×

Weather Update Today: यूपी पर मानसून मेहरबान, आज भी होगी झमाझम बारिश, कई अन्य राज्यों में IMD का ऑरेंज अलर्ट

Weather Today 7 August 2023: मौसम विभाग ने आज नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 Aug 2023 5:02 AM GMT
Weather Update Today: यूपी पर मानसून मेहरबान, आज भी होगी झमाझम बारिश, कई अन्य राज्यों में IMD का ऑरेंज अलर्ट
X
Weather Today (photo: Newstrack.com )

Weather Today 7 August 2023: देश के कई इलाकों में इन दिनों मानसून की सक्रियता का खासा असर दिख रहा है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इन सभी राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी अभी झमाझम बारिश का दौर बना रहेगा। रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश,बिहार, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश होने की आशंका है।

इन राज्यों में आईएमडी का ऑरेंज अलर्ट

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बहुत भारी बारिश होने की आशंका है और इन दोनों राज्यों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आज बिहार, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज आंधी के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में आज आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे मगर बारिश होने की उम्मीद नहीं दिख रही है। इस कारण राजधानी के लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 2.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कुछ दिनों से झमाझम बारिश का दौर बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को जोरदार बारिश हुई है। वाराणसी में रविवार की दोपहर से देर रात तक बारिश का दौर बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में आने वाले कई दिनों तक बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश

स्काईमेट वेदर के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, तटीय कर्नाटक, केरल और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तरी पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, गुजरात, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और ओडिशा में हल्की बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story