×

Richest and Poorest MLA : अमीर विधायकों के मामले में कर्नाटक नंबर वन, जानिए कौन है सबसे गरीब जनप्रतिनिधि

Richest and Poorest MLA: अगर विधायकों की संपत्ति की बात की जाए तो काफी कम लोगों को इस बात की जानकारी है कि किस राज्य के विधायकों के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा अमीर विधायकों के मामले में कर्नाटक देश में नंबर वन है।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 July 2023 7:39 AM GMT
Richest and Poorest MLA : अमीर विधायकों के मामले में कर्नाटक नंबर वन, जानिए कौन है सबसे गरीब जनप्रतिनिधि
X
Richest and Poorest MLA (photo: social media)

Richest and Poorest MLA : देश की जनता के बीच जनप्रतिनिधियों की संपत्ति हमेशा चर्चा का विषय बनी रहती है। सांसदों और विधायकों की संपत्ति से जुड़ी खबरें हमेशा मीडिया और सोशल मीडिया में छाई रहती हैं। वैसे अगर विधायकों की संपत्ति की बात की जाए तो काफी कम लोगों को इस बात की जानकारी है कि किस राज्य के विधायकों के पास सबसे ज्यादा संपत्ति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा अमीर विधायकों के मामले में कर्नाटक देश में नंबर वन है।

इस रिपोर्ट में हैरान करने वाली बात यह है कि कर्नाटक के 14 फ़ीसदी विधायकों की संपत्ति 100 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है। रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि देश के तीनों सबसे ज्यादा अमीर विधायकों का ताल्लुक भी इसी राज्य से है। कर्नाटक में हाल ही में विधानसभा चुनाव हुए थे जिसमें कांग्रेस ने भाजपा को पटखनी देते हुए बड़ी जीत हासिल की थी।

डीके शिवकुमार सबसे अमीर विधायक

एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा अमीर विधायकों वाले राज्य कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार देश के सबसे ज्यादा अमीर विधायकों की सूची में नंबर वन पर हैं। शिवकुमार लंबे समय से कर्नाटक में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा रहे हैं और मौजूदा समय में प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान भी उन्हीं के पास है।

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद उन्हें सीएम पद का मजबूत दावेदार भी माना जा रहा था मगर आखिरकार सिद्धारमैया ने बाजी मार ली। डीके शिवकुमार की संपत्ति हमेशा चर्चा का विषय रही है। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक उनके पास 1413 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसे लेकर भाजपा समय-समय पर शिवकुमार पर हमला भी करती रही है।

दूसरे और तीसरे सबसे रईस विधायक भी कर्नाटक से ही

एडीआर की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा भी किया गया है कि डीके शिवकुमार के बाद देश के दूसरे दूसरे और तीसरे सबसे रईस विधायकों का ताल्लुक भी कर्नाटक राज्य से ही है। देश के दूसरे सबसे अमीर विधायक कर्नाटक के केएस पुट्टास्वामी गौड़ा है। निर्दलीय विधायक गौड़ा व्यवसायी हैं और उनके पास कुल करीब 1267 करोड़ रुपए की संपत्ति है। संपत्ति के मामले में तीसरे पायदान पर कर्नाटक की प्रिया कृष्णा हैं। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाली प्रिया कृष्णा के पास करीब 1156 करोड़ रुपए की संपत्ति है।

इन तीनों विधायकों के अलावा कर्नाटक के कई और विधायक भी काफी अमीर हैं। यदि देशव्यापी स्तर पर देखा जाए तो देश के 20 सबसे अमीर विधायकों में 12 का ताल्लुक कर्नाटक से ही है। इससे साफ है कि रईसी के मामले में कर्नाटक के विधायक देश के अन्य राज्यों से काफी आगे हैं।

अरुणाचल प्रदेश नंबर दो पर

नॉर्थ ईस्ट के प्रमुख राज्य अरुणाचल प्रदेश के विधायक भी संपत्ति के मामले में काफी आगे हैं। अमीर विधायकों वाले राज्य के मामले में कर्नाटक के बाद अरुणाचल प्रदेश का दूसरा नंबर है। राज्य के 59 में से 4 विधायक ऐसे हैं जिनके पास सौ करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। यदि प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो राज्य के सात फ़ीसदी विधायक अरबपति हैं। अरुणाचल प्रदेश में विधायकों की यह संपत्ति भी चर्चा का विषय रही है।

कर्नाटक के 32 विधायक अरबपति

कर्नाटक में हाल ही में विधानसभा चुनाव हुआ था और इस चुनाव के दौरान देश में सबसे अधिक अरबपति चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इस बार कर्नाटक में चुनाव जीतने वाले 32 विधायक ऐसे हैं जिनके पास 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। यदि प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो राज्य के 14 फीसदी विधायकों के पास 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है।

देश के 10 सबसे ज्यादा अमीर विधायकों में चार का ताल्लुक कांग्रेस और तीन का भाजपा से है। कर्नाटक के चर्चित खनन कारोबारी जनार्दन रेड्डी एडीआर की सूची में 23वें नंबर पर हैं। उन्होंने अपनी अधिकांश संपत्ति अपनी पत्नी अरुणा लक्ष्मी के नाम पर कर रखी है।

भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप

एडीआर की रिपोर्ट जारी होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी शुरू हो गया है। कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद ने डीके शिवकुमार का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने व्यवसाय से संपत्ति हासिल की है और इसमें बुराई भी क्या है। उन्होंने खनन घोटाले का जिक्र करते हुए भाजपा विधायकों की संपत्ति पर सवाल भी उठाए।

दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ अमीर लोगों से ही प्यार है। शिवकुमार ने अपनी सफाई में कहा कि मैं सबसे अमीर आदमी नहीं हूं मगर मैं गरीब भी नहीं हूं। उन्होंने कहा कि मैंने लंबी अवधि में व्यवसाय के जरिए यह संपत्ति हासिल की है।

पश्चिम बंगाल के निर्मल धारा सबसे गरीब विधायक

एडीआर की इस रिपोर्ट में देश के सबसे गरीब विधायक के नाम का खुलासा भी किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक देश के सबसे गरीब विधायक पश्चिम बंगाल के निर्मल कुमार धारा हैं। उन्होंने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 1700 रुपए घोषित की थी। उन्होंने अपने हलफनामे में यह भी जिक्र किया था कि उनके बैंक अकाउंट में एक भी पैसा नहीं है।

उनके बाद देश के दो और सबसे गरीब विधायकों का संबंध ओडिशा और पंजाब से है।

ओडिशा के निर्दलीय विधायक मकरंदा मुदुली के पास सिर्फ 15,000 रुपए की संपत्ति है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले नरिंदर पाल सिंह सावला तीसरे नंबर पर हैं और उनके पास सिर्फ 18,370 रुपए की संपत्ति है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story