×

Ambedkar Jayanti 2024: प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मनाई गई अंबेडकर जयंती

Ambedkar Jayanti 2024: आज 14 अप्रैल को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अंबेडकर जयंती मनाई गई। तमाम संगठन और राजनीतिक पार्टियों ने अपने-अपने तरीकों से जयंती मनाई।

Network
Newstrack Network
Published on: 14 April 2024 10:49 AM GMT (Updated on: 14 April 2024 12:38 PM GMT)
Ambedkar Jayanti 2024
X

Ambedkar Jayanti 2024 (Pic: Social Media)

Ambedkar Jayanti 2024: देश आज संविधान निर्माता माने जाने वाले बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जंयती मना रहा है। डॉ अंबेडकर ने देश की आजादी और सामाजिक सुधारों में महत्तवपूर्ण भूमिका निभाई है। दलित समाज के उत्थान के लिए उन्होंने हर संभव प्रयास किए। तमाम सामाजिक बंधनों के बाद भी अंबेड़कर ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। जिसकी बदौलत वो देश के कई बड़े पदों पर कार्यरत रहे। देश में समानता और न्याय के लिए उन्होंने भरसक प्रयास किया। देश के सभी हिस्सों में विभिन्न तरीकों से आज उनकी जन्म जयंती मनाई जा रही है।

तालाब में घुसकर मनाई गई अंबेडकर जयंती

Report- अनूप पांडे

Kanpur News: कानपुर के जूही इलाके में पिछले कई सालों से डॉ अंबेडकर की मूर्ती एक तालाब के बीच बदहाल हालत में पड़ी है। स्थानीय लोग हर वर्ष तालाब में घुसकर माल्यापर्ण करके जयंती मनाते हैं। आज फिर स्थानीय लोगों ने पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया के साथ तालाब में अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर जयंती मनाई। पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया विगत कई वर्षो से बाबा साहेब की जयंती मना रहे हैं। उनका कहना है कि कई सालों से प्रयास कर रहे है कि तालाब का सुंदरीकरण हो जाए। सभी जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसकी वजह से बाबा साहेब की मूर्ति की यह दशा बनी हुई है।


इस इलाके में धोबी घाट हुआ करता था और घाट में पनकी कैनाल नहर से पानी आता था। यह जमीन धोबी घाट के लिए दे दी गई। लेकिन वक्त बीतते धोबी घाट के लिए दी गई जमीन पर लोगों ने कब्जा करके उसको पूरी बस्ती का रूप दे दिया। पानी की निकासी ना होने के कारण घरों से निकला गंदा पानी बाबा साहब की मूर्ति के पास जमा होने लगा और तालाब में तब्दील हो गया।

डीएम ने डॉ. आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने का किया आह्वान

Report- हिमांशू श्रीवास्तव

Lakhimpur Kheri News: रविवार को जिलेभर में उत्साह, उल्लास और उमंग से संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव रामजी आम्बेडकर की जन्म जयंती मनाई गई। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्श को अनुकरणीय बताते हुए उनके सपनों को साकार करने का संकल्प दोहराया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने डॉ. आंबेडकर के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि संविधान निर्माता ने समाज को मुख्य धारा में जोड़ा। संविधान निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। डॉ. आंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके बताये रास्ते पर चल कर समाज का निर्माण करें और समाज को आगे बढ़ाएं। आज के इस पावन और पुनीत मौके पर उन्हें स्मरण करने से मन प्रफुल्लित हो उठता है।



संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई अंबेडकर जयंती

Report- सुनील शुक्ल

Chitrakoot News: डॉ0भीमराव अंबेडकर जयंती समिति चित्रकूट ने बड़े धूम धाम के साथ मनाई। समिति के मार्गदर्शन में एक भव्य शोभायात्रा सुबह से रथ, घोड़े, डीजे सहित हजारों संख्या में समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारी तथा ग्रामीण व समाज सेवियों के साथ पटेल तिराहे से होकर धुस मैदान नगर पालिका परिसर में एक बड़ी गोष्टी के रूप में तब्दील हुई। गोष्टी में सर्वप्रथम भगवान बुद्ध और बाबा साहब के प्रतिमा के समक्ष समिति के संरक्षक इं0 गुरु प्रसाद, एसडीओ, अध्यक्ष डॉ0 ज्ञान चंद बौद्ध एवम समिति के मुख्य पदाधीरियो द्वारा दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित किया गया। श्री रमेश चंद मौर्य जी द्वारा भगवान बुद्ध वंदना एवम् पंचशील कराया गया। भारतीय बौद्ध सभा के अध्यक्ष श्री गया प्रसाद द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना को पढ़ कर सपथ दिलाई गई।


