×

Modi Cabinet: मुख्तार के बाद आरसीपी सिंह ने भी छोड़ा पद, पीएम मोदी को सौंपा इस्तीफा

Modi Cabinet: केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा में कार्यकाल कल यानी सात जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Krishna Chaudhary
Published on: 6 July 2022 3:25 PM GMT
RCP Singh
X

आरसीपी सिंह। (Social Media)

Modi Cabinet: केंद्रीय इस्पात मंत्री और मोदी कैबिनेट में जदयू का प्रतिनिधित्व करने वाले रामचंद्र प्रसाद सिंह (Ramchandra Prasad Singh) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा में कार्यकाल कल यानी सात जुलाई को समाप्त हो रहा है। किसी जमाने में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) के सबसे भरोसेमंद माने जाने वाले आरसीपी सिंह (RCP Singh) को पिछले राज्यसभा चुनाव में जदयू ने अपना उम्मीदवार नहीं बनाया था। उनकी जगह पर झारखंड से आने वाल एक जदयू नेता को राज्यसभा भेजा गया।

जदयू द्वारा उन्हें उम्मीदवार न बनाए जाने के बाद से ही मोदी कैबिनेट (Modi Cabinet) में उनके बने रहने को लेकर अटकलें लगने लगी थीं। इस बीच कई बार ये भी अफवाह उड़ी की वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने और भाजपा नेताओं ने इसका हमेशा खंडन किया। कभी जदयू में नंबर दो की हैसियत रखने वाले आरसीपी अब पार्टी में बिल्कुल साइडलाइन कर दिए गए हैं। नौकरशाह से सियासतदां बने सिंह का अगला सियासी कदम क्या होगा, पटना से लेकर दिल्ली तक कयासों का दौर जारी है। आरसीपी के जाने के बाद एक बार मोदी मंत्रिमंडल में जदयू का प्रतिनिधित्व शून्य होगा। आने वाले दिनों में नजर इस पर भी होगी कि जदयू का कौन नेता अब सीएम नीतीश के आर्शीवाद से पीएम मोदी के कैबिनेट में शामिल होता है।

क्यों छोड़ना पड़ा मंत्री पद

बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने और बने रहने के लिए संसद के किसी न किसी सदन का सदस्य होना जरूरी होता है। अगर कोई मंत्री इन दोनों सदनों में से किसी भी सदन का हिस्सा नहीं है तो उसे छह माह के अंदर किसी सदन का सदस्य निर्वाचित होना जरूरी है। आरसीपी सिंह सात जुलाई के बाद किसी भी सदन के सदस्य नहीं रहेंगे। ऐसे में उनके इस्तीफे की अटकलें काफी दिनों से लगाई जा रही थीं।

मुख्तार भी दे चुके हैं इस्तीफा

केंद्रीय मंत्रिमंडल से आज दो मंत्रियों की विदाई हुई। आरसीपी सिंह से पहले केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Minister Mukhtar Abbas Naqvi) ने इस्तीफा दिया था। दोनों नेताओं ने पीएम मोदी को अपना त्यागपत्र सौंपा। भाजपा के बड़े अल्पसंख्यक चेहरे नकवी को उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है।

पीएम मोदी ने दोनों सहयोगियों की तारीफ की

बुधवार को इस्तीफा देने से पहले मुख्तार अब्बास नकवी (Minister Mukhtar Abbas Naqvi) और आरसीपी सिंह (RCP Singh) अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दोनों कैबिनेट सहयोगी के कार्यों की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि आपने देश के विकास में योगदान दिया है।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story