×

Lok Sabha Election 2024: इस लोकसभा सीट पर होगी दो डॉक्टरों की भिड़ंत, शर्मा की हैट्रिक रोक पाएंगे नागर!

Lok Sabha Election 2024: डॉ महेंद्र नागर की उम्मीदवारी के ऐलान के बाद अब गौतम बुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में दो डॉक्टरों के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है।

Anshuman Tiwari
Published on: 17 March 2024 4:30 AM GMT
Lok Sabha Election 2024
X

डॉ. महेश शर्मा और डॉ. महेंद्र सिंह नागर (सोशल मीडिया)

Lok Sabha Election 2024: देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में घोषित प्रत्याशियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इस बार के लोकसभा चुनाव में कई सीटों पर दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है और इन सीटों में उत्तर प्रदेश की गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट भी शामिल है। इस लोकसभा सीट पर दो डॉक्टरों के बीच होने वाली भिड़ंत पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं।

भाजपा ने गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर एक बार फिर डॉक्टर महेश शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है जो कि हैट्रिक लगाने के लिए ताल ठोकते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को जारी अपनी पांचवीं सूची में इस सीट पर पेशे से डॉक्टर महेंद्र सिंह नागर को चुनावी अखाड़े में उतारने का ऐलान किया है। डॉ महेंद्र सिंह नागर भी लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय बने हुए हैं और इस कारण इस लोकसभा क्षेत्र में दो डॉक्टरों के बीच दिलचस्प मुकाबले की बिसात बिछ गई है।

डॉक्टरी पेशे के बाद सियासी मैदान में उतरे महेश शर्मा

भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर महेश शर्मा ने 1983 में जनरल फिजिशियन के रूप में अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। उस समय उन्होंने नोएडा के सेक्टर 19 में अपना एक छोटा सा क्लिनिक खोला था। बाद में उन्होंने नोएडा के लोगों की चिकित्सा सुविधा पूरी करने के लिए एक बड़ा अस्पताल खोलने का फैसला किया।

चिकित्सा क्षेत्र में करीब 25 साल से अधिक का समय बिताने के बाद उन्होंने सियासी मैदान में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया था। 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बसपा के सुरेंद्र सिंह नागर से हार का सामना करना पड़ा था। सुरेंद्र सिंह नागर बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे और मौजूदा समय में वे राज्यसभा सदस्य हैं।

इस बार हैट्रिक लगाने के लिए अखाड़े में उतरे

बाद में 2012 के विधानसभा चुनाव में डॉ महेश शर्मा नोएडा विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए। दो साल बाद में 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने उन्हें गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा और वे सांसद बनने में कामयाब रहे। फिर उन्हें केंद्र सरकार में मंत्री बनने का भी मौका मिला।

2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की। भाजपा में एक बार फिर डॉक्टर महेश शर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें इस बार चुनाव मैदान में उतारा है। इस तरह वे गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर इस बार हैट्रिक लगाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं।

सपा ने डॉक्टर नागर को मैदान में उतारा

दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी। पार्टी की पांचवीं सूची में गौतम बुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से डॉ महेंद्र सिंह नागर को चुनाव मैदान में उतारा गया है। महेंद्र सिंह नागर भी पेशे से डॉक्टर हैं और 1999 से ही राजनीति के मैदान में सक्रिय बने हुए हैं। पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने पर डॉक्टर नागर ने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं पिछले 25 वर्षों से सार्वजनिक सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहा हूं और जनता का भरोसा जीतने का पूरा प्रयास करूंगा।

गुर्जर समाज से ताल्लुक रखने वाले डॉक्टर महेंद्र सिंह नागर 2006 से 2016 तक गौतम बुद्ध नगर में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। गाजियाबाद के लोहिया नगर में वे नागर अस्पताल भी चलाते हैं।

कांग्रेस के बाद सपा में हुए थे शामिल

कांग्रेस में लंबे समय तक सक्रिय रहने के बाद उन्होंने 2022 में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने डॉक्टर नागर पर भरोसा जताते हुए उन्हें गौतम बुद्ध नगर से चुनाव मैदान में उतार दिया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद डॉक्टर नागर ने सपा मुखिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

दो डॉक्टरों के बीच होगा दिलचस्प मुकाबला

डॉ नागर की उम्मीदवारी के ऐलान के बाद अब गौतम बुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र में दो डॉक्टरों के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद है। अब यह देखने वाली बात होगी कि डॉक्टर नागर डॉक्टर महेश शर्मा को हैट्रिक लगाने से रोकने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अभी तक इस लोकसभा सीट को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। बसपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद इस इलाके का समीकरण साफ होने की उम्मीद है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story