×

Priyanka Gwalior Rally:प्रियंका गांधी का पीएम मोदी और शिवराज पर बड़ा हमला, मणिपुर, सीधी पेशाब कांड और घोटालों पर घेरा

Priyanka Gandhi Gwalior Rally: ग्वालियर पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी ने सबसे पहले रानी लक्ष्मी बाई के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मेला मैदान पहुंचकर कांग्रेस की बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया।

Anshuman Tiwari
Published on: 21 July 2023 9:23 AM GMT
Priyanka Gwalior Rally:प्रियंका गांधी का पीएम मोदी और शिवराज पर बड़ा हमला, मणिपुर, सीधी पेशाब कांड और घोटालों पर घेरा
X
Priyanka Gandhi Gwalior Rally

Priyanka Gandhi Gwalior Rally: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रियंका गांधी आज ग्वालियर के दौरे पर पहुंचीं। 12 जून को जबलपुर का दौरा करने के बाद प्रियंका गांधी ने आज केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में चुनावी सभा करके हुंकार भरी। कांग्रेस की ओर से पिछले कई दिनों से इस चुनावी सभा की तैयारियां की जा रही थीं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह समेत कई नेताओं ने कई दिनों से ग्वालियर में डेरा डाल रखा था।

ग्वालियर पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी ने सबसे पहले रानी लक्ष्मी बाई के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मेला मैदान पहुंचकर कांग्रेस की बड़ी चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमले किए। प्रियंका गांधी ने मणिपुर,सीधी पेशाब कांड, बेरोजगारी, महंगाई और विभिन्न घोटालों का जिक्र करते हुए केंद्र और राज्य सरकार को घेरा।

पुरानी पेंशन बहाल करेगी कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने कहा कि जिन राज्यों में हमारी सरकारें हैं, वहां हमने अपने वादे पूरे किए हैं। मध्य प्रदेश के लोगों के लिए भी हम कुछ गारंटी लेकर आए हैं। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम इन वादों को पूरा करने का काम करेंगे। प्रियंका ने पुरानी पेंशन के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास लोन माफ करने के लिए पैसे हैं मगर आपको पेंशन देने के लिए नहीं।

जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार आए हैं वहां हमने पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया है और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर यहां भी पुरानी पेंशन की स्कीम को लागू किया जाएगा। प्रियंका गांधी ने यह वादा करके सरकारी कर्मचारियों का समर्थन पाने की कोशिश की है। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर पांच सौ रुपए में गैस सिलेंडर मुहैया कराने और महिलाओं के खाते में 1500 रुपए भेजने का भी ऐलान किया।

मणिपुर और एमपी के घोटालों पर घेरा

प्रियंका गांधी ने सीधी पेशाब कांड का जिक्र करते हुए शिवराज सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ने एक आदिवासी पर पेशाब करके अपनी मानसिकता का परिचय दे दिया। उन्होंने शिवराज की सरकार को घोटालों की सरकार बताते हुए पटवारी भर्ती घोटाला और महाकाल लोक घोटाले का जिक्र भी किया। सेना में अग्निवीर भर्ती स्कीम का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार को घेरा।

प्रियंका ने कहा कि मणिपुर कई महीने से जल रहा है मगर इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने इतने दिनों तक चुप्पी साधे रखी। उन्होंने जब मणिपुर को लेकर बयान दिया है तो उसमें भी राजनीति करने से बाज नहीं आए। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस उद्योगपति को सारी संपत्ति सौंप दी है वह एक दिन में 1600 करोड़ रुपए की कमाई कर रहा है वही हमारा किसान एक दिन में 27 रुपए भी नहीं कमा पा रहा है।

प्रधानमंत्री ने किया विपक्षी नेताओं का अपमान

विपक्ष की एकजुटता का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष की बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने विपक्ष के सारे नेताओं को चोर बता डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सभी विपक्षी नेताओं का अपमान किया है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं आपके बीच पीएम मोदी, शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया पर काफी देर बोल सकती हूं मगर मैं आपके बीच आपकी समस्याओं पर चर्चा करने आई हूं।

प्रियंका गांधी ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे का प्रमुखता से जिक्र किया और कहा कि देश की जनता महंगाई के बोझ तले पिसती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने वादे पर खरी उतरती रही है। इसलिए राज्य के लोगों को चुनाव के दौरान बहुत सोच समझकर फैसला लेना होगा।

कमलनाथ का शिवराज सरकार पर हमला

प्रियंका से पूर्व चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को झूठ बोलने वाली मशीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान ने नौजवानों, आदिवासियों और यहां तक कि मां नर्मदा से भी झूठ बोला। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ झूठ बोलने वाली मशीन अब डबल स्पीड से चलने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव प्रदेश का भविष्य तय करेगा। अपने संक्षिप्त शासनकाल के दौरान मैंने प्रदेश की जनता के हित में कई बड़े फैसले किए थे। हम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे मगर इस बीच सौदेबाजी करके हमारी सरकार गिरा दी गई। अब विधानसभा के चुनाव चार महीने दूर हैं तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को समाज के हर वर्ग की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि मुझे ग्वालियर चंबल संभाग के मतदाताओं पर पूरा भरोसा है।

सिंधिया ने गद्दारी का इतिहास दोहराया

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराजा सिंधिया के आग्रह पर रानी लक्ष्मीबाई यहां आई थीं। उस समय अगर महाराजा ने रानी लक्ष्मीबाई की मदद कर दी होती तो देश उसी समय आजाद हो गया होता। मध्यप्रदेश में एक बार फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया गया। 166 साल बाद इसी खानदान के एक व्यक्ति ने कांग्रेस के साथ गद्दारी की। अपनी संपत्ति बचाने के लिए कांग्रेस की सरकार को गिराने का काम किया।

सांसद विवेक तंखा और नकुल नाथ ने भी मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार के कार्यकाल में जमकर घोटाले किए गए और प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है। अब मध्य प्रदेश में 20 साल बाद कांग्रेस की तपस्या एक बार फिर सफल होने वाली है।

ग्वालियर संभाग की सियासी स्थिति

मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग में ग्वालियर के अलावा अशोकनगर, दतिया, शिवपुरी और गुना जिले शामिल हैं। इन 5 जिलों में विधानसभा की 21 सीटें हैं और इन क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच हमेशा कड़ा मुकाबला होता रहा है। ग्वालियर संभाग को ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता रहा है और इसी कारण ग्वालियर में प्रियंका के चुनावी सभा का कार्यक्रम रखा गया है।

सिंधिया के कारण ही 2020 में भाजपा मध्यप्रदेश में बड़ा सियासी खेल करने में कामयाब हुई थी। सिंधिया की अगुवाई में पार्टी के कई विधायकों ने 2020 में सामूहिक इस्तीफा दे दिया था इसके बाद राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए थे जिसमें भाजपा अपनी ताकत दिखाने में कामयाब रही थी।

2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को ग्वालियर संभाग की 16 सीटों पर जीत हासिल हुई थी मगर उपचुनाव के दौरान भाजपा ने अपनी ताकत दिखाई थी। उपचुनाव के दौरान भाजपा ने 6 सीटें जीतकर कांग्रेस को बैकफुट पर धकेल दिया था मौजूदा समय में ग्वालियर संभाग की 11 सीटें भाजपा और 10 सीटर कांग्रेस के पास हैं।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story