गोष्टी में तमाम गणमान्य द्वारा भारत रत्न बाबा साहब के विचारो और उनके किए गए कार्यों, उनके जीवन की विभिन्न कठिनायों तथा उनकी शिक्षा के विषय में बताया गया। कार्यक्रम में डॉ0 अंबेडकर ज्ञान प्रतियोगिता में सफल छात्रों को नगद पुरस्कार एवम् प्रमाण पत्र मुख्य अथिति इं0 गुरु प्रसाद, द्वारा दिया गया।

संविधान बचाओ तानाशाही हटाओ के रूप मे मनाई बाबा साहेब की जयंती

Report- नीरज पाल

Ghaziabad News: गाजियाबाद में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी राज्यसभा सांसद व प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आम आदमी पार्टी की जनपद इकाई द्वारा डॉ. भीम राव अंबेडकर की 133 वीं जयंती संविधान बचाओ के रूप मे धूम धाम से मनायी गयी। आप जिलाध्यक्ष डॉ सचिन शर्मा ने बाबा साहब डॉ भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। डॉ सचिन शर्मा ने कहा कि आज बाबा साहब की जयंती पर हम सभी पार्टी के कार्यकर्ता शपथ लेते हैं कि देश की संविधान की रक्षा करेंगे तथा तानाशाही का विरोध करेंगे। आप प्रवक्ता. मीडिया प्रभारी अधिवक्ता मनोज त्यागी ने डॉ भीमराव अम्बेडकर को वंचितों का मसीहा बताते हुए उनके द्वारा रचित सविधान के संरक्षण कर लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने का आह्वान किया। गाजियाबाद मैं डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए संविधान बचाने का आवाहन किया गया। इस अवसर पर विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अधिवक्ता सुमित, देश बंधु जिला सचिव धीरेन्द्र प्रताप सिंह, जेपी सिंह, राहिसुदिन सैफी,अधिवक्ता अनिल हटेत, स्वतंत्र यादव, परविंदर प्रधान, रवि त्रिपाठी, नवल किशोर, मोहम्मद अकील आदि उपस्थित रहे।


राष्ट्र निर्माण के लिए संविधान के मूल आदर्शों को साथ लेकर चलें: डीएम

Report: नाथ बक्स सिंह

Ayodhya News: जिलाधिकारी नितीश कुमार ने भारतीय संविधान के निर्माता आधुनिक भारत के शिल्पकार ‘भारत रत्न‘ बाबा साहेब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर जी के 134 वी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में बाबा साहेब डॉ0 आम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा साहब के जीवन वृत्त से सीखने का प्रयास करने और उनके विचारों को अंतर्मन की गहराइयों में उतारने व अपने व्यक्तित्व में लायें। उन्होंने कहा कि सभी हमेशा अंतर्मन से वंचित लोगों का मदद करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विकास की धारा से जो कहीं ना कहीं पीछे रह गए हैं उनको भी अवसर देकर सबको एक धारा में लाकर समावेशी धारा से बनाए और समाज व देश को समावेशी रूप से आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि वैदिक काल में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है आज भी समाज व देश के उत्थान में महिलाओं की भूमिका/सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कर्मियों/अधिकारियों का विशेष दायित्व है कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाए और सभी वर्गों को साथ लेकर नए भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि डॉ आंबेडकर की मूल इकाई एवं संविधान का मूल आदर्श सबको अवसर की समानता सर्वाधिक महत्वपूर्ण है राष्ट्र निर्माण के लिए सभी को साथ लेकर चलना जरूरी है। इसे धरातल पर लाना हमारा दायित्व है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने डाॅ0 अम्बेडकर के जीवन के संघर्षों और कृतियों से सीख लेने की जरूरत बताई।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story