×

Rajasthan Assembly Elections: राजस्थान में कांग्रेस का महिलाओं पर बड़ा दांव, सालाना दस हजार देने का वादा, एक करोड़ से अधिक परिवारों को पांच सौ में मिलेगा सिलेंडर

Rajasthan Assembly Elections: राजस्थान में कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़ा सियासी दांव चल दिया है। पार्टी ने दोबारा सत्ता में आने पर हर परिवार की महिला मुखिया को दस हजार रुपए सालाना देने का वादा किया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 25 Oct 2023 11:23 AM GMT
Rajasthan Assembly Elections: राजस्थान में कांग्रेस का महिलाओं पर बड़ा दांव, सालाना दस हजार देने का वादा, एक करोड़ से अधिक परिवारों को पांच सौ में मिलेगा सिलेंडर
X

Rajasthan Assembly Elections: राजस्थान में कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए बड़ा सियासी दांव चल दिया है। पार्टी ने दोबारा सत्ता में आने पर हर परिवार की महिला मुखिया को दस हजार रुपए सालाना देने का वादा किया है।इसके साथ ही राजस्थान के एक करोड़ पांच लाख परिवारों को पांच सो रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया गया है। अभी तक सिर्फ उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को ही पांच सो रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है।

राजस्थान के विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच पिछले कई चुनावों की तरह कड़ा मुकाबला हो रहा है। भाजपा कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश में जुटी हुई है और ऐसे में कांग्रेस की ओर से की गई इन घोषणाओं को बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है।

Photo- Social Media

मोदी सरकार पर प्रियंका का तीखा हमला

दरअसल कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज राजस्थान के झुंझुनू दौरे पर पहुंची। झुंझुनू में आयोजित चुनावी सभा के दौरान प्रियंका की मौजूदगी में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से इन बड़ी घोषणाओं का ऐलान किया गया। चुनावी सभा में अपने संबोधन के दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पब्लिक सेक्टर कंपनियों से रोजगार का सृजन होता था मगर इन कंपनियों को सरकार अपने दोस्त उद्योगपतियों को बेचने की साजिश में जुटी हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार की बातों में कोई दम नहीं है। महिला आरक्षण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं मगर सच्चाई सबको पता है। पंचायतों में महिलाओं को सबसे पहले कांग्रेस ने ही आरक्षण दिया था। संसद में महिलाओं को आरक्षण के लिए कानून बनाया गया मगर आरक्षण कब मिलेगा,इस बात की जानकारी किसी को नहीं है।

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी: Photo- Social Media

कर्मचारियों के लिए सरकार के पास पैसा नहीं

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने का वादा किया है। भाजपा को राज्य कर्मचारियों के हितों के लिए उठाया गया यह कदम मंजूर नहीं है। केंद्र सरकार के पास कर्मचारियों को देने के लिए पैसे नहीं है मगर इन्होंने 16,000 करोड़ रुपए के दो हवाई जहाज अपनी सुख सुविधा के लिए खरीद लिए। कर्मचारियों को देने के लिए मोदी सरकार के पास पैसा नहीं है मगर संसद की नई बिल्डिंग पर हजारों करोड़ रुपए फूंक दिए गए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आने पर सभी नेता भाषण देकर चले जाते हैं। कभी-कभी महसूस होता है कि सारे नेता एक ही भाषण दिया करते हैं। हम उनके ऊपर आरोप लगाते हैं और वे हमारे ऊपर आरोप लगाते हैं। इससे अच्छा तो यह होगा कि एक ही मंच पर डिबेट कर ली जाए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

कई नेताओं ने थाना कांग्रेस का दामन

झुंझुनू की चुनावी सभा के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय महिला आयोग के पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। किशनगढ़ सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके विकास चौधरी ने भी कांग्रेस की नीतियों में भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता हासिल की। धौलपुर से विधायक शोभारानी कुशवाहा ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को वोट देने के बाद भाजपा की ओर से कुशवाहा को निष्कासित कर दिया गया था।

राजस्थान के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी खासी सक्रिय दिख रही हैं। वे अभी तक राज्य में दो चुनावी सभाएं कर चुकी हैं और आज उन्होंने राजस्थान की तीसरी चुनावी सभा को संबोधित किया है। प्रियंका गांधी के जरिए कांग्रेस महिला मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में जुटी हुई है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story