की ताकत

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के 40 विधायक हैं और राज्यसभा की एक सीट पर जीत हासिल करने के लिए 35 विधायकों के समर्थन की जरूरत है। इसलिए कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की जीत तय मानी जा रही थी मगर हिमाचल में भाजपा ने हर्ष महाजन को चुनावी मैदान में उतार कर कांग्रेस को अपना कुनबा एकजुट बनाए रखने की चुनौती दे दी। अब हिमाचल प्रदेश से बड़ी जानकारी सामने आ रही है जिसके मुताबिक कांग्रेस के 9-10 विधायकों ने मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की है।

अभिषेक मनु सिंघवी को बताया बाहरी

हिमाचल प्रदेश में भाजपा के पास सिर्फ 25 विधायकों की ताकत है मगर कई कांग्रेसी विधायकों के क्रॉस वोटिंग किए जाने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी की हार की आशंका जताई जाने लगी है। अभिषेक मनु सिंघवी को बाहरी बताया जा रहा है और इसे लेकर आनंद शर्मा गुट की ओर से नाराजगी भी जताई गई थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा इस बार भी हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा के टिकट के दावेदार थे मगर पार्टी हाईकमान ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया है।

मुख्यमंत्री ने किया एकजुटता का दावा

दूसरी ओर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस में पूरी तरह एकजुटता का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने पार्टी की विचारधारा के आधार पर मतदान किया है। पार्टी के सभी विधायक सरकार के पूरी तरह साथ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पैसे की अंतरात्मा की बात कर रही है क्योंकि सच्चाई तो यह है कि भाजपा की कोई अंतरात्मा है ही नहीं।

कांग्रेस विधायकों को पूरी तरह एकजुट बनाए रखने के लिए सोमवार को पार्टी विधायकों की बैठक भी आयोजित की गई थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी ने भी हिस्सा लिया था। इस बैठक के दौरान पार्टी की एकजुटता पर जोर दिया गया था मगर आज पार्टी के कई विधायकों के क्रॉस वोटिंग किए जाने की बात सामने आई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा बयान

कई कांग्रेस विधायकों के भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन को समर्थन दिए जाने की खबरों के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रति अपनी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि विधायकों की नाराजगी स्वाभाविक है क्योंकि उन्हें लगता था कि सरकार की ओर से उनके लिए कुछ कदम उठाया जाएगा। हालांकि इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी हमला बोला।

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रतिभा सिंह का अलग-अलग गुट है और इन दोनों गुटों के बीच हमेशा वर्चस्व की जंग दिखती रही है। कांग्रेस हाईकमान भी दोनों गुटों के बीच खींचतान को अभी तक खत्म नहीं कर पाया है। राज्यसभा का यह चुनाव सुक्खू के लिए प्रतिष्ठा के जंग माना जा रहा है। इस बीच राज्य के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने क्रॉस वोटिंग कीआ शंकाओं के बीच कहा है कि मेरी अंतरात्मा पूरी तरह साफ है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story