×

Nagaland Elections 2023: कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पॉलिसी- वोट पाओ और भूल जाओ: पीएम मोदी

Nagaland Elections 2023: पीएम मोदी ने कहा कि नागालैंड की सांस्कृतिक विविधता से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं। नागालैंड में विकास और विश्वास की लहर चल रही है।

Jugul Kishor
Published on: 24 Feb 2023 8:11 AM GMT (Updated on: 24 Feb 2023 9:58 AM GMT)
Nagaland Elections 2023
X

पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करते हुए (Pic: Social Media)

Nagaland Elections 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नागालैंड के दीमापुर के चुमुकेदिमा में सार्वजनिक रैली में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने दीमापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नागालैंड की सांस्कृतिक विविधता से मैं हमेशा प्रभावित रहा हूं। नागालैंड में विकास और विश्वास की लहर चल रही है। यहां भाजपा और नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) सरकार के लिए इतना समर्थन आज इसलिए है क्योंकि हम नॉर्थ ईस्ट के तेज विकास का संकल्प लेकर दिन-रात काम कर रहे हैं।

कांग्रेस ने नागालैंड की सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाया: पीएम मोदी

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों की पॉलिसी रही है-वोट पाओ और भूल जाओ। कांग्रेस के दिल्ली के नेता नागालैंड की तरफ देखते तक नहीं है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारों ने अपनी राजनीति में नागालैंड की स्थिरता और समृद्धि को कभी भी महत्व नहीं दिया। कांग्रेस ने नागालैंड की सरकार को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाया। दिल्ली से लेकर दिमापुर तक इन्होंने परिवारवाद को ही प्राथमिकता दे रखी थी, लेकिन हमारी सरकार ने पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए दिल्ली की सरकार की सोच को ही बदल दिया है। कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को ATM माना हुआ था। सरकार का पैसा जनता तक नहीं, बल्कि करप्ट पार्टियों की तिजोरी में पहुंचता था।

पिछले 9 सालों में हिंसा की घटनाओं में लगभग 75% की कमी आई: पीएम मोदी

केंद्र सरकार आज नागालैंड के हजारों परिवारों को मुफ्त राशन दे रही है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम पूर्वोत्तर के 8 राज्यों को कांग्रेस की तरह ATM नहीं बल्कि हमारे लिए तो ये 'अष्ट लक्ष्मी' हैं। अपने ही लोगों पर अविश्वास करके देश नहीं चलता, देश चलता है अपने लोगों का सम्मान करके, उनकी समस्याओं का समाधान करके। पहले जहां नॉर्थ-ईस्ट में विभाजित करने की राजनीति चलती थी उसको हमने अलौकिक शासन मॉडल में बदला है। नागालैंड के लिए हमारा मंत्र शांति, प्रगति और समृद्धि रहा है। इसलिए लोग BJP-NDPP पर भरोसा करते हैं। पिछले कुछ सालों में कई युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है। पिछले 9 सालों में नागालैंड में हिंसा की घटनाओं में लगभग 75% की कमी आई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार नागालैंड के युवाओं का पर्यटन से लेकर प्रौद्योगिकी और खेल से लेकर स्टार्टअप तक कदम-कदम पर साथ दे रही है। कोहिमा में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क एक बड़ी पहल है। NDA सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। हम गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं के विकास पर बहुत अधिक फोकस कर रहे हैं और इसीलिए हमारी हर योजना में इन वर्गों को प्राथमिकता दी जा रही है।बता दें कि नागालैंड की 60 विधानसभा सीटों के लिए 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। जबकि 2 मार्च को चुनाव परिणाम आएंगे।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story