×

रविशंकर प्रसाद: द ब्लू व्हेल जैसे गेम पूरी तरह अस्वीकार्य

Gagan D Mishra
Published on: 16 Aug 2017 12:51 PM GMT
रविशंकर प्रसाद: द ब्लू व्हेल जैसे गेम पूरी तरह अस्वीकार्य
X
रविशंकर प्रसाद: द ब्लू व्हेल जैसे गेम पूरी तरह अस्वीकार्य

नई दिल्ली: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि 'ब्लू व्हेल' जैसे गेम पूरी तरह अस्वीकार्य हैं, जो युवाओं को आत्महत्या तक कर लेने को उकसाते हैं। प्रसाद ने कहा कि सरकार ने इस संबंध में सभी प्रौद्योगिकी कंपनियों को 'द ब्लू व्हेल चैलेंज' के प्रसार को रोकने के निर्देश दिए हैं।

मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित शेर-ए-पंजाब कॉलोनी में 30 जुलाई को 14 साल के एक स्कूली छात्र मनप्रीत सिंह साहनी ने कथित तौर पर इसी गेम के कारण आवासीय इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी।

यह भी पढ़े...केरल में छात्र की मौत की वजह थी ब्लू व्हेल चैलेंज, कितनी जान लेगा ये गेम

मणिपुर के एक पूर्व मंत्री के बेटे की भी दिल्ली में छत से गिरकर जान चली गई और इस मामले में भी माना जा रहा है कि 'ब्लू व्हेल' के कारण ही यह हुआ। केरल में एक किशोर ने इस गेम की चुनौतियां पूरी करने के क्रम में फांसी पर लटककर जान दे दी।

यह भी पढ़े...सुसाइड वाला खूनी खेल, ये है ब्लू व्हेल, अंजाम सिर्फ मौत

प्रसाद ने कहा, "हमें ब्लू व्हेल से संबंधित कई शिकायतें मिली हैं, जो किशोरों व युवाओं को आत्महत्या तक कर लेने को उकसाते हैं। प्रौद्योगिकी कंपनियों को इस गेम के प्रसार को रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।"

उन्होंने कहा, "मैं सभी प्रौद्योगिकी कंपनियों से सरकारी निर्देश का सख्ती से पालन करने की अपील करता हूं। ऐसे गेम पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।"

सरकार ने गूगल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट और याहू सहित तमाम प्रौद्योगिकी कंपनियों को ऐसे सभी लिंक हटाने को कहा है, जो उपभोक्ताओं को खतरनाक ऑनलाइन 'द ब्लू व्हेल चैलेंज' तक ले जाते हैं।

'द ब्लू व्हेल' खेलने वालों को 50 दिनों तक खुद को नुकसान पहुंचाने वाली कई चुनौतियां दी जाती हैं और इनके सबूत के तौर पर घटनाओं की वीडियोग्राफी करने को भी कहा जाता है। दुनियाभर में इस गेम के कारण कथित तौर पर 130 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं की मौत हो गई।

--आईएएनएस

Gagan D Mishra

Gagan D Mishra

Next Story