×

West Bengal: सुंदरबन की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पहली बार BSF की महिला जवानों की तैनाती, घने जंगलों से घिरा है ये इलाका

West Bengal News: बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर महिला जवानों के हाथों में सीमा सुरक्षा की कमान सौंपी है। महिला जवान सुंदरबन की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी करेंगी।

aman
Written By aman
Published on: 19 Dec 2022 3:33 PM GMT (Updated on: 19 Dec 2022 3:38 PM GMT)
women bsf guards deployment first time in sundarbans forests and rivers area in west bengal
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के सुंदरवन क्षेत्र में बांग्लादेश से लगी विशाल सीमा की कमान अब महिला जवानों के हाथों में होगी। भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर (South Bengal Frontier) ने बड़ा कदम उठाते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बढ़ाया है।

आपको बता दें, भारत-बांग्लादेश की ये अंतरराष्ट्रीय सीमा काफी बड़ी है। इस वृहद जलीय सीमा की सुरक्षा में अब बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की महिला प्रहरी भी नजर आएंगी। BSF के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर ने बड़ा कदम उठाते हुए पहली बार इस दलदली इलाके और चारों तरफ विशाल घने जंगलों तथा नदियों से घिरे दुर्गम इलाकों (Bangladesh-India International Border) से गुजरने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए महिला सशक्तिकरण (Women Empowerment) की प्रतीक महिला जवानों को तैनात किया है।

महिला प्रहरियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी

इस संबंध में बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि, इस भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के इस क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने के लिए कुछ महीने पहले तैनात किए गए BSF के छह नए फ्लोटिंग बीओपी यानी पानी में तैरते सीमा चौकी में से एक 'बीओपी गंगा' (BOP Ganga) से सुरक्षा की जिम्मेदारी अब पूरी तरह महिला प्रहरियों के कंधों पर होगी। इस बीओपी से सीमा सुरक्षा का मोर्चा अब महिलाओं ने संभाला लिया है। महिला जवान 'लड़ाकू भूमिका' में स्वतंत्र रूप से नजर आएंगी। ज्ञात हो, दो दिन पूर्व एक कार्यक्रम में महिलाओं को ये जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इतिहास में पहली बार उठाया ये कदम

दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के प्रवक्ता व डीआईजी अमरीश कुमार आर्य (DIG Amrish Kumar Arya) के अनुसार, BSF के इतिहास में ये पहली बार है जब सुंदरवन जैसे दुर्गम इलाकों में एक फ्लोटिंग बीओपी के संचालन तथा सीमा पेट्रोलिंग के लिए महिला जवानों की तैनाती की गई है। अमरीश आर्य ने बताया कि, फिलहाल महिला जवानों की एक टुकड़ी को यहां तैनात किया गया है। इस टुकड़ी में 15 से 20 जवान होते हैं।

बेहद चुनौतीपूर्ण है इस क्षेत्र में सुरक्षा

आपको बता दें, बंगाल के उत्तर तथा दक्षिण 24 परगना (South 24 Parganas) जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के बीच सैकड़ों किलोमीटर में फैले सुंदरवन क्षेत्र (Sundarbans region) की सुरक्षा बेहद चुनौतीपूर्ण है। इस इलाके में मवेशियों और मादक पदार्थों की तस्करी (Drug Trafficking) एवं घुसपैठ बड़ी समस्या रही है। घने जंगल तथा चारों ओर पानी से घिरे इस हिस्से में स्थायी चौकी की बजाय बड़े जहाज को 'फ्लोटिंग बीओपी' में तब्दील कर BSF 24 घंटे निगरानी करती है। इस इलाके में रायमंगल और इच्छामती जैसी नदियों के बीच से दोनों देशों की सीमा गुजरती है। ऐसे में बेहद कठिन हालात में यहां ड्यूटी दुष्कर कार्य है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story