×

Auraiya: लव-मैरिज से नाराज पिता ने किया बेटी का अंतिम संस्कार, बेटों के साथ मुड़वाया सिर,...'वो मेरे लिए मर गई'

Auraiya News: पिता ने कहा, हमारा परिवार गम में है। बेटी ने उनकी मर्जी के बगैर शादी कर ली और घर छोड़ कर चली गई। आज से वो हमारे लिए मर चुकी है। उससे हमारा कोई वास्ता नहीं।

aman
Written By aman
Published on: 11 March 2023 3:24 PM GMT (Updated on: 11 March 2023 3:26 PM GMT)
Auraiya News
X

नाराज पिता ने मुंडवाया सिर (Social Media)

Auraiya News :उत्तर प्रदेश के औरैया जिले (Auraiya) में एक पिता अपनी बेटी के प्रेम-विवाह से इस कदर नाराज हुआ कि, उसने सिर मुंडवाने के साथ अंतिम संस्कार और सांकेतिक 'पिंडदान' तक कर डाला। सभी कर्म करने के बाद पिता ने कहा, 'अब मेरी बेटी मेरे लिए मर चुकी है।' दूसरी तरफ, थाना पुलिस ने कोर्ट मैरिज के कागजात देखने के बाद लड़की को प्रेमी के साथ जाने दिया। घर की बेटी के इस कदम से परिवार बुरी तरह आहत है।

बताया जाता है जब थाना पुलिस ने कागजात देख लड़की को प्रेमी संग जाने दिया तो यह जानकर घर आकर भाई ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसने जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ती देख उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां गंभीर हालत में उसे रेफर कर दिया गया है।

जानें क्या है मामला?

ये मामला औरैया जिले के दिबियापुर (Dibiyapur) कस्बे की है। एक 19 वर्षीय लड़की को मोहल्ले के ही सर्राफा व्यापारी के बेटे से प्यार हो गया। कस्बे के लोग बताते हैं दोनों का प्रेम-प्रसंग पिछले दो सालों से चल रहा था। दुकान आते-जाते समय सर्राफ का बेटा शिवा (प्रेमी) हर दिन रागिनी (प्रेमिका) के घर की ओर से गुज़रता था। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ता गया। समय के साथ दोनों में मेल-जोल बढ़ने लगा। साथ ही, दोनों का प्यार परवान भी चढ़ रहा था। दोनों ने एक साथ रहने का भी फैसला लिया। दोनों के प्यार की खबर परिजनों और लड़की के भाईयों तक को भी नहीं लगी।

'हर ख्वाहिश पूरी की, उसने एक बार न सोचा'

वहीं, लड़की की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता का कहना है कि बचपन से लेकर बड़े होने तक उन्होंने अपनी बेटी की हर ख्वाहिश का ख्याल रखा। जब जो मांगा उसे पूरा किया। लेकिन, बेटी ने अपनी मर्जी से शादी कर ली। उसने ये भी नहीं सोचा कि उसके परिवार का क्या होगा? पिता ने मीडिया के सामने गुजारिश की अब वो (बेटी) उनकी आंखों के सामने कभी न आए। परिवार के सभी लोग मानसिक तौर पर परेशान हो चुके हैं।

पिता बोले- बेटी को बेटों की ही तरह खूब पढ़ाया

लड़की के पिता का बताते हैं, 'बेटी ने उनकी मर्जी के बिना दूसरे लड़के से शादी कर ली। घर छोड़कर चली गई। पिता कहते हैं, उन्होंने बेटी को बेटों की ही तरह खूब पढ़ाया। अभी उसने बीएससी की। डी फार्मा के लिए फार्म भरवाया, लेकिन उसने मना कर दिया। मेंहदी और डांस जैसे कोर्स भी करवाए। मगर, आज उसने ये फैसला बिना मेरी मर्जी के लिया। उसने बिना बताए शादी कर ली। मेरे लिए बेटी मर चुकी है।'

उसने एक बार भी नहीं सोचा, परिवार का क्या होगा?

लड़की के पिता ने कहा, हमने लड़के वालों को घर बुलाया। उन्हें समझाने की भी कोशिश की। लेकिन, उन्होंने उल्टा हमारे साथ ही मारपीट की। मामला थाने पहुंचा। पुलिस वालों ने भी उसे समझाने की कोशिश की लेकिन बेटी नहीं मानी। उसने एक बार भी नहीं सोचा कि उसके परिवार वालों का क्या होगा? उन पर क्या गुजरेगी? उन्होंने कहा कि अपने परिवार के बारे में सोचे बिना उनकी बेटी लड़के के साथ चली गई।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story