×

Loksabha Election 2024: फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर किसका पलड़ा है भारी, जानें समीकरण

Loksabha Election 2024 Fatehpur Sikri Seats Details: फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भाजपा ने राज कुमार चाहर पर दुबारा दांव लगाया है। जबकि कांग्रेस ने रामनाथ सिंह सिकरवार और बसपा ने ब्राह्मण मतदाताओं को साधने के लिए रामनिवास शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 25 April 2024 1:30 AM GMT (Updated on: 25 April 2024 1:30 AM GMT)
Loksabha Election 2024: फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर किसका पलड़ा है भारी, जानें समीकरण
X

Loksabha Election 2024: यूपी के आगरा जिले की दूसरी लोकसभा सीट फतेहपुर सीकरी की सियासी हवा ताजनगरी से मिलती जुलती रहती है। जाटलैंड कहे जाने वाले फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भाजपा ने राज कुमार चाहर पर दुबारा दांव लगाया है। जबकि इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस ने रामनाथ सिंह सिकरवार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बसपा ने ब्राह्मण मतदाताओं को साधने के लिए रामनिवास शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।

भाजपा उम्मीदवार राज कुमार चाहर के खिलाफ पार्टी के ही विधायक बाबूलाल चौधरी के बेटे ने महासंग्राम का ऐलान कर दिया है। कहा जा रहा है कि भाजपा की अपनों की बगावत खेल बिगाड़ सकती है। हालांकि, भाजपा विधायक बाबूलाल चौधरी का कहना है कि उनका विरोध पार्टी से नहीं, सिर्फ लोकसभा उम्मीदवार से है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प है कि यह मामला शांत होता है या पार्टी को नुकसान उठाना पड़ता है। अगर लोकसभा चुनाव 2019 की बात करें तो भाजपा के राज कुमार चाहर ने कांग्रेस के उम्मीदवार रहे राज बब्बर को 4,95,065 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में राज कुमार चाहर को 6,67,147 और राज बब्बर 1,72,082 वोट मिले थे। जबकि सपा बसपा के संयुक्त उम्मीदवार श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित को 1,68,043 वोट मिले थे।

वहीं लोकसभा चुनाव 2014 में मोदी लहर के दौरान भाजपा के बाबूलाल चौधरी ने बसपा की उम्मीदवार और सांसद सीमा उपाध्याय को 1,73,106 वोट से हराकर कमल खिलाया था। इस चुनाव में बाबूलाल चौधरी को 4,26,589 और सीमा उपाध्याय को 2,53,483 वोट मिले थे। जबकि सपा के रानी पक्षालिका सिंह को 2,13,397 वोट मिले थे। वहीं रालोद के अमर सिंह को महज 24,185 वोट पर संतोष करना पड़ा था।

यहां जानें फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के बारे में

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र का निर्वाचन संख्या 19 है।

यह लोकसभा क्षेत्र 2008 में अस्तित्व में आया था।

इस लोकसभा क्षेत्र का गठन आगरा जिले के 5 विधानसभा क्षेत्र- आगरा ग्रामीण, फ़तेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह को मिलाकर किया गया है।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा के 5 विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।

यहां कुल 17,18,837 मतदाता हैं। जिनमें से 7,78,033 पुरुष और 9,40,752 महिला मतदाता हैं।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर 2019 में हुए चुनाव में कुल 10,38,460 यानी 60.42 प्रतिशत मतदान हुआ था।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास

फतेहपुर सीकरी मुगलकालीन स्मारकों, बुलंद दरवाजा और शेख सलीम चिश्ती की दरगाह के लिए विख्यात है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट 2009 में अस्तित्व में आई थी। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट का पहला चुनाव बड़ा रोचक था। यहां की जनता ने पहले चुनाव में जीत का सेहरा बसपा के सिर बांधा और बसपा उम्मीदवार को जीता कर दिल्ली भेजा। 2009 लोकसभा चुनाव फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के लिए पहला चुनाव था। पहले चुनाव में बसपा ने उस समय के कद्दावर नेता रामवीर उपाध्याय की पत्नी को टिकट देकर मैदान में उतारा था तो वही कांग्रेस ने अभिनेता राज बब्बर को टिकट दिया था। भाजपा ने भदावर राज घराने के राजा महेंद्र अरिदमन सिंह को उम्मीदवार बनाया था। सपा के रघुराज सिंह शाक्य मैदान थे। बसपा उम्मीदवार सीमा उपाध्याय और कांग्रेस के राज बब्बर के बीच सीधी लड़ाई नजर आयी।

बसपा उम्मीदवार सीमा उपाध्याय को राज बब्बर ने कड़ी टक्कर दी पर जनता से सीमा उपाध्याय को फतेहपुर सीकरी सरताज बना दिया। इस कड़ी चुनावी लड़ाई में बसपा की सीमा उपाध्याय ने 30.1 प्रतिशत वोट पाकर जीत दर्ज तो वही कांग्रेस के राज बब्बर 28.7 प्रतिशत वोट पाकर दूसरे नंबर रहे। वहीं भाजपा उम्मीदवार को 22 प्रतिशत और सपा उम्मीदवार को करीब 15 प्रतिशत वोट मिले थे। लेकिन इसके बाद से हुए दोनों चुनावों में जाट नेताओं का दबदबा रहा है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर चुनाव रोचक रहता है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के चुनाव परिणाम पर सभी की नजरे रहती है । क्योकि फतेहपुर सीकरी का चुनाव परिणाम आस पास कई लोकसभा सीट पर असर डालता है।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण

फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो यहां पर 3.10 लाख क्षत्रिय मतदाता हैं। जबकि 3.50 लाख से अधिक ब्राह्मण मतदाता हैं। इसके अलावा करीब 2 लाख जाट और पौने 2 लाख लोधी मतदाता हैं। वहीं 1.40 लाख के करीब जाटव मतदाता हैं। बता दें कि कुशवाहा और वैश्य के मतदाताओं के साथ-साथ मुस्लिम भी मजबूत स्थिति में हैं।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से अब तक चुने गए सांसद

  • बसपा से सीमा उपाध्याय 2009 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से बाबूलाल चौधरी 2014 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से राज कुमार चाहर 2019 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story