×

Weather Today: सावधान! कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा बनेगा मुसीबत, इन इलाकों में दिखेगा कहर

Weather Today 30 December 2022: उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई राज्यों में नए साल की शुरुआत शीतलहर और घने कोहरे के बीच होगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 30 Dec 2022 3:04 AM GMT
Weather Today
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Weather Today 30 December 2022: उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई राज्यों में नए साल की शुरुआत शीतलहर और घने कोहरे के बीच होगी। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है मगर उसके बाद तापमान में फिर गिरावट आएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक नए साल के पहले दिन हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ आदि इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही शीतलहर भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनेगी।

कई इलाकों में कोल्ड डे की आशंका

आईएमडी के मुताबिक 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ आदि इलाकों में कोल्ड डे की संभावना जताई गई है। मौसम के जानकारों के मुताबिक जब किसी इलाके का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है या अधिकतम तापमान में सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाती है तब मौसम विभाग की ओर से कोल्ड डे घोषित किया जाता है। नए साल की शुरुआत में देश के कई इलाकों में ऐसे ही स्थिति बनती हुई दिख रही है।

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड

हरियाणा और पंजाब में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और गुरुवार को कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई इलाकों में देर रात से सुबह तक घना कोहरा छाया रहा जिसकी वजह से दृश्यता काफी कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक हिसार हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस और नारनौल में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के कई जिलों में भी इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और गुरुवार को रूपनगर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में शीतलहर की आशंका

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली मगर मौसम विभाग का कहना है कि 31 दिसंबर से दिल्ली के अधिकांश इलाकों में भीषण ठंड और शीतलहर की आशंका है। नए साल की शुरुआत में राजधानी में ठंड का कहर और बढ़ जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा समय में दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है। खाड़ी क्षेत्र से बहने वाली गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत जरूर मिली है मगर इसके बाद अब कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनेगी।

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में 31 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में और गिरावट की आशंका जताई गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान घटकर 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है जबकि 2 जनवरी को न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।

राजस्थान में ठंड और कोहरे का कहर

पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के लोगों ने गुरुवार को राहत की सांस ली क्योंकि तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को राजधानी जयपुर समेत हनुमानगढ़ चुरु, गंगानगर, बीकानेर और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के लोगों को अभी भले ही ठंड से थोड़ी राहत मिली हो मगर 31 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनेगी।

मौसम विभाग का कहना है कि 31 दिसंबर के बाद राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से में घना कोहरा भी लोगों के लिए मुश्किलें पैदा करेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश भी इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। इन इलाकों में भी 31 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड के साथ घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story