×

Loksabha Elections: लखनऊ से इस पूर्व प्रधानमंत्री ने लड़े सबसे ज्यादा चुनाव, लगातार पांच बार रहे सांसद

Lucknow Loksabha Seat: अटल बिहारी बाजपेई ने लखनऊ लोकसभा से 1991 में पहली बार जीत दर्ज की। इसके बाद से आज तक सीट से भाजपा का विजय रथ कभी नहीं रुका। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ धीरे-धीरे भारतीय जनता पार्टी का गढ़ बनती चली गई।

Abhishek Mishra
Published on: 28 April 2024 6:45 AM GMT
Loksabha Elections: लखनऊ से इस पूर्व प्रधानमंत्री ने लड़े सबसे ज्यादा चुनाव, लगातार पांच बार रहे सांसद
X

Loksabha Elections: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के नाम लखनऊ लोकसभा सीट से सबसे ज्यादा बार चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके साथ ही उनके पास सीट से सर्वाधिक बार सांसद चुने जाने का कीर्तिमान है। वह इस सीट से लगातार पांच बार सांसद चुने गए थे। बता दें कि लखनऊ लोकसभा सीट पर हुए चुनावों में पूर्व प्रधानमंत्री ने सात बार हिस्सा लिया।

अटल बिहारी बाजपेई ने लड़े सर्वाधिक चुनाव

लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से अटल बिहारी बाजपेई ने कुल सात चुनाव लड़े। जिनमें उन्होंने पांच बार जीत दर्ज की। शुरुआत के दो चुनावों में अटल को हार का सामना करना पड़ा। लेकिन वर्ष 1991 से जीत का को कारवां शुरू हुआ वह कई सालों तक नहीं थमा। जब तक वह राजनीति में सक्रिय रहे तब तक जीतते रहे। पूर्व प्रधानमंत्री ने लगातार पांच बार जीत हासिल कर इतिहास रच दिया।

दूसरे नंबर पर कांग्रेस की पूर्व सांसद

लोकसभा सीट से सबसे अधिक बार चुनाव लड़ने के मामले में कांग्रेस की शीला कौल दूसरे स्थान पर हैं। शीला ने क्षेत्र से चार बार चुनाव लड़े। उन्हें तीन चुनावों में सफलता हासिल हुई। वह सिर्फ एक चुनाव हारीं। इमरजेंसी के बाद वर्ष 1977 के आम चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। शीला कौल ने कांग्रेस के टिकट पर 1971, 1980 और 1984 के लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मामी थीं।

आज तक नहीं रुका भाजपा का विजय रथ

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने लखनऊ लोकसभा से 1991 में पहली बार जीत दर्ज की। इसके बाद से आज तक सीट से भाजपा का विजय रथ कभी नहीं रुका। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ धीरे-धीरे भारतीय जनता पार्टी का गढ़ बनती चली गई। अटल की पहली जीत के बाद से 2019 तक लखनऊ में भाजपा का परचम लहराता रहा है।

राजनाथ सिंह के कंधो पर जिम्मेदारी

लखनऊ लोकसभा के वर्तमान सांसद राजनाथ सिंह इस बार सीट से तीसरा चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री के बाद अब लोकसभा सीट की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। वह अब तक दो चुनाव जीते हैं। आगामी लोकसभा चुनावों में सीट पर जीत के साथ राजनाथ सिंह लगातार तीन बार जीतने वाले दूसरे सांसद बन जाएंगे।

Abhishek Mishra

Abhishek Mishra

Correspondent

मेरा नाम अभिषेक मिश्रा है। मैं लखनऊ विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने हिंदुस्तान हिंदी अखबार में एक साल तक कंटेंट क्रिएशन के लिए इंटर्नशिप की है। इसके साथ मैं ब्लॉगर नेटवर्किंग साइट पर भी ब्लॉग्स लिखता हूं।

Next Story