×

आईएफएस ने IAS के खिलाफ खोला मोर्चा, मेगा प्रोजेक्ट्स के दुरुपयोग का आरोप

By
Published on: 9 Jun 2017 3:58 AM GMT
आईएफएस ने IAS के खिलाफ खोला मोर्चा, मेगा प्रोजेक्ट्स के दुरुपयोग का आरोप
X

sanjiv saran

आगरा: आगरा में तैनात अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (सीनियर आईएफएस) एके जैन ने प्रदेश के पूर्व प्रमुख सचिव वन एवं वर्तमान में अपर मुख्य सचिव संजीव सरन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पत्र में ऐ के जैन ने अपर मुख्य सचिव पर संगीन आरोप लगाए है, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

उन्होंने सरन को लिखे गए अर्धशासकीय पत्र में उन पर दुबई और लंदन में अपने होटलों का प्रचार-प्रसार करने के लिए विभाग के मेगा प्रोजेक्टों का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए हैं।

जैन ने आठ मई 2017 को सीनियर आईएएस संजीव सरन को संबोधित अर्धशासकीय पत्र संख्या 1626/2-1 में लिखा है कि जनवरी-फरवरी 2017 निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध न कराने पर सरन द्वारा चेतावनी देते हुए उस पत्र को चरित्र पंजिका में रखने के आदेश दिए थे। पत्र में कहा गया है कि चेतावनी जारी करने से पहले उन्हें पत्र लिखकर कारण बताया जाना जरूरी था। पत्र में सरन के लखनऊ, नोएडा, लंदन और दुबई में अरबों की संपत्ति का भी उल्लेख किया गया है। 5 जून 2017 को लिखे गए एक अन्य पत्र में वनमंत्री से मिलने का समय मांगा गया है।

कहा गया है कि वह जल्द ही सीएम को भी सरन की कारगुजारियों से अवगत कराएंगे। इस संबंध में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एके जैन से सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पत्र के बारे में फोन पर पूछा तो उन्होंने कहा कि वे पत्र तो लिखते रहते हैं। इस पत्र के बारे में उन्हें अभी याद नहीं है। फाइल में ही रखे होंगे। फाइल में देखकर बाद में बता सकते हैं।

Next Story