×

Lucknow News: कल्याण सिंह को सांस लेने में हो रही दिक्कत, पीजीआई पहुंचकर सीएम योगी ने जाना हाल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई है।

Raghvendra Prasad Mishra
Published on: 18 July 2021 9:15 AM GMT
Yogi Adityanath
X

पीजीआई पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री का हाल जानते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और पेट फूलने की समस्या के चलते ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। वहीं उनकी सेहत बिगड़ने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीजीआई पहुंचकर उनका हाल जाना है। पीजीआई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना भी पहुंचे थे। इस दौरान कल्याण सिंह ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री में नए संक्रमण व सेप्सिस की आशंका के चलते एंटीबायोटिक्स और एंटीफंगल का उपचार किया जा रहा है। हालांकि उनकी सेहत नियंत्रण में बताई जा रही है। ज्ञात हो कि कल्‍याण सिंह को 4 जुलाई की शाम लखनऊ एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उनका इलाज डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था। लेकिन हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें एसजीपीजीआई में शिफ्ट कर दिया गया था।

पीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमन ने जानकारी देते हुए बताया कि कल्याण सिंह को सांस लेने और पेट में दिक्कत है। इसके लिए उन्हें ऑक्सीजन थिरेपी दी गई। इसके अलावा पल्मोनरी मेडिसिन और पेट के डॉक्टरों ने उनके पेट की जरूरी जांच कराई है और उस आधार पर इलाज भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत में काफी सुधार आया था कि अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम पूर्व मुख्यमंत्री पर चौबीस घंटे नजर रख रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जिस हिसाब से उनकी सेहत में सुधार देखा गया था, उस हिसाब से जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। बताते चलें कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ राजस्थान के पूर्व राज्यपाल भी रह चुके हैं।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story