×

PS डॉ हरिओम ने स्वीकारा बुजुर्गों का रिक्वेस्ट, वृद्धाश्रम में गाए गीत, SC/ST एक्ट के दुरुपयोग पर बोले-...तो होगी रिकवरी

Amethi News: प्रमुख सचिव डॉ हरिओम ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से बात कर सरकार द्वारा भेजे जा रहे अनुदान को लेकर चर्चा की। वृद्धजनों द्वारा बार बार कहने पर डॉ हरिओम ने एक गाना भी गाया।

Surya Bhan Dwivedi
Published on: 8 Dec 2023 5:31 AM GMT (Updated on: 9 Dec 2023 5:31 AM GMT)
Amethi News
X

प्रमुख सचिव डॉ हरिओम कार्यक्रम में (Social Media)

Amethi News: उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ हरिओम अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे। यहां वृद्धाश्रम में गीत गाकर उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी। 'कभी कभी मेरे दिल में ख्याल आता है..' गीत सुनकर सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गए। वही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का जायजा लेने के बाद एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग के सवाल पर उन्होंने कहा कि, 'जहां दुरुपयोग के मामले मिलेंगे वहां रुपयों की रिकवरी भी हो सकती है।'

SC/ST एक्ट पर ये बोले डॉ. हरिओम

यूपी सरकार के समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ हरिओम अमेठी में एक दिवसीय दौरे पर थे। डॉ हरिओम ने मीडिया से बातचीत के दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट के दुरुपयोग के सवाल पर कहा कि, 'यह अधिनियम संविधान के तहत है। इसके लिए उपयुक्त व्यवस्था है उसी आधार पर एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा, अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत जब मुकदमे दर्ज होते हैं, तो पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर और समाज कल्याण विभाग के रिपोर्ट के आधार पर ही पैसा दिए जाते हैं।'

प्रति जोड़े पर 51 हजार खर्च करते हैं

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'यह देखना पड़ेगा की कौन सा ऐसा मामला है जहां पर गलतियां हैं। या फर्जी मुकदमे हैं। जांच के बाद उनसे पैसे की रिकवरी भी हो सकती है। आगे उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 208 लोगों का विवाह संपन्न हो रहा था। यह समाज कल्याण विभाग की बहुत बड़ी स्कीम है। जिसमें 51 हजार रुपए प्रति जोड़े हम खर्च करते हैं। 35 हजार रुपए लड़की के खाते में भेजे जाते हैं। 10000 रुपए का सामान देते हैं। 6000 रुपए हमारे आयोजन में खर्च होते हैं। इस तरह जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की देखरेख में यह योजना चलाई जा रही है।'

समाज कल्याण विभाग की कई योजनाएं

उन्होंने कहा, इसके अलावा, समाज कल्याण विभाग की तरफ से अन्य योजनाएं हैं। बुजुर्गों के लिए ओल्ड एज होम है। वहां भी हम जाएंगे। आश्रम पद्धति स्कूल हैं। ओल्ड एज पेंशन है। इस तरह की स्कीम हैं। जिन लोगों के साथ अत्याचार होता है उनको हम पैसा देते हैं । इस तरह तमाम योजनाएं चलती हैं। बहुत गंभीरता के साथ हम लोग इसका अनुश्रवण करते हैं ।जिलाधिकारी के अलावा मुझे भी जब समय मिलता है तो समय-समय पर हम उसकी देखरेख के लिए आते रहते हैं। उन्होंने वर-वधू के उज्जवल भविष्य की कामना की। डॉ हरिओम ने लाभार्थियों को उपहार सामग्री व विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया।

गेस्ट हाउस में की बैठक

जिले के तिलोई तहसील क्षेत्र के एक विद्यालय में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें 208 नवदंपतियों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम समाप्त होने पर प्रमुख सचिव डॉ हरिओम गौरीगंज पीडब्ल्यूडी गेस्ट पहुंचे। जहां पर उन्होंने जिले के सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। वहां अधिकारियों से सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी लिया।

वृद्धाश्रम भी गए

इसके बाद प्रमुख सचिव ने वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों से बात कर सरकार द्वारा भेजे जा रहे अनुदान को लेकर चर्चा की। वृद्धजनों द्वारा बार बार कहने पर डॉ हरिओम ने एक गाना भी गाया। वृद्धाश्रम में डॉ हरिओम ने वृक्षारोपण कर सभी वृद्धजनों को फल वितरित किए। भीषण ठंड से बचने को लेकर बचाव के तरीके भी बताए।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story