×

UP Politics: टीम इंडिया की जीत के जरिए अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, कहा-PDA कर देगा BJP का श्रीलंका जैसा हाल

UP Politics: टीम इंडिया ने 357 रनों का बड़ा स्कोर बनाने के बाद मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका की टीम को 55 रनों पर ढेर कर दिया था। सपा मुखिया ने भारत की इस बड़ी जीत के जरिए भाजपा पर तंज कसा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 Nov 2023 4:46 AM GMT (Updated on: 3 Nov 2023 4:59 AM GMT)
Akhilesh Yadav attack on BJP
X

Akhilesh Yadav attack on BJP  (photo: social media )

UP Politics: समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्ल्ड कप में श्रीलंका पर भारत की बड़ी जीत का उल्लेख करते हुए भाजपा पर करारा तंज कसा है। मुंबई में गुरुवार को खेले गए मैच के दौरान टीम इंडिया ने श्रीलंका पर 302 रनों की बड़ी जीत हासिल की थी।

टीम इंडिया ने 357 रनों का बड़ा स्कोर बनाने के बाद मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका की टीम को 55 रनों पर ढेर कर दिया था। सपा मुखिया ने भारत की इस बड़ी जीत के जरिए भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भारत ने क्रिकेट में जो हाल श्रीलंका की टीम का कर दिया, वही हाल पीडीए भाजपा का कर देगा।

अखिलेश यादव ने कसा भाजपा पर तंज

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव हाल के दिनों में पीडीए को समाजवादी पार्टी का ब्रह्मास्त्र बताते रहे हैं। पीडीए की व्याख्या उन्होंने पिछड़े,दलित और अल्पसंख्यक के रूप में की है। हाल में हुई सपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान भी उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को पीडीए का मंत्र दिया था। उनका कहना था कि इसके जरिए समाजवादी पार्टी को लोकसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी मिलेगी।

अब उन्होंने एक बार फिर पीडीए के फार्मूले का जिक्र किया है। मजे की बात यह है कि उन्होंने गुरुवार को मुंबई में भारत को श्रीलंका पर मिली बड़ी जीत का उल्लेख करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर टीम इंडिया की फोटो के साथ पोस्ट में लिखा कि इंडिया ने जो हाल करा क्रिकेट में श्रीलंका का, वही हाल 'PDA' कर देगा बीजेपी के डंका का।

अखिलेश यादव की ओर से पोस्ट की गई फोटो में मुख्य रूप से मोहम्मद शमी दिख रहे हैं जिन्होंने गुरुवार के मैच के दौरान सिर्फ 18 रन देखकर 5 विकेट हासिल किए थे और श्रीलंका की कमर तोड़ दी थी। मोहम्मद शमी के साथ इस फोटो में तीन विकेट हासिल करने वाले मोहम्मद सिराज, रविंद्र जडेजा और टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी दिख रहे हैं।

योगी ने की विश्व विजेता बनने की कामना

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टीम इंडिया की इस बड़ी जीत पर टीम को बधाई दी है। उन्होंने टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने की कामना भी की है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिख कि एक और असाधारण ऐतिहासिक विजय। श्रीलंका पर भारत की शानदार और अविस्मरणीय विजय की सभी देशवासियों और खेल प्रेमियों को हार्दिक बधाई एवं भारतीय क्रिकेट टीम के सभी सदस्यों का अभिनंदन। 'विश्व विजय' का संकल्प पूर्ण हो यही कामना है। जय हिंद।

अमरोहा के सांसद ने की शमी की तारीफ

अमरोहा के बसपा सांसद दानिश अली ने श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान मोहम्मद शमी के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश के शमी, क्रिकेट की दुनिया के शमी, मेरे अमरोहा के शमी, तुम पर हम सबको फख्र है। पांच विकेट लेकर श्रीलंका की धज्जियां उड़ाकर एक बार फिर तुमने भारत की फिजाओं में जादुई रंग भर दिया है। ऐसा जादू जो सर चढ़कर बोल रहा है।


Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story