×

Asia Cup 2022: टीम इंडिया सात बार जीत चुकी है एशिया कप, जानिए कौन खिलाड़ी तोड़ सकता है तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड

Asia Cup 2022 Latest Update: एशिया कप में आज भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा। ऐसे में एशिया कप का इतिहास जानना भी जरूरी है। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी ।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 28 Aug 2022 7:41 AM GMT
Asia Cup 2022 Latest Update
X

टीम इंडिया सात बार जीत चुकी है एशिया कप: Photo- Social Media

Click the Play button to listen to article

Asia Cup 2022 Latest Update: एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) की शुरुआत हो चुकी है। शनिवार को खेले गए पहले मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने श्रीलंका को 59 गेंदें शेष रहते आसानी से आठ विकेट से हरा दिया। अब क्रिकेट फैंस को आज भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच खेले जाने वाले मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है। इस मैच पर पूरी दुनिया की निगाहें लगी हुई हैं और इसे फाइनल से पहले ही फाइनल जैसे मुकाबले वाला मैच माना जा रहा है। एशिया कप में आज भारत अपने अभियान की शुरुआत करेगा। ऐसे में एशिया कप का इतिहास (history of asia cup) जानना भी जरूरी है। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और टीम इंडिया अभी तक 7 बार एशिया कप जीतने में कामयाब रही है।

यदि एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा जाए तो दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया की ओर से एशिया कप में अभी तक सर्वाधिक रन बनाए हैं। तेंदुलकर ने एशिया कप में 971 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है और उनका रिकॉर्ड अभी तक तोड़ा नहीं जा सका है। हालांकि टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा उनके रिकॉर्ड के काफी करीब पहुंच चुके हैं।

दो कप्तानों ने दिलाई दो-दो बार जीत

भारत ने एशिया कप में 7 बार जीत हासिल की है और इस मामले में सबसे सफल कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammad Azharuddin) और महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) रहे हैं। इन दोनों की कप्तानी में टीम इंडिया दो-दो बार एशिया कप ट्रॉफी जीत चुकी है। इन दोनों कप्तानों के अलावा सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर और रोहित शर्मा ने भी अपनी कप्तानी में एक-एक बार टीम इंडिया को एशिया कप चैंपियन बनाने में कामयाबी हासिल की है। सौरव गांगुली और विराट कोहली की कप्तानी में भारत कभी एशिया कप चैंपियन नहीं बन सका।

मोहम्मद अजहरुद्दीन : Photo- Social Media

1984 में एशिया कप के पहले एडिशन में भारत ने सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) की कप्तानी में जीत हासिल की थी। 1988 में दिलीप वेंगसरकर की कप्तानी में भारत श्रीलंका को हराकर दूसरी बार चैंपियन बना था। 1990 और 1995 में मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को हराकर एशिया कप खिताब जीता था।

धोनी ने किया था कमाल

इसके बाद एशिया कप में भारत को लंबे समय तक हार मिलती रही। 1997, 2000, 2004 और 2008 में भारत को हार का मुंह देखना पड़ा। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 2010 में हार का सिलसिला तोड़ते हुए एशिया कप जीता था। 2016 में भी धोनी की कप्तानी में भारत ने बांग्लादेश को हराकर एशिया कप जीतने में कामयाबी हासिल की थी। पहली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत एक बार फिर एशिया कप जीतने में कामयाब रहा था। इस बार फिर भारत की कप्तानी रोहित शर्मा के ही हाथों में है। ऐसे में भारत के फैंस को टीम इंडिया से काफी उम्मीदें हैं।

तेंदुलकर के रिकॉर्ड के करीब रोहित शर्मा

एशिया कप में रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) सबसे आगे हैं। सचिन तेंदुलकर ने लंबे समय तक टीम इंडिया (team india) का प्रतिनिधित्व किया और उन्होंने एशिया कप में 971 रन बनाए। टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा सचिन से ज्यादा पीछे नहीं हैं। उन्होंने एशिया कप में अभी तक 833 रन बनाए हैं। माना जा रहा है कि इस बार के एशिया कप के दौरान रोहित शर्मा सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

सचिन तेंदुलकर : Photo- Social Media

एशिया कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने एशिया कप के मैचों में अभी तक 766 रन बनाए हैं। अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को दो बार एशिया कप चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने एशिया कप में 690 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। टीम इंडिया के प्रारंभिक बल्लेबाज शिखर धवन रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर हैं और उन्होंने अभी तक 613 रन बनाए हैं।

कप्तान रोहित शर्मा: Photo- Social Media

टीम इंडिया आज पाकिस्तान के खिलाफ मैच के साथ इस बार एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम इंडिया के फैंस को आज के मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। इस बार यदि टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Captain Rohit Sharma) अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे तो वे सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब हो सकते हैं।।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story