×

महाराष्ट्र में कल्याण सीट का विवाद सुलझा, फडणवीस ने किया CM शिंदे के बेटे श्रीकांत के नाम का ऐलान

भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अब साफ तौर पर ऐलान किया है कि इस लोकसभा सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और मौजूदा सांसद श्रीकांत शिंदे महायुति के उम्मीदवार होंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 April 2024 10:13 AM GMT
Kalyan seat dispute resolved in Maharashtra, Fadnavis announced the name of CM Shindes son Shrikant
X

महाराष्ट्र में कल्याण सीट का विवाद सुलझा, फडणवीस ने किया CM शिंदे के बेटे श्रीकांत के नाम का ऐलान: Photo- Social Media

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दौरान कई राज्यों में विभिन्न लोकसभा सीटों को लेकर सहयोगी दलों के बीच तकरार और खींचतान की स्थिति बनी हुई है। ऐसी सीटों में महाराष्ट्र की कल्याण लोकसभा सीट (Kalyan Lok Sabha Seat) भी शामिल रही है जिसे लेकर शिंदे गुट और भाजपा (BJP) के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही थी। हालांकि भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Deputy CM Devendra Fadnavis) ने अब साफ तौर पर ऐलान किया है कि इस लोकसभा सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और मौजूदा सांसद श्रीकांत शिंदे महायुति के उम्मीदवार होंगे।

इस लोकसभा सीट पर श्रीकांत शिंदे का मुकाबला शिवसेना के उद्धव गुट की उम्मीदवार और तेजतर्रार नेता वैशाली दरेकर के साथ होगा। उद्धव गुट की ओर से वैशाली की उम्मीदवारी का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। वैशाली इस सीट से पहले भी लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं और अब इस सीट पर कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा कर रही थी श्रीकांत का विरोध

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच कल्याण लोकसभा सीट को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। दरअसल कल्याण के भाजपा नेताओं की ओर से श्रीकांत शिंदे की उम्मीदवारी का विरोध किया जा रहा था। कल्याण इलाके से जुड़े भाजपा नेताओं ने डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करके अपना विरोध भी जताया था।

भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के समर्थकों ने ऐलान किया था कि यदि शिंदे को उम्मीदवार बनाया गया तो भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता उनका प्रचार नहीं करेंगे। गायकवाड़ का कहना था कि ठाणे और कल्याण दोनों सीटें शिंदे गुट को नहीं दी जानी चाहिए।

Photo- Social Media

फडणवीस ने किया श्रीकांत के नाम का ऐलान

दूसरी और शिंदे गुट कल्याण सीट को छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। 2019 के लोकसभा चुनाव में श्रीकांत शिंदे ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। वे पहले से ही क्षेत्र में प्रचार कार्य में जुटे हुए थे। अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विवाद को खत्म करते हुए श्रीकांत शिंदे की उम्मीदवारी का ऐलान कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ श्रीकांत शिंदे के चुनाव प्रचार में जुटेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीकांत शिंदे पिछले चुनाव के मुकाबले अधिक मतों से जीत कर लोकसभा पहुंचेंगे। वैसे फडणवीस ने शिंदे की उम्मीदवारी का ऐलान जरूर कर दिया है मगर पार्टी के स्थानीय नेताओं ने चुप्पी साध रखी है।

उद्धव गुट ने तेजतर्रार वैशाली को उतारा

महाविकास अघाड़ी गठबंधन में कल्याण लोकसभा सीट उद्धव गुट के खाते में गई है और उद्धव गुट ने इस लोकसभा सीट पर अपनी तेजतर्रार नेता वैशाली दरेकर को चुनाव मैदान में उतारा है। वैशाली को आक्रामक तेवर वाली नेता के रूप में माना जाता है और वे राज ठाकरे के उम्मीदवार के रूप में 2009 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कॉमर्स से ग्रेजुएट वैशाली दरेकर को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आक्रामक अभियान के लिए जाना जाता रहा है। वे कल्याण नगर महापालिका में विपक्ष के नेता के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कई दिग्गज नेताओं की दावेदारी नकार कर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। शिवसेना के साथ राजनीति की शुरुआत करने वाली वैशाली ने बाद में राज ठाकरे की पार्टी का दामन थाम लिया था। 2018 में उन्होंने फिर उद्धव के नेतृत्व वाली शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की और तभी से उन्हें उद्धव गुट का मजबूत चेहरा माना जाता है।

कल्याण में कड़ा मुकाबला होने के आसार

2019 के लोकसभा चुनाव में कल्याण लोकसभा सीट पर श्रीकांत शिंदे को जीत हासिल हुई थी मगर अब शिवसेना दो गुटों में बंट गई है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि श्रीकांत शिंदे जनता का समर्थन हासिल कर पाने में कामयाब होते हैं या नहीं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से की गई बगावत के कारण उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने इस लोकसभा क्षेत्र को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। वे मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे को पटखनी देकर सियासी बदला चुकाना चाहते हैं। ऐसे में इस लोकसभा क्षेत्र में कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story