×

Lok Sabha Election 2024: रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका, अमेठी और वायनाड से ताकत दिखाएंगे राहुल गांधी

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के दौरान रायबरेली से प्रियंका गांधी की चुनावी एंट्री होगी। पार्टी ने उन्हें इस सीट पर चुनाव मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी और वायनाड दोनों लोकसभा सीटों से चुनावी अखाड़े में उतरेंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 6 March 2024 12:34 PM GMT
Priyanka will contest elections from Rae Bareli, Rahul Gandhi will show strength from Amethi and Wayanad
X

रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका, अमेठी और वायनाड से ताकत दिखाएंगे राहुल गांधी: Photo- Social Media

Lok Sabha Election 2024: अगले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की दो सीटों पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। रायबरेली और अमेठी की इन बहुचर्चित सीटों को लेकर लंबे समय से तमाम तरह की अटकलें लगती रही हैं मगर अब यह दौर खत्म होने वाला है। इन दोनों सीटों को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है और अब कांग्रेस ने इन दोनों सीटों को लेकर बड़ा फैसला कर लिया है। खबर है कि अगले लोकसभा चुनाव के दौरान रायबरेली से प्रियंका गांधी की चुनावी एंट्री होगी। पार्टी ने उन्हें इस सीट पर चुनाव मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी और वायनाड दोनों लोकसभा सीटों से चुनावी अखाड़े में उतरेंगे।

वैसे पार्टी की ओर से अभी तक इस बाबत आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। वैसे वायनाड में वामदलों ने राहुल के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं क्योंकि पार्टी ने इस सीट पर अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है।

Photo- Social Media

रायबरेली से प्रियंका की चुनावी एंट्री

सियासी हल्कों में प्रियंका गांधी की लोकसभा सीट को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार प्रियंका गांधी रायबरेली की लोकसभा सीट से चुनावी राजनीति में उतरने वाली हैं। लंबे समय तक रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली सोनिया गांधी ने पहले ही इस बार लोकसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था जिसके बाद अब वे राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बन चुकी हैं। सोनिया गांधी के इस फैसले के बाद से ही इस बात के कयास लगते रहे हैं कि इस बार रायबरेली लोकसभा सीट से गांधी परिवार के किसी सदस्य को ही चुनावी अखाड़े में उतारा जाएगा।

रायबरेली में हाल में इस तरह के पोस्टर लगाए गए थे जिसमें इस सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाने का अनुरोध किया गया था। इन पोस्टरों में रायबरेली के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी से चुनाव मैदान में उतरने का आग्रह किया गया था। सूत्रों का कहना है कि अब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से प्रियंका गांधी को इस सीट से चुनावी अखाड़े में उतारा जाएगा।

Photo- Social Media

अमेठी और वायनाड से उतरेंगे राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 में अमेठी और वायनाड दोनों लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ा था। अमेठी लोकसभा सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्हें करीब 55 हजार मतों से हरा दिया था। हालांकि वायनाड सीट पर राहुल गांधी चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे।

अगले लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल अमेठी और वायनाड को दोनों लोकसभा सीटों से चुनाव मैदान में उतरेंगे। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक राहुल और प्रियंका के चुनाव क्षेत्र के बारे में कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है मगर माना जा रहा है कि जल्द ही पार्टी इस बाबत ऐलान कर देगी। अमेठी में भी राहुल गांधी को स्मृति ईरानी की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि वे चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार क्षेत्र में सक्रिय बनी हुई हैं।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से तीन बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं।

गांधी परिवार के लिए क्यों अहम है रायबरेली सीट

रायबरेली को गांधी परिवार का गढ़ यूं ही नहीं माना जाता। सोनिया गांधी पिछले चार बार से यहां लगातार लोकसभा चुनाव जीतती रही हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश में मोदी लहर के बावजूद भाजपा को इस सीट पर जीत हासिल नहीं हुई थी और सोनिया गांधी ने जीत हासिल करके भाजपा को भारी झटका दिया था। सोनिया गांधी 2006 से लगातार इस सीट से जीत हासिल करती रही हैं।

Photo- Social Media

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति फिरोज गांधी भी रायबरेली संसदीय सीट से सांसद रह चुके हैं। इन कारणों से प्रियंका गांधी के लिए रायबरेली लोकसभा क्षेत्र सबसे मुफीद माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी हाल में कहा था कि रायबरेली और अमेठी के लोगों का गांधी परिवार से पारिवारिक रिश्ता रहा है। दोनों क्षेत्रों के लोग चाहते हैं कि गांधी परिवार ही उनका प्रतिनिधित्व करे।

प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में काफी सक्रिय रह चुकी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के समय भी उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार किया था। इसके अलावा वे रायबरेली में अपनी मां का चुनाव प्रचार करने के लिए भी समय-समय पर जाती रही हैं। प्रियंका गांधी ने अभी तक कोई चुनाव नहीं लड़ा है। ऐसे में कांग्रेस रायबरेली को प्रियंका गांधी के लिए सुरक्षित सीट मान रही है।

Photo- Social Media

राहुल-प्रियंका का किससे होगा मुकाबला

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने अभी हाल में उत्तर प्रदेश की 51 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए थे। इन उम्मीदवारों में अमेठी लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल था। ऐसे में अमेठी में एक बार फिर राहुल और स्मृति ईरानी के बीच मुकाबले की बिसात बिछ गई है। रायबरेली लोकसभा सीट पर भाजपा ने अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस सीट पर पार्टी की ओर से विधायक मनोज पांडेय को चुनावी अखाड़े में उतारा जा सकता है।

सपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव जीतने वाले मनोज पांडेय ने हाल में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा को समर्थन दिया था। उनकी इस क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है और ऐसे में पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाकर प्रियंका की राह मुश्किल बनाने की कोशिश कर सकती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story