×

Amroha News: समाधान दिवस में महिला ने मासूम के साथ किया आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप

Amroha News: हसनपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय अफरा-तफरी मच गयी। जब न्याय की गुहार लगाने आयी एक महिला ने मासूम बेटी के साथ आत्मदाह का प्रयास किया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 4 Nov 2023 11:03 AM GMT
amroha news
X

अमरोहा में समाधान दिवस पर महिला ने बेटी के साथ किया आत्मदाह का प्रयास (न्यूजट्रैक)

Amroha News: जिले के हसनपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय अफरा-तफरी मच गयी। जब न्याय की गुहार लगाने आयी एक महिला ने चार साल की मासूम बेटी के साथ आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आग लगाने से पहले ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को पकड़ लिया। बाद में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर कायस्थान मोहल्ले की रहने वाली सुमित्रा अपनी चार साल की बेटी चेष्टा को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची। जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी व पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ब्लाक सभागार में लोगों की फरियाद सुन रहे थे। परिसर में पहुंचते ही महिला ने खुद और बेटी पर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया और न्याय की मांग करने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने महिला को पकड़ लिया और उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर दूर फेंक दी। बाद में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

पीड़िता ने पुलिस पर लगाया आरोपियों की मदद का आरोप

बताया जाता है कि महिला का पति मधुसूदन उर्फ मधुआ वार्ड 14 से पार्षद का चुनाव लड़ रहा था। निकाय चुनाव प्रचार के दौरान ब्लॉक कॉलोनी में उसकी पिटाई कर दी गयी। जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एसडीएम के सरकारी वाहन चालक गणेश दत्त जोशी और एसडीएम के अर्दली चंदन के दो बेटों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।

पीड़िता ने पुलिस पर आरोपियों की मदद करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी के दो बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने मामले में आरोप पत्र भी दाखिल कर दिया है। महिला का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। महिला की मांग है कि उसे आर्थिक मदद भी दी जाए। इस मामले में जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित महिला को न्याय मिलेगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story