×

UP Accident: अमरोहा में भयंकर सड़क हादसा, कार और ट्रक के बीच भिड़ंत, बीजेपी नेता की मौत

UP Accident: जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन सिंह नूरपुर से अपने घर मुरादाबाद लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

Krishna Chaudhary
Published on: 25 Oct 2023 3:24 AM GMT (Updated on: 25 Oct 2023 3:34 AM GMT)
UP Accident
X

बीजेपी नेत्री सरिता सिंह की सड़क हादसे में मौत (सोशल मीडिया)

UP Accident: अमरोहा में बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। नौगावां सादात क्षेत्र एक कार और ट्रक के बीच भीषण भिड़त हो गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई। महिला की पहचान सरिता सिंह के रूप में हुई है, जो कि बीजेपी की नेत्री बताई जा रही हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन सिंह नूरपुर से अपने घर मुरादाबाद लौट रही थीं। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

बीजेपी नेत्री खुद चला रही थीं कार

पुलिस ने बताया कि सरिता सिंह सोमवार देर रात करीब एक बजे अपनी कार से नूरपुर से मुरादाबाद जा रही थीं। कार वह खुद ड्राइव कर रही थीं और अकेले थीं। नौगावां सादात थाना क्षेत्र में नूरपुर-मुरादाबाद मार्ग पर कुमखिया पुलिस चौकी के सामने उनकी कार को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें कार से बाहर निकाला। लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थीं। गंभीर हालत में फौरन उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मुरादाबाद की कांशीराम कॉलोनी की रहने वाली सरिता भाजपा संगठन में चंद्रनगर मंडल की उपाध्यक्ष थीं। उनके पति का नाम रामरतन सिंह है।

पुलिस उनकी शिनाख्त तब कर पाई, जब उनके फोन पर परिवार वालों का कॉल आया। इसके बाद उन्हें हादसे के बारे में सूचित किया गया। परिजन देर रात ही जिला अस्पताल पहुंचे और मंगलवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद बॉडी अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर आरोपी अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story