×

Lok Sabha Election 2024: कमजोर संगठन और बड़ी है लड़ाई, कार्यवाहक चला रहे काम

Jhansi News: आश्चर्य की बात है कि चुनाव प्रक्रिया चल रही है पर कांग्रेस की शहर व जिला कमेटी को प्रदेश हाईकमान ने अब तक स्वीकृति ही नहीं दी है।

B.K Kushwaha
Published on: 19 March 2024 5:00 AM GMT
Congress samajwadi party
X

Congress samajwadi party  (PHOTO: Social media )

Jhansi News: वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परंतु उसके अनुरूप कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के स्थानीय स्तर पर संगठन में भाजपा की तरह मजबूती नहीं दिखाई पड़ रही है।

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब तक अपना प्रत्याशी घोषित ही नहीं कर सकी है। वैसे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य का नाम तय सा माना जा रहा है।

कांग्रेस में चुनाव से पूर्व टिकट तय करने के लिए पहले आब्जर्वर संसदीय क्षेत्र में जाकर जायजा लेते थे, उसके बाद अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपते थे। आब्जर्वर की रिपोर्ट के बाद प्रत्याशी चयन और टिकट घोषित किया जाता था, पर इस बार कोई आब्जर्वर नहीं आया। अलबत्ता हमीरपुर के दिनेश सिंह को-ऑर्डीनेटर जरूर बनाए गए थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार को-ऑर्डीनेटर को पांच आवेदन दिए गए थे, जिनमें प्रदीप जैन आदित्य,बृजेंद्र व्यास (डमडम महाराज) , सुधांशु त्रिपाठी, राजेंद्र सिंह यादव और मनीराम कुशवाहा ने आवेदन देते हुए टिकट की मांग की थी।

कार्यवाहक चला रहे काम-

आश्चर्य की बात है कि चुनाव प्रक्रिया चल रही है पर कांग्रेस की शहर व जिला कमेटी को प्रदेश हाईकमान ने अब तक स्वीकृति ही नहीं दी है। अरविंद वशिष्ठ के कांग्रेस छोड़ने के बाद मनोज गुप्ता को पार्टी का कार्यवाहक शहर अध्यक्ष बनाया गया। लेकिन उसके बाद से अब तक उन्हें स्थाई ही नहीं किया गया साथ ही उनकी कार्यकारिणी को भी स्वीकृति नहीं दी गई। यही हाल जिलाध्यक्ष भगवानदास कोरी का है, उन्हें भी प्रदेश सचिव बना दिया गया है ऐसे में वह जिले में काम करें या प्रदेश स्तर पर वह इसी असमंजस में हैं।

हारे फिर भी जता रहे खुशी-

कुछ माह पूर्व हुए नगर निगम चुनाव में कांग्रेस सभी 60 वार्ड में अपने प्रत्याशी ही नहीं उतार सकी। हालांकि कांग्रेस शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बीते नगर निगम चुनाव में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में पांच गुना अधिक वोट प्राप्त करने का दावा किया।

समन्वय में भी सुस्ती-

गठबंधन के चलते समाजवादी पार्टी चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार व जनसम्पर्क करेगी। यहां सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि भले ही कांग्रेस और सपा के साथ आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी का गठबंधन हो पर इन पार्टियों ने स्थानीय स्तर पर लोकसभा चुनाव को लेकर अब तक कोई अधिकारिक समन्वय बैठक नहीं की है। वहीं चुनाव को लेकर साझा रणनीति भी तैयार नहीं की जा सकी है। इसके बाद भी समाजवादी पार्टी के झांसी जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह यादव और ललितपुर जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता की तरह मजबूत संगठन, शहर, जिला,विधानसभा और वार्ड कमेटियां पूरी तरह से सक्रिय होने का दावा किया है। साथ ही पार्टी सदस्यों की संख्या, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की तैनाती के साथ अन्य समीकरण भी गिनाए।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story